मोटोरोला ने अपना प्रोडक्ट पोर्टफोलियो बढ़ाते हुए ग्लोबल मार्केट में नया मिडरेंज स्मार्टफोन Moto G37 Power पेश किया है। यह बड़ी बैटरी वाला 5जी फोन है जिसे 7000mAh battery की ताकत के साथ बाजार में उतारा गया है। साथ ही 50MP Camera, 120Hz रिफ्रेश रेट वाली डिस्प्ले और 256GB Memory इस सस्ते 5जी फोन की बड़ी खूबियों में से एक है। मोटोरोला जी37 पावर फिलहाल विदेशी बाजारों में ही बिकेगा, जिसे बाद में इंडिया में लॉन्च किया जा सकता है। इस नए 5जी फोन की डिटेल्स आप आगे पढ़ सकते हैं।
सबसे पहले कीमत की बात करें तो मोटो जी37 पावर 5जी फोन को 279 यूरो में लॉन्च किया गया है। यह कीमत इंडियन करंसी अनुसार 30,999 रुपये के करीब है। इस मोबाइल में 4GB RAM के साथ 256GB storage दी गई है। मोटोरोला जी37 पावर जर्मनी में PANTONE Nautical Blue, PANTONE Impenetrable और PANTONE Capri कलर में बिकेगा। फिलहाल तो Moto G37 Power इंडिया लॉन्च की स्थिति साफ नहीं है लेकिन, अगर यह मोबाइल भारत आएग तो इसका प्राइस 18 से 20 हजार रुपये के आस-पास रहने की उम्मीद है।
मोटो जी37 पावर 5जी फोन को कंपनी की एक्सपेंडेबल रैम टेक्नोलॉजी से लैस किया है। मोबाइल 8जीबी तक की वचुर्अल रैम सपोर्ट करता है। यह फोन की 4जीबी फिजिकल रैम के साथ जुड़कर इसे 12GB RAM की ताकत देती है। प्रोसेसिंग के लिए इसमें 6नैनोमीटर फेब्रिकेशन्स पर बना MediaTek Dimensity 6300 चिपसेट दिया गया है जो 2.0गीगाहर्ट्ज़ से लेकर 2.2गीगाहर्ट्ज़ तक की क्लॉक स्पीड पर रन करने की क्षमता रखता है। वहीं ग्राफिक्स के लिए इसमें Arm Mali-G57 M2C GPU मौजूद है।
Motorola G37 Power 5G फोन 20.05:9 आस्पेक्ट रेश्यो पर बना है जो 1604 x 720 पिक्सल रेजोल्यूशन वाली 6.67-इंच की एचडी+ डिस्प्ले सपोर्ट करता है। यह एलसीडी पैनल पर बनी पंच-होल स्क्रीन है जिसपर 120हर्ट्ज़ रिफ्रेश रेट, 264पीपीआई और 1050निट्स हाई ब्राइटनेस का सपोर्ट मिलता है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए मोटो जी37 पावर 5जी फोन को कोर्निंग गोरिल्ला Glass 7i से प्रोटेक्ट किया गया है।
फोटोग्राफी के लिए मोटो जी37 पावर 5जी फोन डुअल रियर कैमरा सपोर्ट करता है। इसके बैक पैनल पर एलइडी फ्लैश से लैस एफ/1.8 अपर्चर वाला 50 मेगापिक्सल का मेन सेंसर दिया गया है जो सेकेंडरी थर्ड 2-इन-1 लाइट सेंसर के साथ मिलकर काम करता है। वहीं सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इस नए मोटोरोला 5जी स्मार्टफोन में 8 मेगापिक्सल फ्रंट कैमरा दिया गया है।
Moto G37 Power की सबसे बड़ी ताकत इसकी बैटरी है। स्मार्टफोन के नाम में इसी का इशारा मिलता है। पावर बैकअप के लिए जी37 पावर स्मार्टफोन में पावरफुल 7,000एमएएच लगाई गई है। कंपनी का दावा है कि फुल चार्ज करने के बाद इस मोबाइल को नॉर्मल यूज में 78 घंटे तक चलाया जा सकता है। वहीं फोन को तेजी से चार्ज करने के लिए इसमें 30W फास्ट चार्जिंग तकनीक दी गई है।
मोटो जी37 पावर 5जी फोन 6W reverse चार्जिंग तकनीक सपोर्ट करता है। इसके चलते स्मार्टफोन से दूसरे मोबाइल, इयरबड्स और स्मार्टवॉच जैसे डिवाइज चार्ज किए जा सकते हैं। मोटोरोला जी37 पावर MIL-STD-810H मिलिट्री ग्रेड सर्टिफाइड बॉडी पर बना है जो इसे मजबूत प्रदान करती है। वहीं मोबाइल को डस्ट और वॉटर प्रोटेक्शन देने के लिए इसे IP64 रेटिंग के साथ पेश किया गया है। इस फोन में वाईफाई, ब्लूटूथ, एनएफसी, 3.5mm हेडफोन जैक और साइड माउंटेड फिंगरप्रिंट सेंसर जैसे विकल्प मौजूद हैं।


