Feedback
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को कहा कि वह 9/11 आतंकी हमलों के पीड़ितों के परिवारों की उस मांग पर गौर करेंगे, जिसमें सऊदी अरब की कथित भूमिका से जुड़े रिकॉर्ड्स को सार्वजनिक करने की बात कही गई है. पीड़ित परिवार लंबे वक्त से इन डॉक्यूमेंट्स को डीक्लासिफाई कराने की कोशिश कर रहे हैं, ताकि सऊदी की संलिप्तता का दावा साबित किया जा सके. ये हमले 25 साल पहले हुए थे.
दरअसल, 9/11 आतंकी हमलों के पीड़ितों के परिवार 25 साल पहले हुए इन हमलों में सऊदी सरकार और चरमपंथियों की संलिप्तता स्थापित करने के लिए फाइलों को डीक्लासिफाई करने की मांग उठा रहे हैं.
सऊदी के थे 19 में से 15 हाइजैकर्स
पीड़ित परिवारों का लंबे वक्त से आरोप है कि सऊदी अरब में चरमपंथी धार्मिक नेताओं के एक ग्रुप ने वहां की सरकार में प्रभाव बनाकर हाइजैकर्स की मदद की थी. हमले में शामिल 19 हाइजैकर्स में से 15 सऊदी नागरिक थे. हालांकि, सऊदी अरब की सरकार ने इन आतंकी हमलों में किसी भी तरह की भूमिका या संलिप्तता से लगातार इनकार किया है. परिवारों ने ट्रंप से इस मामले से जुड़े सभी प्रासंगिक रिकॉर्ड्स को डीक्लासिफाई कर सार्वजनिक करने की अपील की है. ये मुद्दा सऊदी अरब के खिलाफ पीड़ितों के रिश्तेदारों की लंबी कानूनी लड़ाई का अहम हिस्सा रहा है.
ट्रंप ने किया समीक्षा का वादा
पीड़ित परिवारों की इसी मांग को देखते हुए अब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार को पीड़ितों के परिवारों की उस मांग पर समीक्षा करने का वादा किया है. रविवार को आयरलैंड से वाशिंगटन लौटने के लिए एयरफोर्स वन में सवार होने से ठीक पहले पूछे जाने पर ट्रंप ने कहा कि वह वापस जाकर इस मामले पर विचार करेंगे. उन्होंने स्वीकार किया कि परिवारों ने शुक्रवार को उनसे ये अपील की था.
‘झूठ बोलना बंद करे सऊदी’
वहीं, शुक्रवार को न्यूयॉर्क में आयोजित स्मरण कार्यक्रम के दौरान पीड़ित परिवार की सदस्य टेरी स्ट्राडा ने ट्रंप से अपील की थी कि वो सऊदी अरब से झूठ बोलना बंद करने को कहें. हमले में अपने पति टॉम स्ट्राडा को खोने वाली टेरी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपतियों ने पीड़ित परिवारों के साथ खड़े होने के बजाय सउदियों की रक्षा करना चुना. उन्होंने कहा कि ये लगातार धोखे जैसा रहा है, लेकिन राष्ट्रपति ट्रंप इसे बदल सकते हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू