गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि भारत ने वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद अपनी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार बनाए रखी है, पहली तिमाही में 7.8% जीडीपी विकास दर हासिल की।
भारत ने वैश्विक संकट में भी आर्थिक वृद्धि बनाए रखी: अमित शाह
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, पणजी। गृह मंत्री अमित शाह ने सोमवार को कहा कि भारत की कूटनीतिक पहुंच बढ़ रही है और देश ने वैश्विक उथल-पुथल के बावजूद अपनी आर्थिक वृद्धि की रफ्तार को कायम रखा है। 2026 तक भारत ने नौ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) किए हैं और 38 देशों के साथ ऐसे समझौते प्रस्तावित हैं।
व्यापक आर्थिक जुड़ाव से देश को वर्तमान वित्त वर्ष की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में 7.8 प्रतिशत की जीडीपी विकास दर हासिल करने में मदद मिली। भारत व्यापार बढ़ाने के उद्देश्य से संयुक्त अरब अमीरात, आस्ट्रेलिया, ब्रिटेन, ओमान, न्यूजीलैंड और यूरोपीय संघ के साथ एफटीए पर आगे बढ़ रहा है।
शाह ने गोवा पुलिस को राष्ट्रपति ध्वज प्रदान करने के लिए आयोजित एक कार्यक्रम में कहा कि पिछले कुछ वर्षों में रूस-यूक्रेन युद्ध और अब पश्चिम एशिया संघर्ष के कारण वैश्विक कूटनीतिक माहौल अस्थिर रहा है। इन सबके बीच पिछले एक साल में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 22 देशों की यात्रा की, जबकि करीब 15 देशों के राष्ट्राध्यक्षों ने भारत का दौरा किया।
जब पूरी दुनिया इस (भू-राजनीतिक) संकट के कारण अपनी आर्थिक वृद्धि को लेकर अनिश्चितता से जूझ रही थी, हमने दूसरे देशों के साथ संपर्क बढ़ाया, रणनीतिक साझेदारी की और अपने आर्थिक विकास की गति बनाए रखी। भारत ने रक्षा, प्रौद्योगिकी, ऊर्जा, निवेश और व्यापार जैसे क्षेत्रों में अन्य देशों के साथ ठोस समझौते किए हैं।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत ने अलग-अलग क्षेत्रों में अपनी उपलब्धियों को दुनिया के साथ साझा किया है और आपदा राहत तथा क्षमता निर्माण में कई देशों की मदद की है। भारत ने डिजिटल पब्लिक इन्फ्रास्ट्रक्चर की अपनी उपलब्धि में दुनिया को साझेदार बनाया है।
पीएम मोदी की लगातार कोशिशों और वैश्विक स्तर पर पहुंच बनाने के प्रयासों की वजह से आज भारत की कूटनीति ने दुनिया में अपनी जगह मजबूत की है। दुनिया के सामने चाहे कोई भी मुद्दा हो, पूरा विश्व इस बात पर नजर रखता है कि भारत के प्रधानमंत्री उस पर क्या कहते हैं और उनका नजरिया क्या है। लंबे समय बाद हमारे नेता नरेन्द्र मोदी ने दुनिया में भारत के लिए यह सम्मान अर्जित किया है।