Feedback
मुंबई में भारी बारिश से शहर की रफ्तार थम गई है. जलभराव और खराब मौसम के कारण रेल, बस, हवाई सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हुई हैं. मोनो रेल सर्विस पर भी भारी बारिश का असर पड़ा है. मुंबई के पूर्वी उपनगर में तकनीकी खराबी और बारिश के कारण एक मोनोरेल एलिवेटेड ट्रैक पर फंस गई. इसके अंदर बैठे यात्रियों को क्रेन की मदद से रेस्क्यू किया गया.
चेंबूर और भक्ति पार्क के बीच मुंबई मोनोरेल सर्विस मंगलवार शाम करीब 6:15 बजे बाधित हो गई. यात्रियों ने तुरंत इमरजेंसी हेल्प के लिए बृहन्मुंबई नगर निगम के हेल्पलाइन नंबर 1916 पर संपर्क किया. तुरंत कार्रवाई करते हुए, मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम घटनास्थल पर पहुंची और तीन स्नोर्कल व्हीकल की मदद से रेस्क्यू शुरू किया.
मुंबई मेट्रोपोलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (MMRDA) ने एक आधिकारिक बयान में कहा कि ‘मैसूर कॉलोनी स्टेशन’ के पास एक मोनोरेल ट्रेन इलेक्ट्रिक सप्लाई बाधित होने के कारण एलिवेटेड ट्रैक पर रुक गई. एमएमआरडीए ने कहा, ‘हमारी संचालन और रखरखाव टीमें पहले से ही मौके पर मौजूद हैं और इसे जल्द से जल्द ठीक करने के लिए काम कर रही हैं.’
एमएमआरडीए ने आगे कहा, ‘फिलहाल, वडाला और चेंबूर के बीच सेवाएं सिंगल लाइन पर सुचारू रूप से चल रही हैं. हम आपके धैर्य के लिए तहे दिल से आपका धन्यवाद करते हैं और आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपकी सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है. निश्चिंत रहें, सामान्य सेवाएं शीघ्र बहाल कर दी जाएंगी.’
मुंबई मोनोरेल का रूट चेंबूर से संत गाडगे महाराज चौक तक 20 किलोमीटर का है. इस रूट के मुख्य स्टेशन चेंबूर, वडाला और संत गाडगे महाराज नगर हैं. मुंबई में मोनोरेल सर्विस की शुरुआत 2014 में हुई थी. इसका निर्माण मुंबई में पब्लिक ट्रांसपोर्ट को बेहतर बनाने के लिए किया गया था. मोनोरेल का किराया न्यूनतम 10 रुपये और अधिकतम 40 रुपये है. मोनोरेल का रूट यूं तो बहुत छोटा है, लेकिन चेंबूर के आसपास रहने वालों और वडाला से रोजाना आने-जाने वालों के लिए इससे समय की काफी बचत होती है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू