MP News Live 20 August: कुर्सी किसी की नहीं बची, हमारी क्या बचेगी… फिर बयानबाजी से चर्चा में मंत्री पटेल – News18 Hindi

Raisen News: रायसेन जिले में दर्दनाक हादसा हो गया. उमरखोह स्कूल से पढ़ाई करके घर लौट रहा एक छात्र खिरिया नाले के तेज बहाव में बह गया.बच्चा साइकिल से घर लौट रहा था. रास्ते में अचानक उसकी साइकिल नाले में गिर गई. साइकिल को पकड़ने के चक्कर में छात्र भी बहाव की चपेट में आ गया.घटना बेगमगंज थाना क्षेत्र की है.हादसे के बाद ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और रेस्क्यू टीम को खबर दी. करीब 3 घंटे की मशक्कत के बाद छात्र का शव बरामद हुआ. गांव में इस घटना से मातम पसरा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
मंडला जिले से अजीब नजारा सामने आया है. यहां नेशनल हाईवे-30 पर फूलसागर पुल के पास ककड़ी से भरा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया. हादसे में गनीमत रही कि कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ, लेकिन ट्रक के पलटते ही उसमें भरी ककड़ी सड़क पर बिखर गई. जैसे ही सड़क पर ककड़ी बिखरी, वैसे ही वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. आसपास से गुजरने वाले लोग बोरी और थैले में ककड़ी भर-भरकर ले जाते नजर आए. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया था, जिसके चलते मालवाहक पलट गया.

Indore News: इंदौर में दिल दहला देने वाला हादसा हो गया. मेडिकेप्स स्कूल की तेज रफ्तार बस बेलगाम होकर बेकाबू हो गई और तीन वाहनों को टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही सॉफ्टवेयर इंजीनियर एकांश पांडिया और 12वीं की छात्रा मानसी श्रीवास की मौत हो गई. इस टक्कर में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें तुरंत पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. हादसे का लाइव सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बस अनियंत्रित होकर वाहनों को टक्कर मारते हुए दिख रही है. हादसे के बाद बस चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया.
ग्वालियर शहर में एक दुखद घटना सामने आई है, जहां 18 वर्षीय युवक अजीत धाकड़ फंदे पर लटका मिला. यह घटना माधौगंज क्षेत्र के एक किराए के मकान में हुई. अजीत का संबंध मुरैना जिले के धौधा गांव से था. ग्वालियर में अजीत बड़ा पाव का ठेला लगाता था और अपने दोस्त करतार धाकड़ के साथ मिलकर बाड़े पर ठेला लगाता था. पुलिस ने इस संदिग्ध मामले की जांच शुरू कर दी है. घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई और पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू की. अजीत धाकड़ की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पुलिस हर संभव प्रयास कर रही है. आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और घटना के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश की जा रही है. पुलिस की जांच जारी है और जल्द ही इस मामले के बारे में अधिक जानकारी सामने आने की उम्मीद है.
इंदौर में राजा रघुवंशी हत्याकांड को लेकर शिलांग पुलिस की एसआईटी जांच में जुटी है. टीम एक युवक को थाने से अपने साथ लेकर इंदौर के एक इलाके में पहुंची, जहां जांच की जा रही है. इस दौरान इंदौर क्राइम ब्रांच की टीम भी मौजूद रही. सूत्रों के अनुसार, शिलॉन्ग एसआईटी मोबाइल और सिम से जुड़े अहम सुरागों पर इंदौर में जांच कर रही है. मामले में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.
हरदा में पीडीएस राशन का चावल पकड़े जाने का मामला सामने आया है. पिकअप वाहन में करीब 20 क्विंटल चावल भरा हुआ मिला, जिसे पुलिस ने सिविल लाइन थाने में खड़ा कराया है. फूड अधिकारी ने बताया कि पूछताछ में जानकारी मिली है कि यह चावल हितग्राहियों और व्यापारियों से खरीदा गया था. फिलहाल मात्रा का सटीक आंकड़ा स्पष्ट नहीं है. दीपक तंवर नामक व्यक्ति से पूछताछ जारी है. अधिकारियों ने बताया कि जांच पूरी होने के बाद इस मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
श्योपुर के विजयपुर थाना क्षेत्र में ओवरलोड ई-रिक्शा पलटने से बड़ा हादसा हो गया. तहसील कार्यालय के पास हुए इस हादसे में 9 यात्री घायल हो गए, जिनमें 6 की हालत गंभीर है. सभी घायलों को विजयपुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि एक बच्चे को नाजुक हालत में ग्वालियर रेफर किया गया है. हादसे का शिकार ई-रिक्शा विजयपुर से मढ़ा गांव जा रहा था और 4 सवारी की क्षमता वाले रिक्शे में 10 से 12 लोग बैठाए और लटकाए गए थे.
रीवा के सिविल लाइन थाना क्षेत्र अंतर्गत रेवांचल बस स्टैंड से बड़ी खबर सामने आई है. यहां शौचालय में नित क्रिया के लिए गई एक महिला के साथ संचालक ने दुष्कर्म का प्रयास किया. महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया. महिला की चीख सुनकर बड़ी संख्या में लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई. आरोपी की तलाश जारी है.
हरदा बस स्टैंड पर अचानक एक ग्रामीण युवक की मौत हो गई. बताया जा रहा कि युवक को अचानक चक्कर आए और मौके पर ही उसकी मौत हो गई. मृतक के मोबाइल पर आए फोन कॉल से उसकी पहचान जगदीश सरवरे निवासी मांगरूल के रूप में हुई. जानकारी मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस ने शव को जिला अस्पताल भिजवाया. पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है.
उज्जैन में 18 अगस्त को निकली भगवान महाकाल की अंतिम और राजसी सवारी में लाखों भक्त शामिल हुए थे. इस बीच श्रद्धालुओं की भीड़ के बीच एक बड़ी लापरवाही सामने आई. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में ढाबा रोड स्थित डॉक्टर की क्लिनिक के ऊपर बने जर्जर मकान का छज्जा गिरते हुए दिखाई दे रहा है. गनीमत रही कि इस हादसे में कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ. भक्तों ने समय रहते खुद को बचा लिया.
जिले के तेंदूखेड़ा में किसानों से यूरिया खाद अधिक दामों पर बेचने की शिकायत पर कृषि विभाग ने कार्रवाई की. जानकारी मिली थी कि प्राइवेट कीटनाशक दुकानदार केवल उन्हीं किसानों को यूरिया दे रहे थे, जो उनसे कीटनाशक भी खरीदते हैं. कीमत भी तय मूल्य से अधिक वसूल रहे थे. सूचना पर पहुंचे कृषि विस्तार अधिकारी ने टीम के साथ किसानों को लाइन में लगवाकर टोकन बांटे और उन्हें 266 रुपए प्रति बोरी की दर से यूरिया उपलब्ध कराया. अधिकारियों ने दुकानदारों को सख्त हिदायत दी. कि यदि आगे भी अधिक दाम पर खाद बेचा गया तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इंदौर में फिनिक्स अस्पताल पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है. आयुष्मान कार्ड धारक से अवैध रूप से राशि वसूलने की शिकायत जनसुनवाई में सामने आई थी. जांच के लिए पहुंचे सीएमएचओ डॉ. माधव हासानी को अस्पताल में कई अनियमितताएं मिलीं. अस्पताल में एक भी क्वालीफाइड डॉक्टर मौजूद नहीं था, जबकि 20 मरीज भर्ती थे. मरीजों के इलाज से जुड़े मेडिकल रिकॉर्ड भी अस्पताल प्रबंधन नहीं दिखा सका. छत पर अवैध निर्माण कर मरीजों को भर्ती करने का मामला भी सामने आया. सीएमएचओ ने कड़ी फटकार लगाते हुए अस्पताल को नोटिस जारी किया और गंभीर कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी है.
छिंदवाड़ा में कांग्रेस ने ‘किसान बचाओ आंदोलन’ की शुरुआत की. प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व सांसद नकुलनाथ, पूर्व मंत्री सुखदेव पांसे, विजयलक्ष्मी साधौ, संजय शर्मा और सुनील जायसवाल समेत कई नेता आंदोलन में शामिल हुए. प्रदेशभर से बड़ी संख्या में किसान छिंदवाड़ा पहुंचे और कांग्रेस की सभा में जुटे. कांग्रेस ने किसानों के साथ-साथ महिलाओं, आदिवासियों और बेरोजगारों के मुद्दों को उठाते हुए सरकार पर हमला बोला. नेताओं ने कहा कि मौजूदा नीतियों से किसानों को नुकसान हो रहा है और कांग्रेस उनकी आवाज़ को मजबूती से आगे बढ़ाएगी.
जबलपुर में प्रदेश का सबसे बड़ा फ्लाईओवर अब लोकार्पण के लिए तैयार है. कैबिनेट मंत्री राकेश सिंह और विधायकों ने फ्लाईओवर का निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की. करीब 7 किलोमीटर लंबे इस फ्लाईओवर का 23 अगस्त को लोकार्पण किया जाएगा. दमोहनाका से मदन महल तक बनाए गए इस फ्लाईओवर में मदन महल स्टेशन के ऊपर अत्याधुनिक केबल स्टे ब्रिज भी शामिल है. लगभग 6 साल में तैयार हुए इस प्रोजेक्ट से शहरवासियों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है.
भोपाल में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष की नियुक्ति का विरोध करते हुए बड़ा कदम उठाया. पूर्व जिला अध्यक्ष मोनू सक्सेना सहित कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी को खून से पत्र लिखकर विरोध जताया. उन्होंने राजीव गांधी प्रतिमा के पास खून से पत्र लिखा और आरोप लगाया कि व्यापम घोटाले के आरोपी संजीव सक्सेना तथा बीजेपी से जुड़े लोगों को पद दिए गए हैं. कार्यकर्ताओं का कहना है कि यह संगठन सृजन अभियान की भावना के खिलाफ है. विरोध करने वाले नेता दिल्ली जाकर राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और मल्लिकार्जुन से मुलाकात करेंगे.
मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और पर्यटन नगरी ओरछा में एक बड़ा हादसा हो गया. झांसी से अपने भाई के साथ घूमने आया 19 साल का युवक नदी में डूब गया. बताया जा रहा है कि वह ओरछा वन अभ्यारण क्षेत्र में टिकट लेकर पचमढ़ीया और अन्य इको स्टॉप घूमने आया था. इसी दौरान जब वह अपने भाई के साथ शिकार घाट पर बने छोटे पुल से बाइक निकाल रहा था, तभी बाइक स्लिप कर गई और वह नदी में गिर गया. इस हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया. SDRF की टीम ने आज सुबह कड़ी मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया.
 
बैतूल में कांग्रेस की जबरदस्त गुटबाजी सामने आई जब प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी छिंदवाड़ा जाते समय कार्यकर्ताओं से मिले. एक पक्ष पूर्व जिलाध्यक्ष हेमन्त वागद्रे तो दूसरा पक्ष नवनियुक्त जिलाध्यक्ष निलय डागा के समर्थन में नारेबाजी करता दिखा. पटवारी ने दोनों से बात की और मोबाइल बंद करवा कर स्थिति शांत करने का प्रयास किया.
शुजालपुर ब्रज निवासी सारांश इंदौर की एक निजी कंपनी में कार्यरत था. अचानक भोपाल पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ के लिए बुलाया. बताया जा रहा है कि उसके पिता सब्जी का ठेला लगाते थे. यह मामला अब चर्चा का विषय बन चुका है और पुलिस कार्रवाई पर कई सवाल खड़े हो रहे हैं.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News