तिरंगा यात्रा के दौरान युवक की पिटाई का मामला सामने आया है. इस घटना में 6-7 लोगों पर मारपीट का आरोप लगाया गया है. तिरंगा यात्रा के दौरान हुए विवाद के चलते यह मारपीट हुई. मारपीट का वीडियो भी सामने आया है, जो कंपू थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है.
पटेल नगर की सड़क में डेढ़ फीट गहरा गड्ढा हो गया है. सड़क के नीचे सीवर लाइन बनी हुई है. कुछ महीने पहले नगर निगम ने इस सड़क का निर्माण करवाया था.
मुरैना नगर निगम के कर्मचारियों से मारपीट की घटना सामने आई है. कर्मचारी यूनियन के पूर्व जिला अध्यक्ष के साथ मारपीट की गई, और बचाव में आए उनके भाई के साथ भी हाथापाई हुई. यह घटना नगर निगम परिसर में लगी सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में कुछ कर्मचारी लात-घूंसों से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं. विवाद हड़ताल खत्म करने को लेकर हुआ था, जिसके बाद नगर निगम कमिश्नर के आश्वासन पर हड़ताल समाप्त हुई थी.
शिक्षकों के लिए ई-अटेंडेंस अनिवार्य किया गया है. लोक शिक्षण संचालक ने जिला शिक्षा अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी शिक्षक ई-अटेंडेंस का उपयोग करें, आदेश का पालन न करने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
छिंदवाड़ा. पांढुर्ना में आज गोटमार मेला का आयोजन हो रहा है. जाम नदी के पुल पर सावरगांव और पांढुर्ना के निवासियों के बीच पत्थरबाजी होगी. पुलिस ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और एक दर्जन से ज्यादा एंबुलेंस तैनात हैं. पत्थरबाजी का दौर दोपहर 12:00 बजे से शुरू होगा.
कटनी में आज ‘मध्यप्रदेश माइनिंग कॉन्क्लेव 2.0’ का आयोजन किया जा रहा है. इस कॉन्क्लेव का मुख्य फोकस क्षेत्र कोयला एवं ऊर्जा, ऊर्जा एवं हाइड्रोकार्बन, प्रौद्योगिकीय प्रगति, महत्वपूर्ण खनिज और चूना पत्थर एवं सीमेंट पर होगा. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव समिट में शामिल होंगे और विषय-विशेषज्ञों और निवेशकों के साथ वन-टू-वन चर्चा भी करेंगे. इस कॉन्क्लेव में लगभग 2 हजार से अधिक निवेशक शामिल होंगे, जिनमें देश के विभिन्न राज्यों के निवेशक और उद्योगपति भी शामिल हैं.
भोपाल. मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव आज जबलपुर और कटनी जिलों के दौरे पर रहेंगे. उनके दिनभर के कार्यक्रमों में कई महत्वपूर्ण आयोजन शामिल हैं, जिनमें राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजना और फ्लाईओवर ब्रिज का लोकार्पण तथा रीजनल माइनिंग समिट प्रमुख हैं.
मुख्यमंत्री सुबह 11:05 बजे भोपाल से जबलपुर के लिए रवाना होंगे. लगभग 11:50 बजे से दोपहर 1 बजे तक वे स्थानीय कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे.दोपहर 1 बजे मुख्यमंत्री जबलपुर में आयोजित भूमि पूजन और लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस दौरान केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद रहेंगे. इस कार्यक्रम में राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) परियोजना का भूमि पूजन और लोकार्पण किया जाएगा. साथ ही एक फ्लाईओवर ब्रिज का भी लोकार्पण होगा.