शाजापुर जिले के मंजूरखेड़ी गांव में थ्रेशर मशीन से सोयाबीन निकालते समय 35 वर्षीय राम सिंह की दर्दनाक मौत हो गई. वह अचानक मशीन की चपेट में आ गया. मौके पर मौजूद लोगों ने घंटों मशक्कत की और गैस कटर से मशीन काटकर शव बाहर निकाला. यह हादसा खेत में सोयाबीन निकालते समय हुआ.
भोपाल जिला कोर्ट में एक लव जिहाद का मामला सामने आया जहां आरोपी असलम ने वकील की ड्रेस में आकर एक हिंदू लड़की से जबरन छेड़छाड़ की और गरबा कार्यक्रम में ले जाने का दबाव बनाया. विरोध पर वकील जुट गए और आरोपी फरार हो गया. एमपी नगर थाने में एफआईआर की मांग के बीच पुलिस काउंसलिंग और बयान दर्ज कर रही है.
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कुरवाई में किसानों के लिए बड़ी घोषणाएं कीं. उन्होंने कहा कि सोयाबीन पर भावांतर योजना लागू होगी और 15 दिन में किसानों को अंतर की राशि मिलेगी. गेहूं 2600 और सोयाबीन 5328 रुपये प्रति क्विंटल पर खरीदी जाएगी. साथ ही, दीपावली से पहले बहनों को ₹1500 की राशि दी जाएगी.
ग्वालियर जिले के नयागांव इलाके में आवारा कुत्तों का आतंक बढ़ता जा रहा है. तीन दिनों में 10 से अधिक बच्चों पर कुत्तों ने हमला किया है. ताजा मामला साढ़े तीन साल के मासूम अभिमन्यु दीक्षित का है, जिस पर स्ट्रीट डॉग ने हमला कर सिर का मांस नोच लिया. गंभीर हालत में बच्चे को अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने रेबीज के इंजेक्शन लगाए और अब उसके सिर की सर्जरी की जाएगी. इससे पहले दो दिन पहले ग्वालियर में ही 10 साल की शबाना पर कुत्ते ने हमला कर उसकी कोहनी का मांस नोच लिया था.
खरगोन के बड़वाह थाना क्षेत्र के महेश्वर रोड स्थित टोल टैक्स पर लोकल वाहन से टोल वसूली को लेकर बड़ा विवाद हो गया. लोडिंग टेंपो में बैठी स्थानीय मजदूर महिलाओं से टोल कर्मचारियों ने जबरन टोल वसूली की कोशिश की, जिस पर विवाद बढ़ गया. कर्मचारियों ने महिला मजदूर के साथ झूमाझटकी और मारपीट भी कर दी. घटना से गुस्साई भीड़ ने टोल प्लाजा पर जमकर तोड़फोड़ की. हंगामा बढ़ने पर टोल कर्मचारी जान बचाकर भाग निकले, जबकि एक कर्मचारी ने खुद को केबिन में बंद कर लिया.
जिले के जैतहरी जनपद की आदिवासी बाहुल्य ग्राम पंचायत लहसुना के कपरिया गांव में उल्टी-दस्त और बुखार से हालात बिगड़ गए. बीते सप्ताह में दो बच्चों की मौत हो चुकी है, जबकि कई अन्य लोग बीमारी से पीड़ित हैं. मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग की टीम तत्काल गांव पहुंची और उपचार कार्य शुरू किया. खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. मोहन सिंह श्याम के नेतृत्व में शा.मा. विद्यालय कपरिया के पास स्थित सांस्कृतिक भवन में स्वास्थ्य शिविर लगाया गया है.
जिले में एड़ीप योजना के तहत दिव्यांग जनों के लिए बड़ा आयोजन किया गया. कार्यक्रम में केंद्रीय सामाजिक न्याय और जनजातीय मंत्री डॉ. डी.डी. उइके ने स्वयं उपस्थित होकर दिव्यांग जनों को सहायक उपकरण वितरित किए. इस अवसर पर 31 इलेक्ट्रिक बाइक, 41 ट्रायसिकल, 18 व्हीलचेयर, 4 मोबाइल, 4 स्मार्ट केन, 45 बैसाखी और 1 लैपटॉप वितरित किया गया, जिनकी कुल कीमत लगभग 25 लाख रुपये रही.
पन्ना पुलिस अधीक्षक निवेदिता नायडू के निर्देश पर अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है. इसी कड़ी में रैपुरा थाना पुलिस ने भरवारा (रैपुरा-पन्ना रोड) स्थित एक मकान पर देर रात छापा मारकर 09 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया. आरोपियों से 34,270 रुपये नकद, 09 मोबाइल फोन, 04 मोटरसाइकिलें समेत कुल 4,26,070 रुपये का मशरुका जब्त किया गया. पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया है.
सीएम राइज स्कूल की बस पर ग्रामीणों ने हमला किया. बस पर पत्थर फेंकने का कारण महज पानी की नली का निकल जाना बताया जा रहा है. इस बस में स्कूल के बच्चे सवार थे. सौभाग्य से किसी को कोई चोट नहीं लगी. बस पर पत्थरबाजी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया है. इस मामले को लेकर सीतामऊ थाने में बस संचालक ने रिपोर्ट दर्ज करवाई है. घटना मंदसौर जिले के रामाखेड़ी गांव की है.
इंदौर में दशहरा पर इस बार सोनम का पुतला नहीं जलेगा. सोनम की मां संगीता रघुवंशी ने शूर्पणखा दहन कार्यक्रम को लेकर हाई कोर्ट में याचिका दायर की थी. इस याचिका की सुनवाई के दौरान, हाई कोर्ट ने शूर्पणखा दहन पर रोक लगाने का आदेश जारी किया. इंदौर में सोनम मुस्कान सहित 11 महिला अपराधियों के पुतले नहीं जलाए जाएंगे. हाई कोर्ट के आदेश से इस वर्ष के दशहरा कार्यक्रम में बदलाव किया गया है.
सीएम डॉक्टर मोहन यादव अटल पथ पहुंचे, जहां उन्होंने सेवा पखवाड़ा के तहत हेलमेट वितरण और सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में भाग लिया. इस अवसर पर उन्होंने ट्रैफिक सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत एक वाहन रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया.
भैरव टेक घाटी में एक और हादसा हुआ है. स्टेरिंग फेल होने से एक यात्री बस अनियंत्रित होकर खाई में उतर गई. बस पेड़ के सहारे रुक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया. यह घटना पन्ना से छतरपुर जा रही प्राची कोच सर्विस की एमपी-16, पी-0419 बस की है. इस दुर्घटना में दो यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं. यह घटना NH-39 अंतर्गत भैरव टेक घाटी में बताई जा रही है.
खंडवा के ओंकारेश्वर में एक तीर्थयात्री से मोबाइल और रुपए छीनने की घटना सामने आई है. जबलपुर से आए युवक ने बताया कि तीन बदमाशों ने उसे घेरकर मोबाइल और रुपए लूट लिए. युवक के साथ मारपीट की गई और उसे चाकू मारने की धमकी भी दी गई. युवक ने यह आपबीती पुराने चौक पुल पर पहुंचकर बताई. मांधाता थाना में युवक ने शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस अब बदमाशों की तलाश कर रही है.
विधायक मालिनी लक्ष्मण सिंह गौड़ के बेटे एकलव्य गौंड की अपील के बाद शीतला माता बाजार से 40 मुस्लिम सेल्समैन को हटाया गया. व्यापारियों की बैठक के बाद यह निर्णय लिया गया. शीतला माता बाजार संगठन ने इस बैठक के बाद 40 मुस्लिम सेल्समैन को हटाने का निर्णय लिया. व्यापारी एसोसिएशन ने कहा कि डिजाइन दिखाने के बहाने मुस्लिम कर्मचारी महिलाओं से नंबर लेते थे, जिससे बाद में लव जिहाद की घटनाएं होती थीं. इस प्रकार की घटनाओं को रोकने के लिए साड़ियों की दुकानों से 40 मुस्लिम सेल्समैन को हटाया गया.
युवक की छाती में धंसी लोहे की रॉड को 90 मिनट की जटिल सर्जरी से निकालकर जान बचाई गई. भोपाल एम्स में यह सफल ऑपरेशन किया गया. हरदा में एक मजदूर काम के दौरान हादसे का शिकार हो गया जब एक लोहे की रॉड उसके दाहिने सीने में धंस गई. यह ऑपरेशन काफी जोखिम भरा था क्योंकि रॉड हार्ड और फेफड़ों के नजदीक थी. एम्स के ट्रॉमा विभाग के प्रमुख मोहम्मद यूनुस और सर्जन डॉक्टर अमित प्रियदर्शी की टीम ने मिलकर इस चुनौतीपूर्ण ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.
आरएसएस पथ संचलन की तैयारी शुरू हो चुकी है. आगामी 5 अक्टूबर को विशाल पथ संचलन निकलेगा जिसमें 2 लाख लोग हिस्सा लेंगे. इस पथ संचलन में उद्योगपति, समाजसेवी, डॉक्टर और वकील भी शामिल होंगे.
सराफा चौपाटी के लिए कमेटी तैयार की गई है. महापौर पुष्यमित्र भार्गव कमेटी के अध्यक्ष होंगे. दीपावली तक सराफा को नया स्वरूप दिया जाएगा. चौपाटी से चाइनीज और फास्ट फूड हटाए जाएंगे. सराफा चौपाटी के संचालन की समय सीमा तय होगी. नगर निगम आयुक्त को कमेटी का सचिव नियुक्त किया गया है. कमेटी में सराफा व्यापारी और चौपाटी दुकानदार भी शामिल हैं. क्षेत्रीय रहवासियों, एसडीएम और पुलिस अधिकारियों को भी कमेटी में जगह दी गई है.
मेडिकल संचालक के साथ मारपीट की घटना सामने आई है. नींद की टेबलेट नहीं देने पर तीन युवकों ने मेडिकल संचालक के साथ मारपीट की. तीनों आरोपी दुकान के अंदर घुसकर विनोद मेडिकल के संचालक विनोद गोयल के साथ मारपीट कर रहे थे. यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. वीडियो में तीनों आरोपी स्पष्ट रूप से मारपीट करते हुए नजर आ रहे हैं. घटना के बाद विनोद गोयल ने सबलगढ़ थाने में मामले की शिकायत दर्ज करवाई. पुलिस ने तीन नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उनकी तलाश में जुट गई है.
मुरैना में समय पर उपचार न मिलने से एक प्रसूता महिला की मौत हो गई. इस घटना के बाद अस्पताल परिसर में मृतक महिला के परिजनों ने जमकर हंगामा किया. उन्होंने अस्पताल के डॉक्टर पर लापरवाही के आरोप लगाए. हंगामे के कारण अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची. जांच के बाद डॉक्टर के खिलाफ कार्यवाही करने का आश्वासन दिया गया. आश्वासन मिलने के बाद मृतक महिला के परिजन शांत हो गए. यह पूरा मामला सबलगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का है. मृतक महिला का नाम कमलेश कुशवाहा बताया जा रहा है.
67 साल की प्रकाशी गुर्जर की लाश तिघरा डेम में मिली. वह लखनपुर गांव की निवासी थीं और मुरैना स्थित मायके जा रही थीं. प्रकाशी की लाश तिघरा डेम के पानी में तैरती मिली. घटना की जानकारी मिलने पर तिघरा थाना पुलिस ने लाश को पोस्टमार्टम के लिए भेजा. पुलिस मामले की जांच कर रही है.