भास्कर न्यूज | खैरागढ़
सेवा पखवाड़ा 2025 के अंतर्गत पंडित दीनदयाल उपाध्याय जयंती पर शुक्रवार को खैरागढ़ (पिपरिया) स्थित जिला भाजपा कार्यालय में आत्मनिर्भर भारत व जीएसटी 2.0 विषय पर कार्यशाला व संगोष्ठी का आयोजन हुआ। मुख्य वक्ता के रूप में प्रदेश के कैबिनेट एवं शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने शिरकत की। कार्यक्रम का शुभारंभ पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर दीप प्रज्वलन से हुआ।
स्वागत भाषण में जिला भाजपा अध्यक्ष डॉ. बिशेसर साहू ने मंत्री यादव के आगमन को जिले के लिए विशेष बताते हुए उनका आभार व्यक्त किया। कैबिनेट मंत्री यादव ने कहा कि खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिला उनका नया कार्यक्षेत्र है और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर यहां आना उनके लिए गर्व की बात है। आत्मनिर्भर भारत की अवधारणा पर विस्तार से बोलते हुए कारगिल युद्ध, ऑपरेशन सिंदूर और कोरोना काल की वैक्सीन नीति को उदाहरण बनाकर भारत की आत्मनिर्भरता को रेखांकित किया। आज छत्तीसगढ़ का किसान ड्रोन से खेतों में दवाई का छिड़काव कर रहा है, सैन्य क्षेत्र में लेजर तकनीक भारत की शक्ति का प्रमाण है और स्वदेशी अपनाना ही आत्मनिर्भर भारत की पहचान है।
हाई स्कूलों में डोम शेड निर्माण की घोषणा: मंत्री यादव ने खैरागढ़-छुईखदान-गंडई जिले की छुईखदान बुनकर सोसायटी के वस्त्रों की प्रशंसा करते हुए आमजन से इन्हें अपनाने की अपील की।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.