एक्टर विजय की रैली में भगदड़, TVK नेताओं पर FIR: विजय बोले- दिल का दर्द बयां करने शब्द नहीं; मृतकों को 20-20… – Dainik Bhaskar

तमिलनाडु के करूर में एक्टर विजय की रैली में 27 सितंबर की शाम को भगदड़ मच गई। हादसे में 39 लोगों की मौत हो गई। इनमें 16 महिलाएं और 10 बच्चे शामिल हैं। 95 लोग घायल हैं, 51 लोग ICU में भर्ती हैं। मरने वालों की संख्या और बढ़ सकती है।
इधर, एक्टर विजय ने पार्टी के X हैंडल से एक पोस्ट किया है, जिसमें लिखा- ‘कल करूर में जो हुआ, उसका दुख बयां करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं। मैं मृतकों के परिजन को 20 लाख और घायलों को 2 लाख की मदद देना चाहता हूं।’
दरअसल, एक्टर विजय ने 2 फरवरी 2024 को टीवीके बनाई। विधानसभा चुनाव 2026 में उतरने की घोषणा की। इसके चलते राज्यभर में रैलियां कर रहे हैं। करूर में भी इसी मकसद से रैली रखी गई।
टीवीके के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट किया गया कि एक्टर विजय दोपहर 12 बजे तक सभा स्थल पर पहुंच जाएंगे, इसके बाद सुबह 11 बजे से ही भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी। लेकिन विजय शाम 7.40 बजे आए।
रैली के लिए 10 हजार लोगों की परमिशन थी। 50 हजार की भीड़ जमा हो गई। रैली में विजय को बताया गया कि 9 साल की एक बच्ची खो गई है, उन्होंने उसे तलाशने की अपील की, जिससे वहां भगदड़ मच गई।
हादसे के बाद गृह मंत्रालय ने राज्य सरकार से मामले को लेकर रिपोर्ट मांगी है।
विजय की रैली में जुटी भीड़ की तस्वीरें…
करूर की रैली में भीड़ की वजह…
60 फीट लंबी प्रचार बस को 100 फीट चौड़ी भीड़ भरी सड़क पर ले जाना भगदड़ की वजह थी। आयोजकों ने दूसरे रास्ते के बजाय भीड़ को चीरने की कोशिश की। इससे दबाव बढ़ा, लोग गिरते गए। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि दबाव इतना बढ़ गया कि बच्चों समेत लोग बेहोश होने लगे और भगदड़ मच गई।
विजय ने शांति की अपील करने के लिए भाषण रोका, लेकिन तब तक देर हो चुकी थी। भीड़ के कारण एम्बुलेंस और वॉलंटियर्स का गिरे हुए लोगों तक तुरंत पहुंच पाना असंभव हो गया था।
घटना के बाद विजय न तो घायलों से मिले, न उन्होंने कोई संवेदना जताई, बल्कि वे चार्टर्ड फ्लाइट से सीधे चेन्नई चले गए। हालांकि उन्होंने X पर लिखा- ‘मेरा दिल टूट गया है। मैं बहुत दर्द और दुःख महसूस कर रहा हूं।’
सुप्रीम कोर्ट के वकील जीएस मणि ने करूर में हुई भगदड़ को लेकर एक्टर विजय के खिलाफ FIR दर्ज करने और स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम से जांच कराने की मांग करते हुए एक शिकायत दर्ज कराई है।
एक्टर विजय की रैली में भगदड़ से जुड़े मामले के अपडे‌ट्स जानने के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने करूर हादसे में मारे गए हर व्यक्ति के परिजन को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से 2 लाख रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है। घायलों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। यह जानकारी PMO के X हैंडल से शेयर की गई है।
मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने भगदड़ में मारे गए लोगों के परिवारों को ₹10 लाख और अस्पतालों में इलाज करा रहे घायलों को ₹1 लाख की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। स्टालिन ने बताया कि राज्य सरकार ने भगदड़ की परिस्थितियों की जांच के लिए रिटायर्ड जज अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक आयोग बनाने की घोषणा की है।
करूर टाउन पुलिस ने TVK के करूर वेस्ट डिस्ट्रिक्ट सेक्रेटरी वीपी मथियाझागन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि वेलीसमुपुरम में प्रचार कार्यक्रम के दौरान मानदंडों के उल्लंघन के लिए बीएनएस की धारा 109, 110, 125B, 223 के तहत मामला दर्ज किया गया है।

तमिलनाडु के डीजीपी जी. वेंकटरमन ने बताया कि हमारा इरादा किसी को दोष देने का नहीं है, हम सिर्फ तथ्य बता रहे हैं। एक जगह विजय का स्वागत किया गया और उनके पीछे-पीछे भारी भीड़ आई और पुलिस ने उन्हें सुरक्षित कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। आयोजकों ने 10,000 लोगों की अपेक्षित संख्या बताई थी, लेकिन अभिनेता की एक झलक पाने के लिए लगभग 27,000 लोग आए। 20,000 लोगों की अनुमानित संख्या के आधार पर पुलिस सुरक्षा दी गई थी।
सभा स्थल एक सार्वजनिक सड़क थी और ज्यादा पुलिस बल होने का मतलब होता कि लोगों के पास पर्याप्त जगह नहीं होती। एडीजीपी (कानून और व्यवस्था), डेविडसन देवसिरवथम, 3 पुलिस महानिरीक्षक, 2 डीआईजी, 10 एसपी और 2000 पुलिसकर्मी करूर के लिए रवाना हो चुके हैं।
भाजपा नेता तमिलिसाई सुंदरराजन ने कहा, “मैं करूर जाकर पीड़ितों के परिवारों से मिल रही हूं। जो भी मदद होगी, हम करेंगे। मैं अनुरोध करना चाहती हूं कि इसे सनसनीखेज बनाने के बजाय, हम सब समझदारी से काम लें। चाहे उन्हें रक्त की जरूरत हो या किसी भी तरह की चिकित्सा सहायता की। हम सभी से अनुरोध करते हैं हर संभव मदद करें। गृह मंत्री ने मुख्यमंत्री को फोन करके जानकारी ली है और केंद्र सरकार जो भी मदद दे सकती है, वह देने की पेशकश की है।”
डिंडीगुल जिला कलेक्टर एस. सरवनन ने रविवार को बताया कि भगदड़ में मारे गए 38 लोगों के शवों की पहचान हो गई है और उनके पार्थिव शरीर उनके परिजनों को सौंपे जा रहे हैं। अब तक 14 को उनके परिजन को सौंप दिए गए हैं। एक महिला की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
तमिल एक्टर विशाल ने कहा कि मेरी दिल से अपील है कि टीवीके मृतकों के परिवारों को मुआवजा दे, क्योंकि कम से कम इतना तो पार्टी को करना ही चाहिए। उम्मीद है कि अब से होने वाली किसी भी राजनीतिक रैली में पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम किए जाएंगे।

DME सुगंती राजकुमारी ने कहा, “हमें मिले शवों की कुल संख्या 39 है। भर्ती मरीजों की संख्या 52 थी। केवल 2 मरीज गंभीर हैं और वेंटिलेटर पर हैं। दोपहर से पहले, हम सभी पोस्टमॉर्टम पूरा कर लेंगे और शवों को परिजन को सौंप देंगे। सरकार ने रहने-खाने और बाकी चीजों की व्यवस्था की है।”
नमक्कल रैली
करूर रैली
CM स्टालिन घायलों से मिलने त्रिची गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज पहुंचे। उन्होंने कहा कि किसी राजनीतिक पार्टी की तरफ से आयोजित किसी कार्यक्रम में इतनी बड़ी संख्या में लोगों की जान कभी नहीं गई।
करूर की घटना यूं ही नहीं घटी…
राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों और पर्यवेक्षकों ने टीवीके की सभाओं की अराजक प्रकृति पर चिंता जताई थी। विक्रवंडी, मदुरै और कोयंबटूर में पार्टी की रैलियों में लगातार भारी, बेकाबू भीड़ उमड़ती थी, जो कई किलोमीटर लंबी होती थी।
विजय की लोकप्रियता, वीकेंड के दिन,स्कूल की छुट्टियों में इवेंट करने की रणनीति के कारण रैलियों में क्षमता से ज्यादा लोग पहुंचते थे।
सुरक्षा मानदंडों की अवहेलना की शिकायतों के बावजूद, भीड़ कंट्रोल करने के बुनियादी ढांचे या योजना में सुधार किए बिना रैलियां जारी रहीं। इसका परिणाम शनिवार को सामने आया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News