MP News Live 28 September 2025: जबलपुर की सड़कों पर समाजवादी पार्टी ने लगाए 'पाकिस्तान मुर्दाबाद' के पोस्टर… – News18 Hindi

सागर के मालथौन थाना इलाके में लव जिहाद का विरोध करने पर प्रताड़ित करने का एक मामला सामने आया था. पुलिस ने इस केस में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है. तीनों को अलग-अलग जगहों से पकड़ा गया. पुलिस ने सना खान, रश्मि पटवा और अनीस खान के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया था. मोहित पटवा नामक युवक ने दो वीडियो बनाकर किया सुसाइड कर लिया था. मोहित ने तीनों पर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे.
आगर मालवा जिला मुख्यालय में मां तुलजा भवानी को 51 मीटर लंबी चुनरी चढ़ाई गई. भक्तों ने लगातार 19वें साल शोभायात्रा निकाल माता को विशेष चुनरी अर्पित की. पुरानी कृषि उपज मंडी से मंदिर तक चुनरी यात्रा निकाली गई. हजारों की संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए. आकर्षक झांकियां शोभायात्रा का मुख्य आकर्षण बनीं. रास्ते भर सैकड़ों लड़कियों ने पारंपरिक वेषभूषा में गरबा खेला. जगह-जगह चुनरी यात्रा का भव्य स्वागत हुआ. तुलजा भवानी मंदिर में विशाल भंडारा आयोजित हुआ.
धार में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने लॉयर्स चैंबर की चौथी-पांचवीं मंजिल का शिलान्यास किया. इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत आत्मनिर्भर बनने की ओर बढ़ रहा है. कांग्रेस द्वारा उनका पुतला दहन करने को लेकर किए गए सवाल पर कहा कि अच्छा है, इससे उनकी उम्र बढ़ रही है.
भोपाल में बजरंग दल के सैकड़ों समर्थकों ने कोलार थाना घेरा. गोरक्षकों से मारपीट का यह मामला है. स्थानीय लोगों ने गाय का इलाज करने गए बजरंग दल कार्यकर्ताओं और गोरक्षकों को पीटा था. दरअसल स्थानीय हिंदू परिवार के घर में ही बीमार गाय थी, गोरक्षक जिसका इलाज करने पहुंचे थे. परिवार ने गाय का इलाज नहीं करने दिया और गोरक्षकों के साथ मारपीट की. आरोपियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल के लोग शिकायत दर्ज कराने कोलार थाना पहुंचे. शिकायत दर्ज न किए जाने पर थाने का घेराव किया. पुलिस थाने पर अतिरिक्त फोर्स बुलाई गई. अभी भी बड़ी संख्या में कोलार थाने के बाहर बजरंग दल के कार्यकर्ता मौजूद हैं. वे पुलिस से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं.
मध्य प्रदेश के निजी स्कूल संचालकों को बड़ी राहत मिली है. राज्य शिक्षा केंद्र ने स्कूल संचालकों के लिए मान्यता आवेदन पोर्टल फिर खोला. विलंब शुल्क से साथ स्कूल संचालक मान्यता के लिए आवेदन कर सकते हैं. पोर्टल बंद होने से 10 हजार स्कूलों की मान्यता समाप्त हो रही थी. इससे करीब तीन लाख छात्रों को दिक्कत हो सकती थी. संचालक मंच ने सरकार का आभार व्यक्त किया.
जबलपुर की सड़कों पर पाकिस्तान मुर्दाबाद के पोस्टर चिपकाए गए. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सड़कों पर पोस्टर चिपकाकर पैरों से कुचला. शहर के मालवीय चौक इलाके में सड़कों पर पाकिस्तान मुर्दाबाद के पोस्टर चिपकाकर विरोध किया गया. पाकिस्तान से मैच कराए जाने को लेकर BCCI के खिलाफ भी आक्रोश जताया. समाजवादी पार्टी के नेताओं ने जबलपुर के लोगों से अपील करते हुए कहा कि वे लोग सड़कों पर चिपकाए गए इन पोस्टरों को पैरों से कुचलें. पहलगाम आतंकी घटना के बावजूद पाकिस्तान से भारत का मैच कराए जाने पर सपा ने ऐतराज जताया.
भोपाल जिला कोर्ट में लव जिहाद का एक मामला सामने आया है. आरोपी वकील असलम अली के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज किया है. असलम अली ने एक अन्य वकील की पक्षकार हिंदू युवती को अकेला पाकर छेड़छाड़ की. आरोप है कि वकील ने अश्लील हरकतें कीं और बुरी नीयत से हाथ लगाया. वह युवती को गरबा में ले जाने के लिए दबाव बना रहा था. युवती के विरोध करने पर वकील इकट्ठा हुए, तो आरोपी असलम भाग निकला. वकील पीड़िता को लेकर एमपी नगर थाने पहुंचे. शिकायत के बाद आरोपी के खिलाफ केस दर्ज हुआ.
परिवहन आरक्षक सौरभ शर्मा की जमानत याचिका जबलपुर हाईकोर्ट ने शनिवार को खारिज कर दी. जस्टिस प्रमोद अग्रवाल की कोर्ट में इस पर सुनवाई हुई. कोर्ट ने कहा कि आरोप गंभीर हैं, ऐसे में जमानत नहीं दी जा सकती. इससे पहले 30 जुलाई को हुई सुनवाई के बाद कोर्ट ने 26 पन्नों का फैसला सुरक्षित रखा था. सौरभ के वकील ने दलील दी कि अब तक जब्त हुई संपत्ति सौरभ की नहीं है, लेकिन ईडी के वकील ने बताया कि सौरभ ने ही अवैध संपत्ति अर्जित कर रिश्तेदारों और दोस्तों के नाम की. ईडी के अनुसार, उसके लॉकर से 2 करोड़ रुपए के जेवरात भी बरामद हुए हैं.
शिप्रा नदी के पुल से गिरी कार हादसे में मौत का शिकार हुए उन्हेल थाना प्रभारी अशोक शर्मा के घर रविवार को मुख्यमंत्री मोहन यादव पहुंचे. उन्होंने परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की और सहायता स्वरूप 1 करोड़ का चेक सौंपा. इसी हादसे में जान गंवाने वाले एसआई मदनलाल निनामा और आरक्षक आरती पाल के परिवारों को भी सरकार द्वारा 1-1 करोड़ रुपए की आर्थिक मदद दी जाएगी.

जिले से 50 किलोमीटर दूर महिदपुर तहसील में शिप्रा नदी में रविवार को युवक और युवती की लाश तैरती हुई मिली. पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकलवाया. प्रारंभिक जांच में सामने आया कि युवक-युवती राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के रहने वाले थे. युवती को लेकर युवक भागा था और वहां गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज थी. बताया जा रहा कि तीन दिन पहले दोनों ने मोटरसाइकिल पुल पर खड़ी कर नदी में कूदकर जान दी थी.
रीवा के नजदीक मऊगंज जिले में जनता से अभद्र व्यवहार करने वाले तहसीलदार वीरेंद्र पटेल को निलंबित कर दिया गया है. रीवा कमिश्नर ने इस संबंध में आदेश जारी किए. दरअसल तहसीलदार का गालीगलौज करते हुए एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई. सरकार ने इस कदम से साफ संदेश दिया कि जनता से दुर्व्यवहार किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. मोहन सरकार की इस सख्त कार्रवाई से प्रशासनिक अमले को भी चेतावनी मिली है कि जनता के साथ आचरण में अनुशासन और संवेदनशीलता बनाए रखना जरूरी है.
सीहोर में शारदीय नवरात्रि के अवसर पर केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान रविवार को अपने परिवार सहित कुलदेवी मां विजयासन देवी के सलकनपुर स्थित मंदिर पहुंचे. इस दौरान उनकी धर्मपत्नी साधना सिंह, पुत्र कार्तिकेय सिंह, कुणाल सिंह और दोनों पुत्रवधुएं भी मौजूद रहीं. शिवराज सिंह चौहान ने गर्भगृह में बैठकर विधि-विधान से मां विजयासन देवी की पूजा-अर्चना की और देश व प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की.
Bhopal News: सीएम डॉ. मोहन यादव ने ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनने के बाद प्रदेशवासियों को नवरात्रि और दशहरा की बधाई दी. उन्होंने कहा कि भारत को आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्वदेशी अपनाना ज़रूरी है. किसानों के लिए भावांतर योजना लागू की गई है, जिसमें सोयाबीन पर मिलने वाला भावांतर सरकार द्वारा पूरा किया जाएगा. एमएसपी पर फसल बिकना सरकार का लक्ष्य है.
Bihar Chunav 2025: बिहार विधानसभा चुनाव में मध्यप्रदेश के बीजेपी नेता जोर-शोर से प्रचार में जुट गए हैं. जल्द ही मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान के प्रचार कार्यक्रमों की घोषणा होगी. बीजेपी संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा के साथ-साथ कई मंत्रियों ने भी बिहार में मोर्चा संभाल लिया है. कैबिनेट मंत्री प्रहलाद पटेल, विश्वास सारंग और पूर्व मंत्री अरविंद भदौरिया को पार्टी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारियाँ सौंपी हैं. इसके अलावा, सांसद वी.डी. शर्मा, अनिल फिरोजिया और पूर्व सांसद के.पी. यादव भी बिहार में बीजेपी के लिए प्रचार करेंगे. ये नेता बिहार की जनता के बीच जाकर बीजेपी की नीतियों और उपलब्धियों को उजागर करेंगे. मध्यप्रदेश के इन दिग्गज नेताओं की सक्रिय भागीदारी से बीजेपी बिहार में अपनी स्थिति मजबूत करने की रणनीति पर काम कर रही है. पार्टी का लक्ष्य है कि इन नेताओं के अनुभव और प्रभाव का उपयोग कर बिहार में अधिक से अधिक सीटें हासिल की जाएँ.
उज्जैन आज भारत और पाकिस्तान का फाइनल मुकाबला है और भारत की जीत केलिए महाकाल मंदिर सिद्धिविनायक मंदिर में खिलाड़ियों के फोटो रखकर पुजन किया गया है.

सनावद के पास बांकुर नदी पुल पर एक कार रेलिंग तोड़कर नीचे गिर गई. कार में सवार चार युवक फंसे थे, जिन्हें रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला गया. एक युवक को क्रेन की मदद से स्टेयरिंग से बाहर निकाला गया. गनीमत रही कि कार नदी के पानी में नहीं गिरी, वरना बड़ा हादसा हो सकता था.

इंदौर में आज से “स्वदेशी ही बेचेंगे” अभियान शुरू हो गया है. जनप्रतिनिधि और व्यापारी 5,000 से अधिक संस्थानों पर स्वदेशी समर्थन वाले बोर्ड-पोस्टर लगाएंगे. शुरुआत मूलचंद मार्केट से होगी. सांसद और विधायक भी इस मुहिम में शामिल हैं. विदेशी (खासतौर पर चीन और बांग्लादेशी) कपड़ों का बहिष्कार करते हुए व्यापारियों ने इनकी होली जलाई.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News