भास्कर न्यूज | अंबिकापुर
केरल के भाजपा प्रवक्ता पिंटू महादेवन द्वारा लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को गोली मारने की धमकी देने के मामले ने सरगुजा जिले के कांग्रेसियों ने आपत्ति दर्ज कराई है। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव के निर्देश पर जिला कांग्रेस कमेटी ने 29 सितंबर को पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की के नेतृत्व में अंबिकापुर कोतवाली थाना में एफआईआर दर्ज करने के लिए आवेदन दिया। इसके बाद सरगुजा जिले की सभी ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों के थानों में आवेदन प्रस्तुत किया है।
पिंटू महादेवन जो पूर्व में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राज्य अध्यक्ष भी रह चुके हैं, एक टीवी डिबेट में शामिल हुए थे। नेपाल में हुए प्रदर्शनों पर चर्चा के दौरान उन्होंने विवादित टिप्पणी करते हुए कहा कि अगर राहुल गांधी ने ऐसा कुछ भारत में करने का सपना भी देखा तो उनका सीना गोलियों से चीर दिया जाएगा। पूर्व उपमुख्यमंत्री टीएस सिंहदेव ने भी ट्वीट कर भाजपा प्रवक्ता के बयान की तीखी निंदा की है। उन्होंने लिखा कि लाइव टीवी पर विपक्ष के नेता को हत्या की धमकी देना अक्षम्य अपराध है। उन्होंने भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा से मांग की है कि दोषी प्रवक्ता के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई की जाए। सिंहदेव ने यह भी कहा कि यदि भाजपा ऐसा करने में विफल रहती है तो यह स्पष्ट हो जाएगा कि पार्टी अपराधी और आतंकी मानसिकता को संरक्षण दे रही है। प्रदर्शन के दौरान पूर्व महापौर डॉ. अजय तिर्की, इंद्रजीत धंजल, अनूप मेहता, जमील खान, वेद प्रकाश शर्मा, निकी खान, मो. इमरान, दिनेश शर्मा, आशीष शील, जमशेर खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.