भास्कर संवाददाता|गुना
गुना की बेटी और नूर वाय मुस्कान की ओनर एवं हेड डिज़ाइनर मुस्कान शिवहरे अरोरा का चयन इस बार दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फैशन आयोजन पेरिस फैशन वीक के लिए हुआ है। यह न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे गुना शहर के लिए गर्व का क्षण है, क्योंकि वे भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी।
मुस्कान, निखिल अरोरा की पत्नी हैं। वे निफ्ट ग्रेजुएट टेक्सटाइल डिज़ाइनर और प्रोफेसर हैं तथा लंबे समय से फैशन इंडस्ट्री से जुड़ी हुई हैं। फैशन और स्टाइल की गहरी समझ रखने वाली मुस्कान कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज के साथ भी काम कर चुकी हैं। पेरिस फैशन वीक में वे एक अंतरराष्ट्रीय डिज़ाइनर की असिस्टेंट स्टाइलिस्ट के रूप में अपनी भूमिका निभाएंगी।
गुना में उनका स्टूडियो है, जहां वह अपने लेबल नूर वाय मुस्कान के लिए डिज़ाइन तैयार करती हैं। यहां के कारीगरों के साथ वे हर डिजाइन में बारीकी और क्रिएटिविटी पर विशेष ध्यान देती हैं। हैंडवर्क से लेकर नई सोच तक, वे हर कार्य में स्वयं सक्रिय रहती हैं। हर साल आठ दिन तक चलने वाला पेरिस फैशन वीक विश्वभर के नामचीन डिजाइनरों और फैशन आइकनों को एक मंच पर लाता है। ऐसे अंतरराष्ट्रीय आयोजन में चयनित होना मुस्कान के हुनर और मेहनत की मिसाल है। उनकी यह उपलब्धि छोटे शहर से निकलकर बड़े सपने साकार करने का प्रेरक उदाहरण है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.