कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उन्होंने एंटी टैरिफ़ विज्ञापन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मांगी है.
सुमंत सिंह और सौरभ यादव
नमस्कार!
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सौरभ यादव को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पुलिस विभाग और अफ़सरशाही में जातिगत भेदभाव कितना गहरा?
भारत के लिए विदेश में अपना एकमात्र सैन्य ठिकाना खाली करना कितना बड़ा झटका है
देश के बड़े हिस्से में लागू हो रही एसआईआर प्रक्रिया, ये हो सकती हैं चुनौतियां– द लेंस
अमेरिका और भारत के बीच रक्षा समझौते से दोनों देशों में से किसका ज़्यादा फ़ायदा
इमेज स्रोत, Getty Images
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने कहा है कि उन्होंने एंटी टैरिफ़ विज्ञापन पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से माफी मांगी है.
कनाडा के इस एंटी टैरिफ़ विज्ञापन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रोनाल्ड रीगन के एक उद्धरण का इस्तेमाल किया गया था.
पिछले हफ्ते इस विज्ञापन की प्रतिक्रिया में ट्रंप ने कनाडा से टैरिफ़ वार्ता रोक दी थी और कहा था कि वो कनाडा से आने वाले सामानों पर दस फ़ीसदी अतिरिक्त टैरिफ़ लगाएंगे.
दक्षिण कोरिया में हो रही एशिया पैसिफिक इकॉनमिक कॉरपोरेशन समिट में शनिवार को कनाडा के प्रधानमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि उन्होंने अपने एंटी टैरिफ़ एड पर अमेरिकी राष्ट्रपति से माफी मांग ली है.
इस विज्ञापन में अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति रीगन के साल 1987 में दिए गए रेडिया संदेश के कई क्लिप्स का इस्तेमाल किया गया था, जिसमें यह तर्क दिया गया था टैरिफ़ से अमेरिका की इकोनॉमी को नुकसान होगा.
इमेज स्रोत, © RMN – Grand Palais (Musée du Louvre) Mathieu Rabeau
पिछले महीने पेरिस के लूवर म्यूज़ियम में हुई चोरी के मामले में एक महिला पर आरोप लगाए गए हैं.
फ़्रेंच मीडिया की रिपोर्ट्स के मुताबिक़ 38 साल की इस महिला पर शनिवार को चोरी में शामिल होने और साजिश रचने का आरोप लगाया गया.
महिला को मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया गया है, उन्हें फिलहाल कस्टडी में रखा जाए.
अभी तक महिला का नाम नहीं बताया गया है. इसी सप्ताह इस महिला को चार अन्य लोगों के साथ गिरफ़्तार किया गया था.
19 अक्तूबर को दुनिया के सबसे मशहूर म्यूज़ियम में से एक लूवर म्यूज़ियम से 10.02 करोड़ डॉलर कीमत के गहने चोरी हुए थे.
इमेज स्रोत, ANI
राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने कहा है कि बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान हो रहे चुनाव प्रचार के बीच 10 हज़ार रुपये की रिश्वत बांटी जा रही है और चुनाव आयोग शांत है.
मीडिया से बात करते हुए तेजस्वी यादव ने आरोप लगाया, "क्या चुनाव आयोग का क़ानून सिर्फ विपक्ष के लोगों के लिए है, सत्ता पक्ष के लिए कोई क़ानून नहीं है. चुनाव आयोग लगातार ग़ायब है. 10-10 हजार रुपये चुनाव के बीच में बांटा जा रहा है, रिश्वत दी जा रही है. चुनाव आयोग कोई एक्शन नहीं ले रहा है."
इससे पहले केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के गोपालगंज में कहा था कि पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार ने एक करोड़ से ज्यादा जीविका दीदी के खाते में 10-10 हज़ार रुपये ट्रांसफर किए हैं.
तेजस्वी यादव ने मोकामा में हुई दुलारचंद यादव की हत्या के मामले पर भी टिप्पणी की.
उन्होंने कहा, "हत्या हुई, नामजद एफ़आईआर भी हुई और किसी पर कार्रवाई नहीं हुई. कहां है चुनाव आयोग?"
दुलारचंद की हत्या मामले में घोसवरी थाने में अनंत सिंह सहित पांच पर नामज़द एफ़आईआर दर्ज हुई है. दुलारचंद जनसुराज के उम्मीदवार प्रियदर्शी पीयूष के प्रचार के लिए मोकामा गए थे.
1990 से सिर्फ़ एक विधानसभा काल यानी पांच साल को छोड़कर इस सीट पर बाहुबली अनंत सिंह के परिवार को कब्जा रहा है. अनंत सिंह जेडीयू से उम्मीदवार हैं.
मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप अनंत सिंह पर, चुनावी रंजिश की ये है कहानी
इमेज स्रोत, Getty Images
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता गौरव गोगोई पर पाकिस्तानी एजेंट होने का आरोप लगाया था. अब गौरव गोगोई ने इन आरोपों पर जवाब दिया है.
कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई ने शनिवार को कहा कि असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने एक बार फिर दिखा दिया है कि वह राज्य के मुखिया के रूप में पद संभालने के लिए "अयोग्य" हैं.
दरअसल सीएम हिमंत सरमा ने शुक्रवार को कहा था, "गौरव गोगोई एक पाकिस्तानी एजेंट हैं."
उन्होंने दावा किया कि उनके पास सबूत मौजूद हैं. उन्होंने कहा, "उन्हें हमारे देश में विदेशी ताकतों के लिए स्थापित किया गया था. इस बात के उपयुक्त प्रमाण मेरे पास हैं."
मुख्यमंत्री सरमा ने यहां तक कहा कि गोगोई चाहें तो मेरे ख़िलाफ़ मानहानि का मुकदमा करें.
शनिवार को गौरव गोगोई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, "कल जब समूचे असम के लोग जुबिन गर्ग के आख़िरी फ़िल्म 'रोई-रोई बिनाले' देख रहे थे, ऐसे वक्त में मुख्यमंत्री की टिप्पणियों से सत्ता खोने का उनका डर झलक रहा था. यह इस बात का एक और उदाहरण था कि असम के लोगों के लिए मुख्यमंत्री के रूप में वह क्यों योग्य नहीं हैं."
इससे पहले असम सरकार ने पाकिस्तानी नागरिक अली तौकीर शेख के साथ गौरव गोगोई के कथित संबंधों की जांच के लिए एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया था.
असम पुलिस के सीआईडी विभाग में विशेष डीजीपी मुन्ना प्रसाद गुप्ता के नेतृत्व में गठित एसआईटी ने 10 सितंबर को असम के मुख्यमंत्री को अपनी रिपोर्ट सौंप दी थी.
लेकिन इस रिपोर्ट को न तो सार्वजनिक किया गया और न ही कार्रवाई के नाम पर किसी की भी गिरफ्तारी हुई.
इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय टेनिस खिलाड़ी रोहन बोपन्ना ने टेनिस से संन्यास ले लिया है.
उन्होंने अपने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी दी और कहा कि टेनिस के खेल ने उनके जीवन को अर्थ दिया है.
रोहन बोपन्ना ने अपने पोस्ट में लिखा, "अलविदा, लेकिन ये अंत नहीं है. आप ऐसी चीज़ को कैसे अलविदा कह सकते हैं, जिसने आपके जीवन को अर्थ दिया है. हालांकि बीस सालों के लंबे टूर के बाद मैं आधिकारिक तौर पर अपना रैकेट रख रहा हूं."
उन्होंने कहा, "भारत के लिए खेलना मेरी ज़िंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. हर बार जब मैं अपने नाम के साथ तिंरगा लेकर कोर्ट पर जाता था तो मुझे गर्व और उसकी अहमियत महसूस होती थी. मैंने हर सर्व, हर प्वाइंट, हर मैच उस झंडे, उस भावना और अपने देश के लिए खेला है."
इमेज स्रोत, Getty Images
यूनेस्को ने शुक्रवार को लखनऊ को 'क्रिएटिव सिटी ऑफ़ गैस्ट्रोनॉमी' घोषित किया है.
इसके बाद यूनेस्को की 'क्रिएटिव सिटी ऑफ़ गैस्ट्रोनॉमी' यानी खाने के लिए जानी जानेवाली 70 शहरों की सूची में अब लखनऊ भी शामिल हो गया है.
लखनऊ से पहले हैदराबाद को भी इस सूची में शामिल किया जा चुका है.
संयुक्त राष्ट्र ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, “मुंह में पानी लाने देने वाले गलौटी कबाब से लेकर अवधी बिरायनी, मजे़दार चाट, गोलगप्पे और मक्खन मलाई, उत्तर प्रदेश का लखनऊ खाने के शौकीन लोगों के लिए जन्नत है, जो सदियों पुरानी परंपराओं से भरपूर है.”
इमेज स्रोत, ANI
आंध्र प्रदेश के वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में हुई भगदड़ पर राहुल गांधी ने दुख व्यक्त किया है.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा है, “कासीबुग्गा मंदिर में भगदड़ से हुई मौतों से दुखी हूं.”
उन्होंने कहा, “पीड़ित परिजनों और घायल हुए लोगों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं. मुझे उम्मीद है कि उन्हें हिम्मत मिलेगी और वे जल्द ठीक हो जाएंगे.”
आंध्र प्रदेश के श्रीकाकुलम ज़िले के कासीबुग्गा में स्थित वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में शनिवार को भगदड़ मचने से नौ लोगों की मौत हो गई है. पुलिसकर्मियों ने बीबीसी तेलुगु से इसकी पुष्टि की है.
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री कार्यालय के हवाले से समाचार एजेंसी एएनआई ने बताया है कि यह घटना उस समय घटी जब एकादशी के अवसर पर बड़ी संख्या में लोग मंदिर में जुटे थे.
इमेज स्रोत, ANI
बिहार के बेगूसराय में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने एनडीए के चुनावी वादों पर तंज कसा है.
प्रियंका गांधी ने कहा, "बिहार में सालों से एनडीए की सरकार रही है, आपके लिए क्या किया, और अब चुनाव आने वाला है तो एलान कर दिया कि लो 10 हज़ार रुपये ले लो."
उन्होंने कहा, "बीजेपी-एनडीए वाले 10 हज़ार रुपए दे रहे हैं. वो पैसा लो, लेकिन इन्हें वोट मत दो, वोट खरीदने मत दो."
वहीं बिहार के गोपालगंज में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने एक चुनावी जनसभा में कहा, "अभी अभी एक करोड़ 41 लाख जीविका दीदी के बैंक खातों में नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार जी ने 10 हज़ार रुपये ट्रांसफर किए हैं.
उन्होंने कहा कि बिहार में एनडीए सरकार बनी तो वो किसानों के लिए कैश की योजना लाएगी.
इमेज स्रोत, ANI
भोजपुरी फ़िल्मों के कलाकार और बीजेपी नेता पवन सिंह ने छपरा में खेसारी लाल यादव के लिए चुनावी प्रचार करने के सवाल पर प्रतिक्रिया दी है.
एक पत्रकार ने पवन सिंह से सवाल किया था कि "खेसारी लाल यादव के समर्थन में प्रचार करने जाएंगे? वो आपके यहां गए थे."
इस पर उन्होंने कहा, "पार्टी का जैसा भी आदेश होगा, वैसा किया जाएगा."
इसके अलावा पवन सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के वीडियो संदेश पर भी प्रतिक्रिया दी है.
उन्होंने कहा, "15 साल पहले का बिहार देखिए और आज का देखिए, फ़र्क है या नहीं? है ना. विकास क्या है क्या नहीं, सब दिखेगा."
भोजपुरी कलाकार खेसारी लाल यादव छपरा से चुनावी मैदान में हैं. वह आरजेडी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं.
इमेज स्रोत, Getty Images
तंज़ानिया की राष्ट्रपति सामिया सुलुहू हसन ने एक बार फिर से राष्ट्रपति पद का चुनाव जीत लिया है.
तंज़ानिया में बीते कई दिनों से फैली अशांति के बीच सामिया ने ये जीत हासिल की है.
तंज़ानिया के चुनाव आयोग के अनुसार सामिया ने 97.66 प्रतिशत वोटों से जीत हासिल की.
चुनाव आयुक्त का कहना है कि बुधवार को हुए मतदान में देश के 3.76 करोड़ रजिस्टर्ड मतदाताओं में से 87 फ़ीसदी यानी 3.2 करोड़ मतदाताओं ने मतदान किया. इनमें से 97.66 फ़ीसदी यानी लगभग 3.19 करोड़ वोट सामिया को मिले.
चुनाव नतीजे सामने आने के बाद अंतरराष्ट्रीय पर्यवेक्षकों ने चुनाव में पारदर्शिता और देश में फैली हिंसा को लेकर चिंता व्यक्त की है.
बीते दिनों चुनाव में पारदर्शिता को लेकर देश में कई हिस्सों में हिंसा हुई थी. इनमें कथित तौर पर सैकड़ों लोग मारे गए हैं और सैकड़ों घायल हुए हैं.
पूरे देश में इंटरनेट सेवा बंद होने के कारण मारे गए लोगों की वास्तविक संख्या की पुष्टि करना भी मुश्किल है. सरकार के विरोधियों का कहना है कि सरकार हिंसा के पैमाने को कम दिखाने की कोशिश कर रही है.
हालात पर काबू पाने के लिए यहां प्रशासन की ओर से कर्फ्यू लगा दिया गया है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सौरभ कुमार यादव आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
– बिहार चुनाव: बीजेपी के गढ़ में गणित के चर्चित टीचर केसी सिन्हा कितने मज़बूत
– अमेरिका और भारत के बीच रक्षा समझौते से दोनों देशों में से किसका ज़्यादा फ़ायदा
– मोकामा में दुलारचंद यादव की हत्या का आरोप अनंत सिंह पर, चुनावी रंजिश की ये है कहानी
– लिवर ट्रांसप्लांट कैसे होता है, जानिए कब और क्यों पड़ती है इसकी ज़रूरत
इमेज स्रोत, ANI
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी ने पटना में पत्रकारों से बातचीत में एनडीए की ओर से महिलाओं को रोज़गार देने के वादे पर सवाल उठाया है.
उन्होंने कहा, "अब तक रोज़गार क्यों नहीं दिया? और अब क्यों बात कर रहे हैं?"
इसके अलावा उन्होंने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार 'ज़रूर बनेगी'.
प्रियंका गांधी बिहार में चुनाव प्रचार के लिए पहुंची हैं. शनिवार को वह बेगूसराय के बछवाड़ा और खगड़िया के बेलदौर में चुनावी रैली को संबोधित करेंगी.
इमेज स्रोत, ANI
आंध्र प्रदेश के राज्यपाल के दफ़्तर ने बताया है कि श्रीकाकुलम ज़िले के वेंकटेश्वर मंदिर में मची भगदड़ में नौ श्रद्धालुओं की मौत हुई है.
राजभवन के आधिकारिक एक्स अकाउंट में एक पोस्ट कर बताया गया, "आंध्र प्रदेश के राज्यपाल एस. अब्दुल नज़ीर ने शनिवार को श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा स्थित श्री वेंकटेश्वर स्वामी मंदिर में भारी भीड़ के कारण हुई भगदड़ में नौ श्रद्धालुओं की मौत पर दुख और संवेदना व्यक्त की है."
इससे पहले आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने भगदड़ की पुष्टि करते हुए कुछ श्रद्धालुओं की मौत की जानकारी दी थी.
उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है. इसके अलावा घायलों को जल्द और उचित इलाज मुहैया कराने का आदेश दिया है.
इमेज स्रोत, Arun Kumar/ The India Today Group via Getty
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बताया है कि श्रीकाकुलम ज़िले के वेंकटेश्वर मंदिर में भगदड़ से कुछ श्रद्धालुओं की मौत हुई है.
हालांकि, इस घटना में कितने लोग हताहत हुए हैं, इसकी अब तक कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है.
चंद्रबाबू नायडू ने एक्स पर बताया, "श्रीकाकुलम ज़िले के काशीबुग्गा स्थित वेंकटेश्वर मंदिर में हुई भगदड़ की घटना अत्यंत दुखद है. इस हादसे में श्रद्धालुओं की मौत हृदयविदारक है. मैं दिवंगतों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं."
उन्होंने कहा, "इस घटना में घायल हुए लोगों को जल्द और उचित इलाज के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं. साथ ही स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से घटनास्थल पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने को कहा गया है."
समाचार एजेंसी पीटीआई ने मंदिर का एक वीडियो जारी किया है, जिसमें काफ़ी भीड़ देखी जा रही है.
इमेज स्रोत, Getty Images
पाकिस्तान ने अफ़ग़ानिस्तान के साथ संघर्ष के बाद बंद की गई तोरखम सीमा को लगभग 20 दिनों के बाद खोल दिया है. इसे पाकिस्तान में फंसे अफ़ग़ान शरणार्थियों के लिए खोला गया है.
अधिकारियों के मुताबिक़, केवल उन लोगों को ही सीमा पार करने की अनुमति दी जाएगी, जो संघर्ष की वजह से सीमा बंद होने से फंसे हुए हैं.
ये शरणार्थी जमरूर और अजाखेल क्षेत्रों में थे. उन्हें स्थानीय लोगों और समाजसेवियों की ओर से चिकित्सा सुविधाएं और भोजन उपलब्ध कराया जा रहा था.
कुछ दिन पहले पाकिस्तान में अफ़ग़ानिस्तान के राजदूत सरदार अहमद शाकिब ने एक वीडियो जारी कर कहा था कि सीमा बंद होने के कारण दोनों देशों के बीच व्यापार, आवागमन और लोगों की आवाजाही पूरी तरह से ठप हो गई है. इसकी वजह से फंसे हुए अफ़ग़ान शरणार्थियों की स्थिति बहुत ख़राब हो गई है.
उनके मुताबिक़, गिरफ़्तारी के डर से अफ़ग़ान लोग अपना सामान बांधकर अपने वाहनों में बैठे हैं और क्रॉसिंग प्वाइंट बंद होने के कारण आगे नहीं बढ़ पा रहे हैं.
सरदार अहमद शाकिब ने बताया कि पाकिस्तान के विभिन्न हिस्सों, ख़ासकर पंजाब प्रांत से आए शरणार्थियों के काफ़िले में लगभग 400 लोग जमरूद से तोरखम तक सड़क पर बड़े ट्रकों में फंसे हुए हैं. इनमें बच्चे, महिलाएं, बुज़ुर्ग और बीमार लोग शामिल हैं.
संबंधित कहानी: तोरखम में आमने-सामने पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान, गहरी हो रही अविश्वास की दरार
इमेज स्रोत, ANI
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को मलेशिया के कुआलालंपुर में 'आसियान डिफ़ेंस मिनिस्टर्स मीटिंग प्लस' में हिस्सा लिया.
इस दौरान उन्होंने कहा कि भारत, आसियान और प्लस देशों के साथ अपने रक्षा सहयोग को क्षेत्रीय शांति, स्थिरता और विकास में योगदान के रूप में देखता है.
उन्होंने कहा, "भारत इस फ़्रेमवर्क में अपने रोल को एक साझेदारी और सहयोग की भावना से देखता है. हमारा दृष्टिकोण ट्रांजैक्शनल नहीं, बल्कि लॉन्ग टर्म और प्रिंसिपल ड्रिवेन है. हम मानते हैं कि हिंद-प्रशांत खुला, समावेशी और किसी प्रकार के दबाव से मुक्त होना चाहिए."
राजनाथ सिंह ने कहा कि भारत 'म्युचुअल एंड हॉलिस्टिक एडवांसमेंट फ़ॉर सिक्योरिटी एंड ग्रोथ अक्रॉस रीजन' यानी 'महासागर' की भावना के अनुरूप बातचीत, साझेदारी और सहयोग के लिए तैयार है.
संबंधित कहानी: पीएम मोदी के मलेशिया नहीं जाने पर हो रही है ऐसी चर्चा
इमेज स्रोत, SAEED KHAN/AFP via Getty
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने श्रेयस अय्यर की चोट को लेकर तीसरा मेडिकल अपडेट जारी किया है. यह अपडेट बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की ओर से जारी किया गया है.
श्रेयस अय्यर को ऑस्ट्रेलिया के ख़िलाफ़ तीसरे वनडे मैच में फ़ील्डिंग के दौरान चोट लगी थी और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था. श्रेयस के स्प्लीन में चोट आई थी. यह मैच 25 अक्तूबर को खेला गया था.
बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने बताया कि श्रेयस अय्यर अब स्थिर हैं और अच्छी तरह से रिकवर कर रहे हैं.
उन्होंने बताया, "बीसीसीआई की मेडिकल टीम, सिडनी और भारत के विशेषज्ञ, श्रेयस अय्यर की रिकवरी से संतुष्ट हैं. उन्हें आज अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है."
इसके अलावा बीसीसीआई सचिव ने श्रेयस अय्यर का इलाज करने वाले डॉक्टरों का आभार जताया.
बीसीसीआई सचिव ने यह भी बताया कि श्रेयस आगे की जांच और परामर्श के लिए कुछ समय तक सिडनी में रहेंगे और उड़ान भरने के लिए फ़िट होने के बाद भारत लौटेंगे.
संबंधित कहानी: श्रेयस अय्यर की तबीयत पर बीसीसीआई ने जारी किया नया बयान
इमेज स्रोत, Brandon Drenon / BBC
जमैका की कीचड़ भरी सड़कों पर लोग मलबे में खाने की तलाश कर रहे हैं. कुछ लोग टूटी हुई दुकानों में कूदकर पानी की बोतलें या अन्य ज़रूरी सामान ढूंढ रहे हैं. जमैका में ये हालात मेलिसा तूफ़ान आने के बाद के हैं.
देश में मौतों की संख्या बढ़ रही है और ब्लैक रिवर शहर के लोग अब भी अपने लापता परिजनों को खोज रहे हैं. इसके अलावा वे खुद भी ज़िंदा रहने की जद्दोज़हद में हैं.
यह एक बंदरगाह शहर है जो कैरिबियाई क्षेत्र में आए मेलिसा तूफ़ान और तबाही का केंद्र है. यह तूफ़ान कैरिबियाई क्षेत्र के इतिहास में सबसे ताक़तवर कैटेगरी-5 के तूफ़ानों में से एक था.
स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले तीन दिनों से वे अराजकता के माहौल में रह रहे हैं. तेज़ हवाओं और समुद्री लहरों ने लगभग सबकुछ तबाह कर दिया है और चारों ओर तबाही का मंज़र है. बिजली और पानी की आपूर्ति पूरी तरह ठप है.
बीबीसी से बात करने वाले स्थानीय लोगों ने बताया कि अब तक इलाक़े में कोई राहत वाहन नहीं पहुंचा है. कई लोग सड़क किनारे मलबे में पड़ी खाने-पीने की चीज़ों से काम चला रहे हैं. कुछ लोग टूटे-फूटे सुपरमार्केट्स में घुसकर सामान उठा ले जा रहे हैं.
इमेज स्रोत, AFP via Getty Images
संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी के मुताबिक़, सूडान के शहर अल-फ़शर पर अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ (आरएसएफ़) के क़ब्ज़े के बाद अब तक 60 हज़ार से ज़्यादा लोग शहर छोड़कर जा चुके हैं.
आरएसएफ़ के लड़ाकों ने 18 महीने की घेराबंदी के बाद शहर में प्रवेश किया. इस दौरान भुखमरी और लगातार बमबारी की स्थिति बनी रही.
शहर पर कब्ज़े के बाद सामूहिक हत्याओं और मानवता के ख़िलाफ़ अपराधों की घटनाओं की भी ख़बरें आई हैं.
यूएनएचसीआर की प्रवक्ता यूजिन ब्यून ने बीबीसी को बताया कि हाल के दिनों में हिंसा से बचकर पश्चिम में लगभग 80 किलोमीटर दूर तविला कस्बे की ओर भागने वालों की संख्या बढ़ी है.
उन्होंने बताया कि विस्थापित लोग बलात्कार सहित भयावह अत्याचारों की कहानियां सुना रहे हैं और एजेंसी को उनके लिए पर्याप्त कैंपों और भोजन की व्यवस्था करने में कठिनाई हो रही है. उन्होंने यह भी कहा कि हर बच्चा कुपोषण से पीड़ित है.
अनुमान है कि अब भी डेढ़ लाख से अधिक लोग अल-फ़शर शहर में फंसे हुए हैं. यह शहर पश्चिमी दार्फ़ूर क्षेत्र में सेना का आख़िरी गढ़ था.
आरएसएफ़ ने इन आरोपों से इनकार किया है कि अल-फ़शर में हुई हत्याएं जातीय रूप से प्रेरित हैं. आरएसएफ़ ने इस आरोप का भी खंडन किया है कि ये हत्याएं अरब अर्धसैनिक बलों की ओर से गैर-अरब आबादी को निशाना बनाने के पैटर्न का हिस्सा हैं.
सूडान में सत्ता की लड़ाई जारी है, जो देश की सेना और अर्धसैनिक बल रैपिड सपोर्ट फ़ोर्सेज़ (आरएसएफ़) के बीच लड़ी जा रही है.
संबंधित कहानी: सूडान की जंग में फंसी महिला की आपबीती
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2025 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.