—विज्ञापन—
Breaking News Updates: नमस्कार, आज की खबरों की दुनिया में आपका स्वागत है। आज की प्रमुख खबर की बात करें तो दिल्ली यूनिवर्सिटी में लॉ फैकल्टी के स्टूडेंट्स ने एग्जाम डेट्स को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वहीं संसद के शीतकालीन सत्र के 17वें दिन आज लोकसभा में ‘वन नेशन-वन इलेक्शन बिल’ पेश हुआ। वहीं राज्यसभा में संविधान पर चर्चा का दूसरा दिन रहा। कोलकाता के आरजी कर केस में 2 आरोपियों को जमानत मिलने के खिलाफ डॉक्टर्स के 10 दिवसीय विरोध प्रदर्शन की शुरुआत हुई।
संभल में मंदिर और उसके पास निकले कुएं की जांच के लिए कल भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की टीम सुबह संभल जाएगी। टीम के साथ सुरक्षाकर्मी मौजूद रहेंगे। जानकारी के अनुसार मंदिर के पास बने कुएं की खुदाई को 18 फीट के बाद रोक दिया गया था जिसमें कई खंडित मूर्तियां निकल रही थी। इसी को देखते हुए पुरातत्व सर्वेक्षण विभाग की टीम को प्रशासन की तरफ से अवगत कराया गया। जिसके बाद कल सुबह 9 बजे के बाद टीम शिव मंदिर पर जांच के लिए पहुंचेगी।
गाजियाबाद में बढ़ती ठंड और प्रदूषण के चलते स्कूलों के समय में बदलाव किया गया। नर्सरी से लेकर 5वीं तक के छात्रों की कक्षाएं ऑनलाइन होंगी। प्रशासन ने आदेश जारी किया।
CBSE ने दिल्ली के 2 स्कूलों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की है। उन पर फर्जी दस्तावेजों के आधार पर स्कूल चलाने का आरोप है। जानकारी के अनुसार ये स्कूल हैं बुराड़ी का मानव भावना पब्लिक स्कूल, और उत्तम नगर का सत साहेब पब्लिक स्कूल। बताया जा रहा है कि स्कूलों द्वारा सीबीएसई से मान्यता प्राप्त करने के लिए फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल किए गए।
बीकानेर के महाजन फील्ड फायरिंग रेंज में मंगलवार को एक विस्फोट हो गया। जिसमें एक जवान की मौत हो गई है। मरने वाले की पहचान हवलदार चंद्र प्रकाश पटेल के रूप में हुई है। वह उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिला का रहने वाला था।
श्रीलंका के विदेश मंत्री विजिथा हेराथ ने मंगलवार को दिल्ली में कहा कि नई सरकार के तौर पर हमें अमेरिका, ब्रिटेन, रूस, चीन के साथ अच्छे संबंध रहने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि द्वीप के रूप में हमें अन्य देशों के साथ संबंध बनाने होंगे। अगले महीने हम चीन का दौरा करेंगे। बता दें श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके विदेश मंत्री समेत 17 दिसंबर तक भारत के तीन दिवसीय दौरे पर हैं।
राजधानी दिल्ली की आजादपुर मंडी रेड लाइट पर आज सुबह डीटीसी बस ने ऑटो को टक्कर मार दी, जिससे ऑटो क्षतिग्रस्त हुआ। अंदर बैठे लोगों को भी नुकसान पहुंचा। हादसे से गुस्साए लोगों ने डीटीसी बस को सड़क पर ही रोक लिया और हंगामा करने लगे। एक्सीडेंट की बात सुनकर ऑटो वाले भी पहुंच गए। ऑटो वालों ने डीटीसी बस में तोड़फोड़ करनी शुरू कर दी। बस के शीशे तोड़े गए और बस पर पथराव किया गया। रोड जाम करने की भी कोशिश की गई, पुलिस ने मौके पर आकर मामला शांत कराया।
मराठा नेता मनोज जारंगे पाटिल ने आरक्षण के मुद्दे पर फिर से भूख हड़ताल करने का ऐलान किया है। वे 25 जनवरी से भूख हड़ताल पर बैठेंगे। मराठा नेता ने महाराष्ट्र के सभी मराठाओं को ज़्यादा से ज़्यादा संख्या में अन्तरवाली सराटी आने का आह्वान किया। जारंगे पाटिल ने मराठाओं को अपनी ताकत दिखाने को कहा। मराठा नेता ने कहा कि यह उनका शायद आखिरी आंदोलन होगा। मनोज जारंगे पाटिल obc कोटे में मराठों को आरक्षण देने की मांग कर रहे हैं।
दिल्ली के आईजीआई हवाई अड्डे पर सोने की तस्करी का मामला सामने आया है। 15 दिसंबर 2024 को सीमा शुल्क अधिकारियों ने भारतीय महिला यात्री को काठमांडू से आई 2156 फ्लाइट से गिरफ्तार किया। महिला से 770 ग्राम सोने का पेस्ट बरामद हुआ, जो उसने अपने प्राइवेट पार्ट में छिपाया था। इसके अलावा 681 ग्राम सोने की एक बार भी बरामद की गई है, जिसकी कीमत लगभग 50.03 लाख है। यह सोना दुबई से बैंकॉक, फिर नेपाल और वहां से दिल्ली लाया गया था।
दिल्ली में बवाना की फैक्ट्री में भीषण आग लग गई है। मौके पर फायर ब्रिगेड की 15 गाड़ियां पहुंची और आग पर काबू पाया। दिल्ली में एन-63 सेक्टर-1 बवाना औद्योगिक क्षेत्र में मंगलवार सुबह भयंकर आग लग गई। आग लगने से उठे धुएं के कारण लोगों का दम घुटने लगा था।
पंजाब के अमृतसर जिले में इस्लामाबाद पुलिस स्टेशन के पास धमाका हुआ। आज अलसुबह करीब 3 बजे तेज धमाके की आवाज लोगों ने सुनी तो उनके दिल दहल गए। थाना इस्लामाबाद के पुलिस अधिकारी जसबीर सिंह ने बताया कि हमने भी आवाज सुनी, लेकिन थाने में कोई विस्फोट नहीं हुआ। इस ब्लास्ट की जिम्मेदारी गैंगस्टर जीवन फौजी ने ली है। धमाका इतना तेज था कि घर में दीवार पर लगी तस्वीर भी गिर गई।
आज लोकसभा सदन में एक देश एक चुनाव बिल पेश होगा। केंद्रीय कानून मंत्री अर्जुन मेघवाल इसे पेश करेंगे। इसके बाद बिल को JPC के पास भेजा जाएगा। इस कमेटी में सत्ता पक्ष, विपक्ष और अन्य दलों के सदस्य होंगे। भाजपा ने अपने सांसदों को सदन में उपस्थित रहने के लिए तीन लाइन का व्हिप जारी किया है। अर्जुन मेघवाल 2 महत्वपूर्ण विधेयक पेश करेंगे। इनमें ONOP विधेयक, जिसका आधिकारिक नाम संविधान (129वां संशोधन) विधेयक 2024 है और केंद्र शासित प्रदेश कानून (संशोधन) विधेयक शामिल हैं।
दिल्ली विश्वविद्यालय की लॉ फैकल्टी के छात्रों ने दावा किया है कि दिल्ली पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज किया है। छात्र सुबह से परीक्षा की तारीखों को आगे बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। छात्र डीन से मिलने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन डीन ने छात्रों के प्रतिनिधियों से मिलने के बजाय कैंपस के अंदर पुलिस बुला ली। दिल्ली डीसीपी (उत्तर) राजा बांठिया ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से बातचीत की।
#watch | Delhi | DCP (North) Raja Banthia interacts with Law students protesting outside Delhi University Law Faculty demanding to extend the exam date. pic.twitter.com/D2NRzZA9bb
— ANI (@ANI) December 16, 2024
#watch | Delhi | DCP (North) Raja Banthia interacts with Law students protesting outside Delhi University Law Faculty demanding to extend the exam date. pic.twitter.com/D2NRzZA9bb
Edited By
News24 हिंदी
Get Breaking News First and Latest Updates from India and around the world on News24. Follow News24 on Facebook, Twitter.
—विज्ञापन—
—विज्ञापन—
B.A.G Convergence Limited
Film City, Sector 16A, Noida, Uttar Pradesh 201301
Phone: 0120 – 4602424/6652424
Email: info@bagnetwork.in