Global Reactions on Delhi Blast: दिल्ली में कल शाम को हुए कार धमाके पर भारत के मंत्रियों व अन्य लोगों के आलावा देश-विदेश में भी…
दिल्ली में कल शाम को हुए कार धमाके पर भारत के मंत्रियों व अन्य लोगों के आलावा देश-विदेश में भी इसकी निंदा की जा रही है. यह धमाका फोर्ट मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास चलती हुई कार में हुआ. NIA और NSG को भी घटनास्थल के लिए रवाना कर दिया गया है. धमाका पुरानी दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुआ, जहां सड़क पर कई गाड़ियां खड़ी थीं. जानिए इस धमाके पर भारतीय और अन्य देशों ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि इस ब्लास्ट ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है. पीएम मोदी इस समय भूटान की यात्रा पर हैं, जहां से उन्होंने इस घटना की साजिश रचने वालों को सख्त चेतावनी दी है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज मैं बहुत भारी मन से यहां (भूटान) आया हूं.
कल शाम दिल्ली में जो भयानक घटना हुई, उससे सभी बहुत दुखी हैं. मैं प्रभावित परिवारों का दुख समझता हूं. आज पूरा देश उनके साथ खड़ा है.
नेपाल की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की ने दिल्ली में हुए धमाके पर दु:ख जताया है. पीएम कार्की ने एक्स पर पोस्ट किया, कल शाम दिल्ली में हुए दुखद विस्फोट से मैं स्तब्ध और दुखी हूं. शोक संतप्त परिवारों के प्रति गहरी संवेदना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करती हूं. उन्होंने लिखा, “नेपाल इस दुःख की घड़ी में भारत के साथ है.”
अमेरिका के स्टेट डिपार्टमेंट (गृह मंत्रालय) ने इस घटना पर शोक जताते हुए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “हमारी संवेदनाएं नई दिल्ली में हुए भयानक विस्फोट से प्रभावित लोगों के साथ हैं. हम स्थिति पर बारीकी से नजर रखना जारी रखे हुए हैं. उन परिवारों के प्रति हमारी हार्दिक संवेदना, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं.”
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की ख़बर बेहद दर्दनाक और चिंताजनक है. इस दुखद हादसे में कई निर्दोष लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है. इस दुख की घड़ी में अपने प्रियजनों को खोने वाले शोक संतप्त परिवारों के साथ खड़ा हूं और उनको अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं. सभी घायलों के जल्द से जल्द स्वस्थ होने की आशा करता हूं.
दिल्ली कार ब्लास्ट को लेकर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने कहा कि देश की प्रमुख जांच एजेंसियां इस घटना की तेज और विस्तृत जांच कर रही हैं. बहुत जल्द जांच की रिपोर्ट जनता के सामने लाई जाएगी. मैं देशवासियों को भरोसा दिलाता हूं कि इस त्रासदी के दोषियों को किसी भी सूरत में छोड़ा नहीं जाएगा.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने इस घटना को बहुत दुर्भाग्यपूर्ण बताया. उन्होंने कहा सरकार ने इस घटना को बहुत गंभीरता से लिया है. जो भी इसके पीछे हैं, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी. इस देश में आतंक के समर्थकों के लिए कोई जगह नहीं है. मैं उन लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करता हूं जिन्होंने अपने प्रियजन खोए हैं.
उन्होंने कहा 10 मिनट के भीतर दिल्ली पुलिस की स्पेशल ब्रांच और क्राइम ब्रांच मौके पर पहुंच गई. सभी संभावनाओं की जांच की जा रही है और परिणाम जनता के सामने रखे जाएंगे.
भारत में अर्जेंटीना के राजदूत मारियानो काउसिनो कहा कि अपने देश की जनता और सरकार की ओर से हम लाल किले पर हुए विस्फोट में अपने लोगों को खोने वाले के लिए संवेदना जाहिर करते हैं. हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं मृतकों के परिवारों के साथ हैं और हम सभी घायलों के जल्दी ठीक होने प्रार्थना करते हैं.
भारत में ईरान के दूतावास ने दिल्ली में हुए कार धमाके की घटना में कई आम लोगों की मौत और घायलों के प्रति गहरा दुःख जताया है. दूतावास ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा, “भारत की सरकार और जनता के प्रति ईरान अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता है. दूतावास पीड़ितों के शोक संतप्त परिवारों के प्रति भी अपनी हार्दिक संवेदना व्यक्त करता है.” ईरान ने धमाके में घायल हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है.
भारत में बांग्लादेश के उच्चायुक्त रियाज़ हमीदुल्लाह ने एक्स पर लिखा, “मैं और बांग्लादेश उच्चायोग के सहयोगी दिल्ली के लाल क़िले में हुए कार विस्फोट में भारतीयों की मौत और कई अन्य घायलों को लेकर गहरा शोक व्यक्त करते हैं.” “हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उन सभी प्रभावित लोगों के साथ हैं, जिनमें उनके परिवार भी शामिल हैं. इस कठिन समय में बांग्लादेश भारत के साथ खड़ा है.”
भारत में ऑस्ट्रेलिया के उच्चायुक्त फिलिप ग्रीन ने भी इस घटना पर शोक जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा, “दिल्ली के लाल क़िले के पास आज शाम हुई घटना से प्रभावित सभी लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदनाएं हैं.” “हमारी संवेदनाएं उन परिवारों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खोया है और हम घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”
भारत में फ़्रांस के राजदूत थिएरी माथू ने एक्स पर पोस्ट करके कहा है कि उनकी संवेदनाएं पीड़ितों के साथ हैं. उन्होंने कहा, “फ्रांसीसी जनता और सरकार की ओर से मैं लाल क़िला विस्फोट में अपने प्रियजनों को खोने वालों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं. हमारी संवेदनाएं पीड़ितों के परिवारों के साथ हैं, और हम सभी घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं.”
Your email address will not be published.
Living India News is 24×7 satellite News channel with deep focus on the North Indian states of Punjab, Haryana, Himachal Pradesh, Jammu Kashmir & Delhi. The channel has its head office in Chandigarh, India.
Contact us: info@livingindianews.co.in