Feedback
मनी लॉन्ड्रिंग के एक बड़े मामले में प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली एनसीआर में व्यापक कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में नकदी, सोना, हीरे के आभूषण और संपत्ति से जुड़े दस्तावेज बरामद किए हैं. यह कार्रवाई कथित गैंगस्टर इंदरजीत सिंह यादव और उसके सहयोगियों के खिलाफ की गई है.
ईडी द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, दिल्ली के सर्वप्रिय विहार स्थित आवासीय परिसर में की गई तलाशी के दौरान 5.12 करोड़ रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद की गई. इसके साथ ही एक सूटकेस में भरे सोने और हीरे के आभूषण भी मिले, जिनकी अनुमानित कीमत 8.8 करोड़ रुपये बताई जा रही है. इसके अलावा करीब 35 करोड़ रुपये मूल्य की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज भी जब्त किए गए हैं.
इस कार्रवाई के बाद ईडी ने एक और बड़ी तलाशी पश्चिम दिल्ली के वेस्टएंड ग्रीन फार्म्स स्थित सुनील गुप्ता के आवास और फार्महाउस पर शुरू की. यह तलाशी 30 दिसंबर 2025 को शुरू हुई थी, जो अब भी जारी है. ईडी के मुताबिक सुनील गुप्ता का नाम इस मामले में संदिग्ध भूमिका के तौर पर सामने आया है.
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली एनसीआर में बड़ी कार्रवाई
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि सुनील गुप्ता ने पहले इंदरजीत सिंह यादव के सहयोगी अमन कुमार को कर्ज दिया था. ईडी की जांच शुरू होने के बाद अमन कुमार ने कथित तौर पर अपराध से अर्जित धन को ठिकाने लगाने के लिए बड़ी रकम सुनील गुप्ता को ट्रांसफर करने की कोशिश की थी.
वेस्टएंड ग्रीन फार्म्स स्थित परिसर से अब तक 1.22 करोड़ रुपये नकद और करीब 8.50 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण जब्त किए गए हैं. इन बरामदगियों के साथ ही बीते दो दिनों में कुल नकद बरामदगी का आंकड़ा बढ़कर 6.37 करोड़ रुपये हो गया है.
भारी मात्रा में कैश और जेवरात बरामद
ईडी के अनुसार अब तक कुल 16.50 करोड़ रुपये मूल्य की ज्वेलरी भी बरामद की जा चुकी है. जांच एजेंसी इस पूरे मामले में पैसों के लेनदेन और संपत्तियों के स्रोतों की गहराई से जांच कर रही है. अधिकारियों का कहना है कि तलाशी अभियान अभी जारी है और आगे और भी खुलासे होने की संभावना है. ईडी द्वारा जब्त नकदी और आभूषणों की तस्वीरें भी दस्तावेज के तौर पर संलग्न की गई हैं. मामले में इंदरजीत सिंह यादव और उससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका को लेकर जांच तेज कर दी गई है.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू