खजुराहो रेलवे स्टेशन से पन्ना जा रही यात्री बस रविवार सुबह 11 बजे बमीठा थाना क्षेत्र के चंद्रनगर नहर के पास बेकाबू होकर पलट गई। हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए, जिन्हें तुरंत बमीठा और चंद्रनगर स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया गया।
बस क्रमांक (MP 35 P 0239) सड़क किनारे पलटते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। घटना की सूचना मिलते ही बमीठा थाना प्रभारी आशुतोष श्रोत्रिय पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया। बस में करीब 30 से अधिक यात्री सवार थे, जिन्हें पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से बाहर निकाला।
देखिए तस्वीरें…
हादसे में 20 घायल, गर्भवती महिला सहित तीन गंभीर
घायल यात्रियों में से कुछ ने आरोप लगाया कि हादसे के समय सामने से कोई अन्य वाहन नहीं आ रहा था और ड्राइवर ने अचानक स्टीयरिंग मोड़दी और बस पलट गई और बस से छलांग लगाकर भाग गया।
यात्रियों के अनुसार, लगभग 20 लोग घायल हुए हैं, जिनमें से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है। गंभीर घायलों में एक गर्भवती महिला और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। प्रारंभिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायल यात्रियों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
टीआई बोले- घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचाया
बमीठा टीआई आशुतोष श्रोत्रिय ने बताया कि घायलों को सुरक्षित अस्पताल पहुंचा दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि यदि जांच में ड्राइवर की लापरवाही सामने आती है, तो उसके खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। फिलहाल, पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई जारी है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.