Feedback
मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर सोमवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब एअर इंडिया और इंडिगो के विमानों के बीच जमीन पर टक्कर हो गई. विमानों के विंग्स आपस में टकरा गए. घटना उस वक्त हुई जब दोनों विमानों में यात्री सवार थे. राहत की बात यह रही कि इस हादसे में सभी यात्री सुरक्षित हैं.
एअर इंडिया की फ्लाइट AI 2732 मुंबई से कोयंबटूर जाने के लिए टेक-ऑफ से पहले पुशबैक की प्रक्रिया में थी. इसी दौरान इंडिगो की फ्लाइट 6E 791, जो हैदराबाद से मुंबई पहुंची थी, लैंडिंग के बाद टैक्सी कर रही थी. इसी दौरान दोनों विमानों के विंगटिप आपस में टकरा गए.
एअर इंडिया की ओर से जारी आधिकारिक बयान में कहा गया है कि 3 फरवरी को मुंबई से कोयंबटूर जाने वाली फ्लाइट AI 2732 में देरी हुई, क्योंकि जिस विमान को इस उड़ान के लिए इस्तेमाल किया जाना था, वह टैक्सीवे पर खड़े दूसरे एयरलाइन के विमान से संपर्क में आ गया. एअर इंडिया के बयान के अनुसार, दोनों विमानों के विंग्सटिप आपस में टकराए, जिससे एअर इंडिया के विमान के विंगटिप को नुकसान पहुंचा.
एअर इंडिया ने बताया कि एहतियातन विमान को आगे की तकनीकी जांच के लिए ग्राउंड कर दिया गया है. सभी यात्रियों को सुरक्षित तरीके से विमान से उतार लिया गया और ग्राउंड स्टाफ यात्रियों के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कर रहा है.
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना की जानकारी संबंधित विमानन नियामक को दे दी गई है. एअर इंडिया ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए खेद जताते हुए कहा कि यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकता है.
घटना के समय इंडिगो की फ्लाइट में भी यात्री मौजूद थे, हालांकि इंडिगो की ओर से फिलहाल विस्तृत बयान सामने नहीं आया है. सूत्रों के अनुसार, दोनों विमानों को मामूली क्षति हुई है और एयरपोर्ट संचालन पर कुछ समय के लिए असर पड़ा.
यह घटना एक बार फिर एयरपोर्ट पर ग्राउंड मूवमेंट और ट्रैफिक मैनेजमेंट की अहमियत को रेखांकित करती है. फिलहाल जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि यह टक्कर मानवीय चूक थी या किसी तकनीकी कारण से हुई.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू