दिल्ली की एक अदालत ने कथित शराब घोटाला मामले में पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत सभी 23 आरोपियों को बरी कर दिया है। इससे देश की ख्यात जांच एजेंसी केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) के साथ ही, ईडी को भी झटका लगा है, तो दूसरी ओर, आम आदमी पार्टी में स्वाभाविक ही नए उत्साह का संचार हो गया है। यह तथ्य है, आबकारी नीति से जुड़े इस कथित घोटाले से सर्वाधिक नुकसान आम आदमी पार्टी का हुआ था, जो तब दिल्ली की सत्ता में थी। वैसे, निचली अदालत के इस फैसले के खिलाफ सीबीआई उच्च न्यायालय में अपील करेगी, पर प्रथम दृष्टया, इस सवाल को बल मिला है कि क्या सीबीआई दिल्ली के कुछ आला नेताओं को बगैर मजबूत अभियोजन के कठघरे में खड़ा कर रही थी? अब सीबीआई भले यह शिकायत करे कि निचली अदालत ने तथ्यों को ठीक से नहीं देखा, पर तथ्यों को अदालत में ठीक से पेश करने की जिम्मेदारी क्या सीबीआई की नहीं थी? केवल किसी मामले को उठा देना, सनसनी बनाकर बड़े से बड़े नेता या मुख्यमंत्री, मंत्री को गिरफ्तार कर लेना कहां तक उचित है? क्या किसी नागरिक या नेता पर शिकंजा कसने से पहले ही किसी जांच एजेंसी को अपराध संबंधी तमाम सुबूत नहीं जुटाने चाहिए?
खैर, यह देखने वाली बात होगी कि अब सीबीआई उच्च न्यायालय में अपील करते हुए कैसे नए सुबूत पेश करती है? सीबीआई ही नहीं, देश की सभी जांच एजेंसियों को गौर करना चाहिए कि हर एजेंसी की एक छवि है, जो बिगड़नी नहीं चाहिए। एजेंसियों को अपनी छवि के साथ ही, आम लोगों की गरिमा, जन-प्रतिनिधियों और प्रबुद्ध लोगों की छवि के प्रति भी सचेत रहना चाहिए। वैसे भी जन-प्रतिनिधियों पर आरोप कम नहीं लगते हैं, पर ऐसे आरोप राजनीतिक प्रवृत्ति के ज्यादा होते हैं। यहां यह ध्यान रखने की बात होगी कि राजनीतिक प्रवृत्ति के आरोपों से प्रेरित होकर हमारी एजेंसियों को कदम नहीं उठाने चाहिए। इससे भी बड़ी बात है, एक बार पुख्ता ढंग से सुबूत जुटा लिए, आरोप लगा दिए, गिरफ्तार कर लिया, तो अपराध साबित करके दम लेना चाहिए। इस बहु-चर्चित मामले में अभाव केवल सुबूतों का ही नहीं है, अभियोजन में कई आंतरिक विरोधाभास भी हैं, तभी यह मामला न्यायिक जांच में खरा नहीं उतरा है।
निस्संदेह, अदालत के इस फैसले से पूरी आम आदमी पार्टी का मनोबल बढ़ेगा। अरविंद केजरीवाल की बातों पर लोग गौर कर रहे हैं। उन्होंने भावुक होते हुए कहा है कि मैं भ्रष्ट नहीं हूं, साबित हो गया है कि केजरीवाल और मनीष सिसोदिया ईमानदार हैं। संकेत स्पष्ट है, यहां से आम आदमी पार्टी की राजनीति को नया जीवन मिलेगा। जिन राज्यों में चुनाव आसन्न हैं, वहां पार्टी की सक्रियता बढ़ेगी। अभी पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, सबसे ज्यादा फायदा उसे वहीं होगा। साल 2027 में वहां विधानसभा चुनाव होने हैं और आम आदमी पार्टी अब वहां आक्रामक ढंग से प्रचार कर सकेगी। राजनीति का अपना ढंग होता है, वहां राजनेता लाभ-हानि का गणित बिठाते हैं और इस बार भी जरूर बिठाएंगे। हमारे लिए ज्यादा चिंतन की बात तो यह है कि कानून-व्यवस्था पर आम लोगों के विश्वास को कैसे बनाए रखा जाए? अब समय आ गया है कि देश की तमाम जांच एजेंसियों या उसके अधिकारियों की योग्यता को परखा जाए। अगर कोई भी जांच एजेंसी अभियोजन, जांच और ईमानदार दस्तावेजीकरण में कोताही बरत रही है, तो उसमें यथोचित सुधार की पहल शुरू होनी चाहिए।
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। करीब एक सदी से यह अखबार हिंदी भाषी पाठकों की पसंद बना हुआ है। देश-दुनिया की Hindi News को पढ़ने के लिए यह अखबार लगातार पाठकों की पसंद बना हुआ है। इसके अतिरिक्त समकालीन मुद्दों पर त्वरित टिप्पणी, विद्वानों के विचार और साहित्यिक सामग्री को भी लोग पसंद करते रहे हैं। यहां आप ग्लोबल से लोकल तक के सभी समाचार एक ही स्थान पर पा सकते हैं। हिन्दुस्तान अखबार आपको उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली-एनसीआर, राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, झारखंड, पंजाब और हरियाणा जैसे राज्यों की खबरें प्रदान करता है। दक्षिण भारत के राज्यों की खबरें भी आप यहां पाते हैं।
इसके अतिरिक्त मनोरंजन, बिजनेस, राशिफल, करियर, ऑटो, गैजेट्स और प्रशासन से जुड़ी खबरें भी यहां आप पढ़ सकते हैं। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play