शोक के साये से उठेगा IPL, अब मैदान पर हर पल होगा हाई-वोल्टेज टकराव! – AajTak

Feedback
मौजूदा चैम्पियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) मुश्किल दौर से उबरने की कोशिश में हैं, दिग्गज टीमें अपनी खोई पहचान वापस पाना चाहती हैं. कुछ बड़े खिलाड़ी अपनी अहमियत साबित करने की लड़ाई में हैं और नए चेहरे मौका भुनाने को तैयार हैं. ऐसे में शनिवार से शुरू हो रहा IPL 2026 अगले दो महीनों में कई दिलचस्प मुकाबले और कहानियां लेकर आएगा.
RCB टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) की मेजबानी एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में करेगी. लेकिन यह शुरुआत वैसी नहीं है, जैसी आमतौर पर किसी चैम्पियन टीम से अपेक्षित होती है.
4 जून को टीम के खिताबी जश्न के दौरान स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ में 11 प्रशंसकों की मौत की त्रासदी ने इस मैच के माहौल को गंभीर बना दिया है. आमतौर पर जहां उद्घाटन मुकाबले में जश्न, रंग और शोर होता है, वहीं इस बार एक सादगी और संवेदनशीलता का माहौल रहेगा.
कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) और आरसीबी मैनेजमेंट ने दिवंगत प्रशंसकों को श्रद्धांजलि देने के लिए विशेष कदम उठाए हैं. स्टेडियम में 11 सीटें स्थायी रूप से खाली रखी जाएंगी, जो उस हादसे की याद दिलाती रहेंगी. इसके अलावा पहले मैच के दिन प्रैक्टिस सेशन के दौरान खिलाड़ी 11 नंबर की जर्सी पहनेंगे. स्टेडियम को भी राज्य सरकार से अनुमति मिलने में देरी के कारण अनिश्चितता के दौर से गुजरना पड़ा था.
हालांकि क्रिकेट का स्वभाव ऐसा है कि मैदान पर उतरते ही भावनाएं अक्सर पीछे छूट जाती हैं और प्रदर्शन ही सबसे बड़ा सच बन जाता है. इस लिहाज से देखा जाए तो दोनों टीमों के सामने सबसे बड़ी चुनौती उनकी गेंदबाजी इकाई है.
RCB vs SRH: दोनों की हालत एक जैसी
आरसीबी को इस सीजन अपने दो अहम गेंदबाज जोश हेजलवुड और यश दयाल की कमी खलेगी. हेजलवुड फिलहाल ऑस्ट्रेलिया में रिहैबिलिटेशन से गुजर रहे हैं और बाद के चरण में टीम से जुड़ सकते हैं, जबकि यश दयाल पूरे सीजन से बाहर रहेंगे. ऐसे में टीम की गेंदबाजी का भार काफी हद तक भुवनेश्वर कुमार, क्रुणाल पंड्या, सुयश शर्मा और मंगेश यादव पर आ जाएगा.
दूसरी ओर, हैदराबाद की स्थिति भी कुछ अलग नहीं है. टीम के नियमित कप्तान पैट कमिंस शुरुआती मुकाबलों में उपलब्ध नहीं रहेंगे, जिसके चलते ईशान किशन को कप्तानी सौंपी गई है. हालांकि टीम के गेंदबाजी विकल्प- ब्रायडन कार्स, जयदेव उनादकट, हर्षल पटेल और हर्ष दुबे फ्लैट पिचों पर कड़ी परीक्षा से गुजर सकते हैं.
ऐसे में यह लगभग तय है कि दोनों टीमें अपनी बल्लेबाजी ताकत के सहारे मुकाबलों का रुख तय करने की कोशिश करेंगी. आरसीबी के पास  विराट कोहली, टिम डेविड, फिल सॉल्ट, जैकब बेथेल, कप्तान रजत पाटीदार और रोमारियो शेफर्ड जैसे आक्रामक बल्लेबाज मौजूद हैं. वहीं, हैदराबाद की ओर से ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, किशन और हेनरिक क्लासेन जैसे खिलाड़ी किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त करने की क्षमता रखते हैं.
विरासत वाली टीमें वापसी की तलाश में
आईपीएल के इतिहास की तीन सबसे सफल टीमों मुंबई इंडियंस (MI), चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के नाम कुल 13 खिताब दर्ज हैं. हालांकि पिछले सीजन में इन तीनों टीमों का प्रदर्शन अपेक्षा के अनुरूप नहीं रहा.
मुंबई इंडियंस प्लेऑफ तक जरूर पहुंची, लेकिन टीम में वह आत्मविश्वास और संतुलन नहीं दिखा, जो पांच बार की चैम्पियन टीम से अपेक्षित होता है. इस बार टीम एक नए संकल्प के साथ उतरेगी और अपने पुराने गौरव को हासिल करने की कोशिश करेगी.
वहीं, कोलकाता नाइट राइडर्स और चेन्नई सुपर किंग्स का पिछला सीजन निराशाजनक रहा. दोनों टीमें क्रमशः आठवें और दसवें स्थान पर रहीं. इस बार इन टीमों ने अपने संयोजन में बदलाव करते हुए नए खिलाड़ियों को शामिल किया है. चेन्नई ने संजू सैमसन को टीम में शामिल किया है, जबकि गेंदबाजी को मजबूत करने के लिए मैट हेनरी और नूर अहमद को जोड़ा गया है.
चेन्नई की सबसे बड़ी ताकत एक बार फिर एमएस धोनी होंगे, जो अपने भविष्य को लेकर अभी भी सस्पेंस बनाए हुए हैं. ऐसे में यह सीजन उनके लिए ‘एक आखिरी सुनहरा मौका’ भी साबित हो सकता है.
कोलकाता ने भी अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए टिम सीफर्ट, फिन एलन, रचिन रवींद्र और कैमरन ग्रीन जैसे खिलाड़ियों को शामिल किया है. टीम की कमान अजिंक्य रहाणे के हाथों में है, जो शीर्ष क्रम में स्थिरता प्रदान करेंगे. वहीं, रिंकू सिंह को आंद्रे रसेल की गैरमौजूदगी में फिनिशर की भूमिका निभानी होगी, जो टीम के लिए एक बड़ी जिम्मेदारी होगी.
 
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News