UP News Today LIVE: भगदड़ मामले में हाथरस के डीएम और एसएसपी 15 जनवरी को हाईकोर्ट में तलब – Jansatta

UP Latest Breaking News Today LIVE Updates: इलाहाबाद हाईकोर्ट ने हाथरस में हुई भगदड़ की घटना के मामले में जिले के तत्कालीन जिला मजिस्ट्रेट और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक को 15 जनवरी को व्यक्तिगत रूप से पेश होकर यह बताने का निर्देश दिया है कि इस घटना के लिए उनकी जवाबदेही क्यों ना तय की जाए। याचिकाकर्ता मंजू देवी की जमानत याचिका पर सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति शेखर कुमार यादव ने बुधवार को कहा, “आयोजक अपने लाभ के लिए भोली भाली जनता को बुलाते हैं और समुचित व्यवस्था ना होने के कारण ऐसी घटनाएं होती हैं। पुलिस बल, चिकित्सा आदि की समुचित व्यवस्था है या नहीं, यह देखने की जिम्मेदारी प्रशासन की होती है।” 
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से कहा कि वह तीन नए आपराधिक कानूनों को लागू करने में हुई प्रगति की अगले महीने समीक्षा करें और उन्हें यथाशीघ्र पूर्ण रूप से राज्य में लागू करें। दिल्ली नॉर्थ ब्लॉक स्थित गृह मंत्री के कार्यालय में समीक्षा बैठक के दौरान शाह ने आदित्यनाथ को यह संदेश दिया। एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, गृह मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को हर 15 दिन में तीन नए कानूनों को लागू करने में हुई प्रगति की समीक्षा करनी चाहिए और मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ सप्ताह में एक बार इसकी समीक्षा करनी चाहिए। 
उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले के ऐतिहासिक बिल्लेश्वर महादेव मंदिर में महाभारत काल के शिवलिंग को बुधवार को क्षतिग्रस्त किए जाने से स्थानीय निवासियों के बीच आक्रोश फैल गया। पुलिस ने घटना के सिलसिले में मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया कि घटना तहसील मुख्यालय से लगभग तीन किलोमीटर दूर पुरवा-मौरावां मार्ग पर पुरवा कोतवाली क्षेत्र में स्थित प्राचीन मंदिर में हुई। शिवलिंग महाभारत काल का बताया जाता है।
फिरौती के पत्र में गलत स्पेलिंग के कारण पुलिस को अपहरण के एक फर्जी मामले का खुलासा करने में मदद मिली, जिसमें एक व्यक्ति ने अपने बड़े भाई को ठगकर उससे 50 हजार रुपए की मांग की थी। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में गन्ना क्रय केंद्र पर तौल का काम करने वाले युवक ने खुद के अपहरण की कहानी रची और रुपए के लिए भाई के मोबाइल पर संदेश में लिखा कि पुलिस को जानकारी देने पर ‘डेथ’ हो जायेगी। पुलिस ने ‘अपहृत’ युवक को रूपापुर के पास तलाश कर लिया। पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने जब युवक से ‘डेथ’ की स्पेलिंग लिखवाई तो उसने वही गलत स्पेलिंग लिखी जो उसने पहले संदेश में लिखी थी।
संत कबीर नगर जिले के खलीलाबाद क्षेत्र के एक गांव में फोटो स्टूडियो के मालिक ने 22 वर्षीय एक युवती से कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पुलिस ने बुधवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि दर्ज शिकायत के अनुसार युवती फोटो खिंचवाने के लिए सोमवार को स्टूडियो गई थी, जहां रामछैल यादव उर्फ ​​वासुदेव यादव ने उससे कथित तौर पर दुष्कर्म किया। पीड़िता की मां ने आरोप लगाया कि यादव विवाहित है और उसने अविवाहित होने का दावा करके उनके बेटी के साथ शारीरिक संबंध बनाए तथा शादी करने का झांसा दिया। शिकायत के अनुसार, यादव ने पीड़िता को धमकी भी दी कि अगर उसने घटना के बारे में किसी को बताया तो उसे गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। खलीलाबाद थाना के प्रभारी सतीश सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और विस्तृत जांच की जा रही है।
महाकुंभ शुरू होने में एक सप्ताह से भी कम समय बचा है, ऐसे में राज्य पुलिस ने मेला क्षेत्र में, खासकर संगम के आसपास सघन जांच अभियान शुरू किया है। उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सरकार का अनुमान है कि 13 जनवरी से 26 फरवरी तक धार्मिक समागम के दौरान विदेशियों सहित करीब 40 से 45 करोड़ पर्यटक आएंगे। यहां जारी एक बयान में कहा गया है, ‘‘महाकुंभ 2025 के सुचारू और सुरक्षित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए पुलिस उप महानिरीक्षक वैभव कृष्ण (आईपीएस) के नेतृत्व में मुख्य स्नान पर्व से पहले सघन जांच अभियान शुरू किया गया।
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि शिक्षकों पर समाज और राष्ट्र निर्माण की जिम्मेदारी है तथा समय के साथ उनकी भूमिका में बदलाव आया है। सिंह मंगलवार को यहां माध्यमिक शिक्षक संघ (शर्मा गुट) के मुफीद-ए-आम इंटर कॉलेज में आयोजित राज्य सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इससे पहले राजनाथ सिंह ने तीन दिवसीय सम्मेलन का दीप प्रज्ज्वलित करके उद्घाटन किया। उन्होंने कहा, ‘‘शिक्षकों की भूमिका बताने की आवश्यकता नहीं। राजनीति में आने से पहले मैं भी शिक्षक था। भले अब शिक्षक नहीं हूं, पढ़ाने का क्रम टूटा है, लेकिन पढ़ाई जारी है।’’
प्रयागराज में महाकुंभ के दौरान भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और मंदिरों के लिए प्रसिद्ध शहर अयोध्या में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। यह जानकारी मंगलवार को जारी एक आधिकारिक बयान में दी गई। बयान में कहा गया है कि प्रयागराज महाकुंभ के दौरान अयोध्या आने वाले श्रद्धालुओं के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर सारी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं। बयान में कहा गया है कि दस हजार लोगों के ठहरने के इंतजाम के साथ ही उनकी मूलभूत सुविधाओं को ध्यान रखते हुए नगर निगम द्वारा जगह-जगह पेयजल, शौचालय व प्रकाश व्यवस्था के भी इंतजाम किए गए हैं।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को ठंड के मौसम में आमजन की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पुख्ता इंतजाम रखने के निर्देश दिए और हिदायत दी कि महाकुंभ में स्वास्थ्य विभाग का दस्ता लगातार भ्रमण करके लोगों का हाल पूछे और जरूरत हो तो उपचार भी मुहैया कराये। यहां जारी एक आधिकारिक बयान के अनुसार मुख्यमंत्री ने मंगलवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक में कहा, ‘‘पूरे राज्य में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। शीतलहर चल रही है। यह समय बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर रोग से ग्रस्त लोगों की सुरक्षा के दृष्टिगत विशेष सतर्कता बरतने वाले है।”

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News