Jharkhand News: बोकारो में एक अस्पताल में मरीज की मौत हो गई, जिसके बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया. हंगामा की सूचना मिलने पर चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची.
Trending Photos
Bokaro News: बोकारो के चास के तेलीडीह रोड स्थित सुरेश अमृत मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के दौरान 55 वर्षीय महिला पार्वती देवी की मौत हो गई. महिला की मौत हो जाने के बाद शुक्रवार को अस्पताल परिसर में हंगामा हो गया. मृतका बरडटांड, नारायणपुर पंचायत की निवासी थीं. उन्हें 2 मार्च की रात करीब 8 बजे उनके पति प्रदीप शर्मा ने ऑपरेशन के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था.
परिजनों के अनुसार, ऑपरेशन से पहले डॉक्टर के निर्देश पर सभी आवश्यक जांच कराई गई थी और सभी रिपोर्ट सामान्य बताई गई थी. शुक्रवार सुबह करीब 7 बजे डॉ. शुभ्रा वर्मा की देखरेख में ऑपरेशन शुरू हुआ, लेकिन ऑपरेशन के दौरान ही पार्वती देवी की हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई.
मृतका के बेटे ने आरोप लगाया कि ऑपरेशन के दौरान शुरू में सब कुछ सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन करीब एक घंटे बाद ऑपरेशन थिएटर में अफरा-तफरी मच गई. परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में ऑक्सीजन सिलेंडर की व्यवस्था नहीं थी, जिसके कारण उनकी मां की जान चली गई. हालांकि, अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों ने इस आरोप से इनकार करते हुए मौत का कारण हार्ट अटैक बताया है.
घटना की सूचना मिलने पर चास थाना प्रभारी सुषमा कुमारी अस्पताल पहुंचीं और मामले की जानकारी ली. उन्होंने बताया कि प्रारंभिक जांच में पता चला है कि यूटरस का ऑपरेशन चल रहा था. उन्होंने कहा कि जांच की जा रही है.
घटना के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा किया, जिसे बाद में समझा-बुझाकर शांत कराया गया. अस्पताल प्रबंधन ने मृतका के परिजनों को इलाज में खर्च हुई राशि वापस करने के साथ 6 लाख रुपए का मुआवजा दिया. इसके बाद परिजन शव को अंतिम संस्कार के लिए अपने घर ले गए. पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है.
रिपोर्ट: मृत्युंजय मिश्रा
यह भी पढ़ें: हजारीबाग कांड: अब कांग्रेस ने ही उठाए सवाल, अम्बा प्रसाद ने CBI जांच की मांग की
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.