अजमेर के सिविल लाइन थाना क्षेत्र में मकान किराए के विवाद को लेकर हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने आरोपी खादीम को गिरफ्तार कर लिया है।
आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त अवैध देशी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और मौके से 2 कारतूस के खोल बरामद किए गए हैं। वही एक नाबालिक को निरोध किया गया है। शुक्रवार को मामले का खुलासा एडिशनल एसपी सिटी हिमांशु जांगिड़ और सीओ शिवम जोशी की ओर से किया गया।
एडिशनल एसपी हिमांशु जांगिड़ के अनुसार 1 अप्रैल 2026 को फूस की कोठी, कुंदन नगर क्षेत्र में झगड़ा और फायरिंग की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ित आईसा ने बताया कि उसने अपना मकान किराए पर दिया हुआ था और खाली करने को कहने पर किरायेदार सैयद गुलरेज चिश्ती नियाजी ने गुस्से में आकर मारपीट शुरू कर दी।
इस दौरान बीच-बचाव करने पहुंचे पड़ोसियों के सामने आरोपी ने पिस्टल से फायर कर दिया। गोली शिकायतकर्ता को न लगकर वहां खड़े 16 वर्षीय मोहम्मद तुफैल खान के दाहिने हाथ में जा लगी, जिससे वह घायल हो गया। घायल को तुरंत जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने लाकर पूछताछ की। घटना में शामिल आरोपी गुलरेज के कान पर भी चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि एक नाबालिग को निरुद्ध किया गया है।
जांच के दौरान एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण किया और दो कारतूस के खोल जब्त किए। बाद में आरोपी की निशानदेही पर अवैध देशी पिस्टल और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए गए। पुलिस आरोपी से हथियार खरीद के स्रोत को लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी चार आपराधिक मामले दर्ज हैं।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.