PM Modi Speech in Hindi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi LIVE) महिला आरक्षण बिल के मामले पर देश को संबोधित किया. उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि ये राजनीति वह अंग्रेजों से विरासत में लेकर आई है. पीएम ने कहा कि विपक्ष को उसके पाप की सजा जरूर मिलेगी. उन्होंने कहा कि देश की नारी शक्ति कांग्रेस को कभी माफ नहीं करेगी.
दरअसल, शुक्रवार को लोकसभा में महिला आरक्षण (Women Reservation Bill) से जुड़ा संविधान (131वां संशोधन) विधेयक पारित नहीं हो सका. इस प्रस्ताव में लोकसभा की सीटों को 543 से बढ़ाकर 816 करने और महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की बात कही गई थी.
मतदान के दौरान बिल के समर्थन में 298 और विरोध में 230 वोट पड़े, जबकि इसे पास कराने के लिए 352 मतों की आवश्यकता थी. सूत्रों के अनुसार, शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक में प्रधानमंत्री ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि महिला आरक्षण का समर्थन न करना उनकी बड़ी गलती है और इसके राजनीतिक परिणाम उन्हें भुगतने पड़ सकते हैं.
उम्मीद है कि मोदी महिला आरक्षण के कार्यान्वयन के मुद्दे और संसद में हुई घटनाओं पर विस्तार से चर्चा करेंगे, जहां विपक्षी दलों ने शुक्रवार को संविधान (131वां संशोधन) विधेयक के खिलाफ मतदान किया था. इस विधेयक के तहत, 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन कवायद के बाद, 2029 के संसदीय चुनावों से पहले महिला आरक्षण कानून को “कार्यान्वित” करने के लिए लोकसभा सीटों को वर्तमान 543 से बढ़ाकर 816 तक किया जाना था.
राज्य और केंद्र शासित प्रदेशों की विधानसभाओं में भी महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण को समायोजित करने के लिए सीटों की संख्या बढ़ाई जानी थी. इस महत्वपूर्ण विधेयक को पारित करने के लिए दो तिहाई बहुमत की आवश्यकता थी, लेकिन सत्तारूढ़ भाजपा के नेतृत्व वाला गठबंधन आवश्यक समर्थन नहीं जुटा सका.
पीएम मोदी ने कहा, ‘बिल पास कराने के लिए जरूरी 66 परसेंट वोट हमें नहीं मिला हो… लेकिन मैं जानता हूं, देश की 100 परसेंट नारीशक्ति का आशीर्वाद हमारे साथ है. मैं देश की हर नारी को विश्वास दिलाता हूं, हम महिला आरक्षण के रास्ते में आने वाले हर रुकावट को खत्म करेंगे. महिला आरक्षण का विरोध करने वाली पार्टियां, ये देश की नारी शक्ति को संसद और विधानसभाओं में उनकी भागीदारी बढ़ाने से रोक नहीं पाएंगी. कांग्रेस हमेशा से हर रिफॉर्म को रोककर बैठी रही. लटकाना, भटकाना, अटकाना… यही कांग्रेस का सिद्धांत रहा है, वर्क कल्चर रहा है.’
पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ये पॉलिटिक्स अंग्रेजों से विरासत में सीख कर आई है और कांग्रेस आज भी उसी के सहारे चल रही है. कांग्रेस ने हमेशा देश में दरार पैदा करने वाली भावनाओं को हवा दी है. इसलिए ये झूठ फैलाया गया कि डी-लिमिटेशन या परिसीमन से कुछ राज्यों को नुकसान होगा, जबकि सरकार ने पहले दिन से स्पष्ट किया है कि न किसी राज्य की भागीदारी का अनुपात बदलेगा, न किसी का री-प्रेजेंटेशन कम होगा, बल्कि सभी राज्यों की सीटें समान अनुपात में बढ़ेंगी.’
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.