Feedback
मध्य प्रदेश के सिवनी जिले के केवलारी क्षेत्र से एक अलग तरह का मामला सामने आया है, जहां शादी के कुछ महीनों बाद ही एक महिला को गांव के ही युवक से प्यार हो गया. यह मामला लंबे समय तक परिवार और समाज के बीच चर्चा का विषय बना रहा. आखिरकार करीब डेढ़ साल बाद पति ने खुद ही पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी. यह पूरा मामला केवलारी ब्लॉक के अहरवाड़ा गांव का है. यहां रहने वाले शशांक लखेरा की शादी अप्रैल 2024 में अपूर्वा लखेरा से हुई थी. शादी के शुरुआती दिनों में सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन कुछ महीनों बाद पत्नी की गांव के ही रहने वाले जयदीप तिवारी से नजदीकियां बढ़ने लगीं.
पति शशांक लखेरा के अनुसार, पत्नी पिछले एक साल से जयदीप तिवारी से लगातार संपर्क में थी. वह घंटों मोबाइल पर बात करती थी और उसकी गैरमौजूदगी में दोनों की मुलाकातें भी होती थीं. जब इस बात की जानकारी पति को हुई तो उसने पत्नी को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं मानी. परिवार और समाज के लोगों ने भी इस मामले में दखल दिया और दोनों को समझाने का प्रयास किया गया.
पत्नी ने थाने में लिखकर जताई प्रेमी के साथ रहने की इच्छा
इसके बावजूद महिला अपने फैसले पर अड़ी रही. 17 अप्रैल को वह घर छोड़कर चली गई और बाद में उसने थाने में लिखित आवेदन देकर कहा कि वह जयदीप तिवारी से प्यार करती है और उसी के साथ रहना चाहती है. इसके बाद पति शशांक लखेरा ने भी थाने में लिखित आवेदन दिया. वहीं, जयदीप तिवारी ने भी लिखकर दिया कि वह अपूर्वा को पत्नी के रूप में स्वीकार करेगा और उसके साथ जीवन बिताएगा.
मामले की जानकारी मिलने पर केवलारी थाना पुलिस ने तीनों पक्षों को थाने बुलाया. थाना प्रभारी प्रीतम सिंह तिलगाम के अनुसार, यह पति-पत्नी के बीच विवाद का मामला था. पुलिस ने तीनों को समझाने की कोशिश की और परिवार के बड़े बुजुर्गों से भी बातचीत कराई गई. लंबी बातचीत और समझाइश के बाद जब महिला और उसका प्रेमी अपने फैसले से पीछे नहीं हटे, तब पति ने भी स्थिति को स्वीकार कर लिया. इसके बाद उसने अपनी पत्नी को उसके प्रेमी के साथ जाने की अनुमति दे दी.
पुलिस और परिवार की समझाइश के बाद लिया गया फैसला
इस पूरे घटनाक्रम में यह बात भी सामने आई कि पति ने करीब डेढ़ साल तक अपने रिश्ते को बचाने की कोशिश की, लेकिन अंत में उसे यह निर्णय लेना पड़ा. पुलिस के अनुसार, यह मामला आपसी सहमति से सुलझाया गया है. प्रेमी ने महिला को पत्नी के रूप में स्वीकार करने की बात कही है. इसके बाद तीनों पक्षों के बीच विवाद समाप्त हो गया. यह घटना इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. शादी के कुछ महीनों बाद शुरू हुआ यह विवाद आखिरकार डेढ़ साल बाद इस तरह खत्म हुआ, जिसने लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू