UP Live News: देख सपाई, बिटिया घबराई; सीएम योगी आदित्यनाथ बोले, इनको देख गिरगिरट भी शरमा जाए – Live Hindustan

Uttar Pradesh Chief Minister Yogi Adityanath speaks during session of UP assembly, in Lucknow
UP Live News: यूपी में विधान मंडल के दोनों सदनों का एक दिवसीय विशेष सत्र गुरुवार को जारी है। सीएम योगी ने इस दौरान कहा कि समाजवादी पार्टी को जब भी सत्ता में रहने का अवसर प्राप्त हुआ है तब जिस तरह की बर्बर घटनाएं और क्रूरता की घटनाएं हुई है वह हर व्यक्ति जानता है। समाजवादी पार्टी के समय नारा बन गया था- देख सपाई, बिटिया घबराई। यह विशेष सत्र समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ विशेष निंदा प्रस्ताव पारित करने के उद्देश्य से बुलाया गया है।

देख सपाई, बिटिया घबराई- सीएम योगी ने सपा पर साधा निशाना
सीएम योगी ने कहा कि जब भी सपा को प्रदेश में सत्ता मिली, महिलाओं पर अत्याचार और क्रूर घटनाओं ने बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। हर व्यक्ति जानता है कि सपा सरकार के समय ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’ जैसे स्लोगन बन गए थे। स्टेट गेस्ट हाउस कांड हो या अन्य महिला संबंधी अत्याचार, इनकी छवि जगजाहिर है।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने को भाजपा-एनडीए निरंतर आगे बढ़ रही: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि गुरुवार को पूरे दिन इसी विषय पर चर्चा होगी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के प्रति आभार व्यक्त किया जाएगा कि उनके नेतृत्व में महिलाओं को गरिमा, सम्मानजनक स्थान, स्वावलंबन और सशक्तीकरण मिल रहा है। नीति-निर्धारण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए भाजपा और एनडीए निरंतर आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष ने छवि सुधारने का अवसर गंवा दिया: सीएम योगी
सीएम योगी ने विपक्ष पर कटाक्ष किया कि इनके पास कालिख मिटाने का अच्छा अवसर था। वे नारी शक्ति वंदन संशोधन विधेयक में सहयोग कर अपनी महिला-विरोधी छवि बदल सकते थे, लेकिन उन्होंने यह मौका भी गंवा दिया। अब ये दल लगातार इस मुहिम में लगे हैं कि यह संशोधन और अधिनियम लागू न हो पाए। विपक्ष ने ऐसे प्रयास किए जिनसे प्रदेश और देश में व्यवस्था पर सवाल खड़े हों।
कांग्रेस और सपा जन्मजात महिला विरोधी, गिरगिट की तरह बदलते हैं रंग: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और इंडी गठबंधन पर तीखा हमला बोला। उन्होंने इन दलों को महिला विरोधी बताते हुए कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम का संशोधन रोकने के उनके आचरण की निंदा के लिए यह विशेष सत्र बुलाया गया है। मुख्यमंत्री ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि ये दल जन्मजात महिला-विरोधी हैं। उनकी रग-रग में नारी का अपमान भरा हुआ है।
कांग्रेस ने कुप्रथाओं का समर्थन किया, देश को कठमुल्लापन की ओर ले जाना चाहती है: योगी
सीएम योगी ने सदन में कहा कि कांग्रेस ने तीन तलाक की कुप्रथा का समर्थन किया और अब भी सुधरने के बजाय देश को कठमुल्लापन की ओर ले जाना चाहती है। मुस्लिम महिलाओं के साथ हुए अन्याय और मौलवियों के सामने नाक रगड़ने की वजह से कांग्रेस की दुर्गति हुई। 40 वर्ष बीत गए, लेकिन उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के लिए राजनीतिक रूप से बंजर जमीन बन गई है।
सपा के लोग मायावती को मार देना चाहते थे: बृजेश पाठक
डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि सपा के लोग महिला सम्मान की बात करते हैं लेकिन यही लोग थे जब बसपा ने सपा से समर्थन वापस ले लिया था तो सपा के गुंडे स्टेट गेस्ट हाउस में मायावती को सिलिंडर लीक कर जान से मारना चाहते थे। ये लोग अब महिलाओं के सम्मान की बात करते हैं। स्वर्गीय फूलन देवी को डाकू बना देने में इन्हीं सपा के लोगों का हाथ था।
विपक्ष के खिलाफ निंदा प्रस्ताव के लिए सत्र: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि यह विशेष सत्र समाजवादी पार्टी और INDI गठबंधन के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ विशेष निंदा प्रस्ताव पारित करने के उद्देश्य से बुलाया गया है। समाजवादी पार्टी को जब भी सत्ता में रहने का अवसर प्राप्त हुआ है तब जिस तरह की बर्बर घटनाएं और क्रूरता की घटनाएं हुई है वह हर व्यक्ति जानता है। समाजवादी पार्टी के समय नारा बन गया था- देख सपाई, बिटिया घबराई।
पहली दलित मुख्यमंत्री के साथ स्टेट गेस्ट हाउस कांड हुआ, सपा ने समर्थन नहीं किया: योगी
सीएम योगी ने गेस्ट हाउस कांड पर बात करते हुए कहा था कि जब मैं समाजवादी पार्टी की बात करता हूं कि 1995 की घटना सबको याद है, जब प्रदेश की पहली दलित मुख्यमंत्री के साथ स्टेट गेस्ट हाउस कांड हुआ था। पार्टी कोई भी हो सकती है लेकिन आपका आचरण क्या था? यह है समाजवादी पार्टी का आचरण। उस समय की बसपा नेत्री जो बाद में प्रदेश की मुख्यमंत्री बनी, भाजपा ने उनका समर्थन किया कि एक दलित की बेटी को सम्मान मिलना चाहिए। स्वर्गीय ब्रह्मदत्त द्विवेदी अपनी जान पर खेलकर समाजवादी पार्टी के गुंडों से स्टेट गेस्ट हाउस में भिड़े थे।
ये 7 प्रमुख अध्यादेश सदन में रखे
यूपी विधानसभा के विशेष सत्र में कुल 7 महत्वपूर्ण विधेयक पटल पर रखे गए हैं।
सदन में रखे गए प्रमुख अध्यादेश:
– उप लोक सेवा (अधिकारण) संशोधन अध्यादेश, 2026
– उप राजस्व संहिता (संशोधन) अध्यादेश, 2026
– उप राजस्व संहिता (द्वितीय संशोधन) अध्यादेश, 2026
– उप वानिकी और औद्योगिक विश्वविद्यालय अध्यादेश, 2026
– उप दंड विधि (अपराधों का शमन और विचारण का उपशमन) संशोधन अध्यादेश, 2026
– उप निजी विश्वविद्यालय (संशोधन) अध्यादेश, 2026
सीएम योगी की वही पुरानी कैसेट बज रही: संग्राम यादव
सीएम योगी के भाषण पर जवाब देते हुए सपा नेता संग्राम यादव ने कहा कि आज जब सदन का विशेष सत्र बुलाया गया तो उम्मीद थी कि मुख्यमंत्री जी नारी सशक्तिकरण पर अपनी बात रखेंगे पर उन्होंने यहां प्रवचन किया। यही बातें मुख्यमंत्री ने राज्यपाल के अभिभाषण पर कहीं। यही बातें मुख्यमंत्री ने बजट भाषण में कही और आज जब पूरे देश की नजर इस सदन की कार्रवाई पर हैं तो मुख्यमंत्री ने यहां पर भी वही पुराना कैसेट जारी कर दिया।
आप लोगों को देख गिरगिट भी शरमा जाए: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि आप लोगों के आचरण को देखकर गिरगिट भी शरमा जाएगा कि सदन में आचरण कैसा और यहां आचरण कैसा? गिरगिट भी शरमा जाएगा। दिल्ली से लखनऊ पहुंचते-पहुंचते जब आधी आबादी के आक्रोश को झेलना पड़ रहा है तो यहां आप रंग बदल रहे हैं। फिर सदन में विरोध क्यों किया?
यूपीए से काम नहीं चला तो इंडी गठबंधन बनाया: योगी
सीएम योगी ने कहा कि जब इन लोगों को लगा कि यूपीए से काम नहीं चलेगा तो इंडी गठबंधन बनाया। सपा-कांग्रेस ने हमेशा ही महिलाओं के स्वावलंबन का विरोध किया और इसमें बाधा बने। इन लोगों का चेहरा बोलने का कुछ और दिखाने का कुछ और है लेकिन पूरा देश और प्रदेश आप लोगों के कारनामों को जानता है।
सदन सपा के महिला विरोधी आचरण का गवाह: योगी
कांग्रेस और सपा आधी आबादी की गरिमा, सम्मान और उत्थान के लिए उठाए जाने वाले किसी भी प्रगतिशील कदम का विरोध करते हैं। आपका आचरण 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में देखने को मिला। यह सदन सपा के महिला विरोधी आचरण का गवाह है।
योगी ने याद दिलाया शाहबानो प्रकरण, कहा- कांग्रेस और सपा का आचरण मौलवियों के आगे घुटने टेकना
सीएम योही ने कहा कि कांग्रेस की दुर्गति का कारण महिलाओं का श्राप है। अब सपा भी उसी ओर अग्रसर है। शाहबानो के मामले में सबने देखा। सपा-कांग्रेस का आचरण मौलवियों के सामने घुटने टेककर नाक रगड़ने की प्रवृत्ति है।
कांग्रेस ने LPG के सिलेंडर नहीं डंडे दिए: सीएम योगी
सीएम योगी ने कहा कि कांग्रेस के समय में LPG के सिलेंडर नहीं मिलते थे, डंडे जरूर मिल जाते थे। अब देश में 10 करोड़ महिलाओं को LPG के मुफ्त कनेक्शन उपलब्ध कराए गए। देश में 50 करोड़ महिलाओं को 5 लाख रुपये तक की आयुष्मान भारत योजना के तहत सुविधा का लाभ भी प्रधानमंत्री ने दिया। 80 करोड़ लोग मुफ्त में राशन की सुविधा का लाभ प्राप्त कर रहे हैं।
महिलाओं के आक्रोश के बाद अब 33 प्रतिशथ आरक्षण की मांग: सीएम योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सत्ता में आते ही महिलाओं के नाम जनधन खाते खोले तो सपा के लोगों ने मजाक उड़ाते हुए कहा कि कहां हैं 15 लाख रुपये। जबकि इन्हीं अकाउंट में कोविड के दौरान महिलाओं को शासन की सहायता दी गई। महिलाओं को सम्मान देने के लिए उनकी सुरक्षा के लिए देश भर में 12 करोड़ शौचालय बनाए गए लेकिन सपा के लोग कभी भी महिलाओं के सम्मान के प्रति कभी संवेदनशील नहीं रहे। ये शौचालय नारी की गरिमा के प्रतीक थे। उन्होंने कहा कि अब जब महिलाओं के आक्रोश का सामना करना पड़ रहा है तो उनके लिए 33 फीसदी आरक्षण की मांग कर रहे हैं।
विपक्ष महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित: योगी
सीएम योगी ने कहा कि सपा और कांग्रेस दोनों ही महिला विरोधी मानसिकता से ग्रसित हैं और नारी के अधिकारों पर डाका डालने का काम करती रही हैं। यदि उनमें नैतिक साहस है तो बताएं कि उन्होंने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध क्यों किया। सपा और कांग्रेस को देश की महिलाओं से माफी मांगनी चाहिए।
गिरगिट की तरह रंग बदलती है सपा: योगी
सीएम योगी ने कहा गिरगिट की तरह रंग बदलती सपा का आचरण दिख रहा है। जिनके अंदर जन्मजात महिला विरोध है, सपा जब भी सत्ता में रही है तब तब महिला संबंधी अत्याचार ने क्रूरता की हदें पार की हैं। गेस्ट हाउस कांड हो या अलग अलग प्रकरण रहे हों, कांग्रेस और सपा के महिला विरोध को हम पहले ही देख चुके हैं।
अब रंग बदलकर मांग रहे 33 प्रतिशत आरक्षण: योगी
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जब 2017 में उत्तर प्रदेश में डबल इंजन की सरकार आई तो हमने प्रदेश में 1.5 वर्ष के अंदर 2 करोड़ से अधिक शौचालय बनाए थे। आप लोग तब हंसते थे कि शौचालय से क्या होगा? सपा खुद को समाजवादी कहते हैं मगर आप लोग आधी आबादी की प्रगति और गरिमा के लिए संवेदनशील नहीं दिखाई देते हैं। आप लोगों ने यहां रंग बदल लिया है। आप लोग कह रहे हैं कि 33% आरक्षण होना चाहिए तो फिर सदन में विरोध क्यों किया? भारत में 4 करोड़ गरीबों को गरीब आवास का लाभ मिला है।
कांग्रेस, सपा, इंडी गठबंधन महिला विरोधी: सीएम योगी
उत्तर प्रदेश विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि कांग्रेस और INDI गठबंधन आधी आबादी की गरिमा, सम्मान और उत्थान के लिए उठाए जाने वाले किसी भी प्रगतिशील कदम का विरोध करते हैं। आपका आचरण 16 और 17 अप्रैल को लोकसभा में देखने को मिला। यह सदन आपके(सपा) महिला विरोधी आचरण का गवाह है।
विधानसभा का विशेष सत्र शुरू
यूपी के विधानसभा का विशेष सत्र शुरू हो गया है। इस दौरान महिला आरक्षण विधेयक पर चर्चा जारी है।
सालों बाद महिलाओं को मिल रहे थे अधिकार, विपक्ष ने रोका: पूजा पाल
समाजवादी पार्टी से निष्कासित विधायक पूजा पाल ने कहा कि ऐसे महत्वपूर्ण विषय पर मुख्यमंत्री द्वारा विशेष सत्र का जो आयोजन किया गया है उसके लिए मैं मुख्यमंत्री का धन्यवाद करती हूं। जिस तरह सारी विपक्षी पार्टियों ने मातृ शक्ति को रोकने का काम किया है उसे सभी ने देखा है। सभी ने महिलाओं के अधिकारों को रोकने का काम किया है जिससे महिलाओं में बहुत आक्रोश है। वर्षों बाद महिलाओं को यह अधिकार मिलने जा रहा था जिससे उन्हें वंचित करने का काम समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों ने किया है। महिलाओं में बहुत आक्रोश है और महिलाएं एकत्रित होकर इनका विरोध कर रही है।
देख सपाई, बिटिया घबराई…’, विस में महिला आरक्षण पर चर्चा से पहले सीएम योगी का तीखा हमला
यूपी विधानसभा के विशेष सत्र से पहले सीएम योगी ने सपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि सपा के सत्ता में रहते हुए कहा जाता था कि ‘देख सपाई, बिटिया घबराई’। सीएम ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करने वालों के खिलाफ आज सदन में निंदा प्रस्ताव लाया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें: देख सपाई, बिटिया घबराई…’, विस में महिला आरक्षण पर चर्चा से पहले सीएम योगी का तीखा हमला
मातृशक्ति के लिए खड़े होने की बात आई तो सपा-कांग्रेस भाग खड़ी हुई: दानिश आजाद अंसारी
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री दानिश आज़ाद अंसारी ने कहा कि समाजवादी पार्टी समाज को गुमराह करके अपनी राजनीतिक रोटियां सेंकना चाहती है। देश के सदन में जब मातृशक्ति के लिए खड़े होने की बात आई, जब उन्हें सशक्त करने की बात आई तो समाजवादी पार्टी और कांग्रेस भाग खड़ी हुई। देश की मातृ शक्ति ने देखा कि एक तरफ प्रधानमंत्री मोदी, भाजपा किस तरह नारी शक्ति को सशक्त करना चाहते हैं दूसरी तरफ समाजवादी पार्टी और विपक्ष इसमें कैसे अवरोध पैदा करना चाहते हैं।
सरकार अपनी राजनीति का नफा-नुकसान देखती है: शिवपाल सिंह यादव
समाजवादी पार्टी के नेता शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि ऊपर से संदेश आ गया होगा। एक दिन का सत्र बुला लिया गया है। सरकार का केवल एक एजेंडा है कि ये लोग महिलाओं को अपने पक्ष में दिखाएं। यह संसार का सबसे बड़ा झूठ है। ये लोग अपनी राजनीति में फायदा और नुकसान देखते हैं। महिला आरक्षण बिल 2023 में लागू हो गया था तो उसे लागू करना चाहिए। उन्हें यहां इसका प्रस्ताव पास करना चाहिए और हम इसका समर्थन करेंगे। हम लोगों ने हमेशा महिलाओं को आगे बढ़ाने का काम किया है। सरकार महिलाओं को भ्रमित करती है।
यह आरक्षण बिल सामाजिक न्याय के खिलाफ: रविदास मेहरोत्रा
समाजवादी पार्टी नेता रविदास मेहरोत्रा ने कहा कि आज विधानसभा का एक दिवसीय सत्र बुलाया गया है, इसमें महिला आरक्षण पर चर्चा होनी है। समाजवादी पार्टी का कहना है कि हम चाहते हैं कि महिलाओं को आरक्षण मिले लेकिन इसमें दलित, पिछड़े वर्ग की महिलाओं, अल्पसंख्यक महिलाओं को भी आरक्षण मिलना चाहिए। हम सामाजिक न्याय के पक्षधर हैं, यह आरक्षण बिल सामाजिक न्याय के खिलाफ है। महिलाओं को उनका हक, न्याय, सम्मान, रोजगार मिले। बीजेपी जनता को गुमराह कर रही है।
इंडि गठबंधन के कारण महिला आरक्षण लागू नहीं हुआ: सुरेश खन्ना
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि जो विरोधी दल, चाहे वह कांग्रेस, चाहे समाजवादी पार्टी हो या INDI गठबंधन के अन्य दल- इनका आचरण महिला विरोधी है और इन्होंने महिलाओं को 2029 में मिलने वाले आरक्षण से वंचित कर दिया। प्रधानमंत्री का प्रयास था कि 2029 में संसद में महिलाओं को 33% आरक्षण मिले। लेकिन इन्होंने इसे होने नहीं दिया। पूरे देश को पता है महिला आरक्षण में बाधा कौन रहा। बिल गिरा तो इन्होंने खुशी मनाई। इंडि गठबंधन के कारण आरक्षण लागू नहीं हुआ।
आज महिला विरोधी पार्टियों को बेनकाब किया जाएगा: दयाशंकर सिंह
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि विपक्ष, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और अन्य पार्टियों ने महिला आरक्षण का विरोध किया, इसे पारित नहीं होने दिया और इसके खिलाफ जश्न मनाया। आज इसके खिलाफ विधानसभा में निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा और उन्हें बेनकाब किया जाएगा।
कांग्रेस-सपा जैसी महिला विरोधी पार्टियों का पर्दाफाश होगा: नरेंद्र कश्यप
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री नरेंद्र कश्यप ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी जैसी महिला विरोधी पार्टियों का पर्दाफाश होगा। आज सरकार निंदा प्रस्ताव लाएगी क्योंकि प्रधानमंत्री मोदी चाहते थे कि 2029 से महिलाओं को यह अधिकार मिले लेकिन INDI गठबंधन वालों ने महिलाओं को मिलने वाले अधिकारों को रोकने का काम किया।
महिला आरक्षण विधेयक का विरोध करने वालों के हर चीज का हिसाब लिया जाएगा: असीम अरुण
उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री असीम अरुण ने कहा कि महिलाओं को अधिकार दिलाने के लिए प्रधानमंत्री ने बहुत बड़ा कार्य किया लेकिन महिलाओं को 2034 तक प्रतीक्षा करनी पड़े यह न हमें, न देश को स्वीकार है। जो लोग इसका (संविधान संशोधन विधेयक) विरोध कर रहे हैं आज उनके लेकिन, किंतु, परंतु हर चीज़ का हिसाब लिया जाएगा।
सपा महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों का शोषण करती है: ओमप्रकाश राजभर
उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि समाजवादी पार्टी नहीं चाहती कि महिलाओं को अधिकार मिलें; वे महिलाओं, अत्यंत पिछड़े वर्गों, दलितों और मुसलमानों का शोषण करते हैं। वे नहीं चाहते कि किसी को भी अधिकार मिलें। केवल हमें अधिकार मिले और हम ही राजनीति करें। आज निंदा प्रस्ताव पारित किया जाएगा।
संजय निषाद का तीखा वार, कहा- विपक्ष नहीं चाहता महिलाओं को उनके अधिकार मिलें
विधानसभा सत्र से पहले उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री संजय निषाद ने कहा कि सरकार देश की आधी आबादी के साथ खड़ी है, हमारी माताओं और बहनों के साथ खड़ी है। प्रधानमंत्री मोदी चाहते थे कि यह ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ बिल 2029 से लागू हो, ताकि सीटें बढ़ाकर महिलाओं को उनके अधिकार मिल सकें; लेकिन विपक्ष नहीं चाहता कि महिलाओं को उनके अधिकार मिलें। इसलिए, महिलाओं के सम्मान के लिए एनडीए मैदान में है।
सपा नेता ज़ाहिद बेग का महिला आरक्षण बिल के खिलाफ प्रदर्शन, कहा- बीजेपी जनता को गुमराह कर रही
महिला आरक्षण बिल पर उत्तर प्रदेश विधानसभा के विशेष सत्र से पहले समाजवादी पार्टी के नेता ज़ाहिद बेग ने महिला आरक्षण बिल का विरोध किया। उन्होंने कहा कि आज इन्होंने विधानसभा बुलाई है। ये विधानसभा उस बिल के लिए बुला रहे हैं जिसे संसद पहले ही खारिज कर चुकी है। इसके लिए विधानसभा बुलाने का कोई औचित्य नहीं था। बीजेपी के लोग जनता और महिलाओं को गुमराह कर रहे हैं ताकि इसे लागू न किया जाए। अखिलेश यादव की मांग है कि पिछड़े वर्गों को भी आरक्षण दिया जाए। बीजेपी ने यह सब उत्तर और दक्षिण में विवाद पैदा करने के लिए किया है।
सपा नेता संग्राम सिंह यादव ने सदन से पहले कहा कि हम बीजेपी का पर्दाफाश करेंगे
समाजवादी पार्टी के नेता संग्राम सिंह यादव ने कहा कि सरकार ने 5 घंटे की चर्चा को मंज़ूरी दी है। एकजुट विपक्ष ने समय बढ़ाने की मांग की थी, लेकिन हमारी बातों पर पूरा ध्यान नहीं दिया जा रहा है। वे सिर्फ़ खानापूर्ति करके देश और राज्य में भ्रम पैदा करना चाहते हैं। वे महिला आरक्षण बिल की आड़ में परिसीमन बिल ले आए, इसीलिए वह पास नहीं हो पाया, और अब वे कह रहे हैं कि समाजवादी पार्टी महिला-विरोधी है। समाजवादी पार्टी हमेशा समानता की बात करती है। हमारी पार्टी हमेशा कमज़ोरों, पिछड़ों, दलितों, आदिवासियों, मुसलमानों और महिलाओं के साथ खड़ी रहती है। हम बीजेपी का पर्दाफ़ाश करेंगे।
देख सपाई, बिटिया घबराई- विधानसभा सत्र से पहले योगी का विपक्ष पर निशाना
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह विशेष सत्र समाजवादी पार्टी और INDI गठबंधन के महिला विरोधी आचरण के खिलाफ विशेष निंदा प्रस्ताव पारित करने के उद्देश्य से बुलाया गया है। समाजवादी पार्टी को जब भी सत्ता में रहने का अवसर प्राप्त हुआ है तब जिस तरह की बर्बर घटनाएं और क्रूरता की घनटाएं हुई है वह हर व्यक्ति जानता है। समाजवादी पार्टी के समय नारा बन गया था- देख सपाई, बिटिया घबराई। अपनी महिला विरोधी छवि के लिए कुख्यात हो चुकी कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, INDI गठबंधन इस कोशिश में थी कि किसी भी तरह से यह संशोधन लागू न हो पाए।
विधानसभा में सदन के बाहर सपा विधायकों का प्रदर्शन
समाजवादी पार्टी के विधायकों ने सदन के बाहर महिला आरक्षण विधेयक को लागू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। उनके हाथो में तख्तियां थी। जिसमें लिखा है कि 33% महिला आरक्षण को लागू किया जाए। सपा विधायकों ने आरोप लगाया कि भाजपा महिला आरक्षण पर नाटक कर रही है। वह आरक्षण नहीं देना चाहती है। उसे जातिगत जनगरना कराना चाहिए।
यूपी विधानसभा के विशेष सत्र से पहले सपा का विरोध प्रदर्शन
महिला आरक्षण पर यूपी विधानसभा में होने वाले विशेष सत्र से पहले विधानसभा परिसर के बाहर समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव ने विरोध प्रदर्शन किया। विरोध पोस्टरों के जरिए विधायक ने सरकार की नीतियों और मंशा पर सवाल उठाए हैं। समाजवादी पार्टी के विधायक सचिन यादव ने पोस्टर के माध्यम से सरकार को घेरते हुए यह संदेश देने की कोशिश की है कि महिला सशक्तिकरण केवल चर्चा का विषय नहीं होना चाहिए, बल्कि इसे जमीन पर लागू किया जाना चाहिए।
यूपी विधानसभा का कल से होने वाला सत्र क्यों खास? योगी सरकार की यह है तैयारी; सपा के तीखे होंगे तेवर!
यूपी विधानसभा का 30 अप्रैल से होने वाला सत्र खास होगा। सरकार ने सार्थक चर्चा की तैयारी की है। इसमें महिलाओं को ही अधिक बोलने का मौका दिया जाएगा। सपा और अन्य विपक्ष यूपी सरकार को घेरने की योजना तैयार की है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: यूपी विधानसभा का कल से होने वाला सत्र क्यों खास? योगी सरकार की यह है तैयारी; सपा के तीखे होंगे तेवर!
विद्यालय परिसर में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, मचा हड़कंप
सीतापुर में विकास खण्ड गोंदलामऊ के प्राथमिक विद्यालय रामपुर खेउटा परिसर में गुरुवार सुबह गांव के ही युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटकता मिला। शव लटका देख हड़कंप मच गया। नैमिषारण्य पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
प्रभारी प्रधानाध्यापक महेंद्र कुमार सरोज और सहायक अध्यापक सुनील कुमार मौर्य रोज की तरह गुरुवार सुबह प्राथमिक विद्यालय रामपुर खेउटा पहुंचे। वह विद्यालय का ताला खोलने जा ही रहे थे तभी परिसर में लगे पेड़ से फंदे के सहारे एक युवक को लटका देख उनके होश उड़ गए। शिक्षकों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
अज्ञात वाहन की टक्कर से युवक की मौत, एक घायल
रायबरेली में चौकी क्षेत्र परशदेपुर के जायस–सलोन मार्ग पर हौदहा तालाब के पास बुधवार देर रात अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।
हाजीपुर ग्राम प्रधान रामसजीवन का पुत्र अमित (लगभग 28 वर्ष) अपने साले अभिषेक के साथ बारात से वापस लौट रहा था। बुधवार देर रात नसीराबाद की ओर से आते समय हौदहा तालाब के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने अमित को मृत घोषित कर दिया। वहीं अभिषेक का इलाज जारी है।
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News