Feedback
लखनऊ में साइबर ठगों ने एक महिला डॉक्टर को 9 दिनों तक डिजिटल अरेस्ट रखा और 13.40 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए. साइबर ठगों ने महिला डॉक्टर के पास कॉल किया था और खुद को भारतीय दूरसंचार नियामक प्राधिकरण (ट्राई) का कर्मचारी बताया. इसी के साथ ठग ने कहा कि दिल्ली में तुम्हारे आधार कार्ड से एक सिम लिया गया है, जिसका उपयोग लड़कियों को न्यूड वीडियो भेजने के लिए किया जा रहा है.
महिला डॉक्टर ने जब इसका विरोध किया और कहा कि उन्होंने दिल्ली में कोई सिम नहीं लिया है तो ठग ने कहा कि वे इसको वेरिफाई करेंगे और दिल्ली पुलिस जांच करेगी. इसके बाद महिला डॉक्टर को एक वीडियो कॉल आया, जिसमें एक व्यक्ति ने खुद को दिल्ली पुलिस का सीनियर इंस्पेक्टर अनिल बताते हुए पूछताछ शुरू कर दी.
वीडियो कॉल के दौरान इंस्पेक्टर बने बैठे ठग ने महिला डॉक्टर को मनी लॉन्ड्रिंग केस में फंसाने की धमकी दी. ठग ने कहा कि तुम्हारा नाम एक बड़े घोटाले में शामिल है, इसके चलते 45 दिन की जेल हो सकती है. ठगों ने महिला डॉक्टर को डराया धमकाया और उनसे 13.40 लाख रुपयों की मांग की. ठगों ने यह भी चेतावनी दी कि यदि उन्होंने पैसे नहीं दिए तो कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
यह भी पढ़ें: ‘तुम्हारे नाम से पार्सल विदेश जा रहा…’ साइबर ठगों ने बुजुर्ग को किया डिजिटल अरेस्ट, फिर ट्रांसफर करा लिए 90 लाख रुपये
ठगों की धमकियों से डरकर महिला डॉक्टर दबाव में आ गईं और ठगों के द्वारा मांगी गई रकम अलग-अलग किस्तों में ट्रांसफर कर दी. इस दौरान ठगों ने डॉक्टर को 9 दिनों तक डराए धमकाए रखा. पैसे ट्रांसफर करने के बाद महिला डॉक्टर को ठगी का अहसास हुआ, तब उन्होंने हिम्मत जुटाकर लखनऊ पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई.
लखनऊ पुलिस ने इस परे मामले की जांच शुरू कर दी है. आरोपियों को पकड़ने के लिए साइबर सेल पड़ताल कर रही है. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात कॉल या धमकी भरे संदेशों से सावधान रहें और अपने बैंकिंग और व्यक्तिगत जानकारी को साझा न करें.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू