UP Live News: मई दिवस पर योगी सरकार के कई ऐलान, यूपी में पड़ेगी भयंकर गर्मी, बारिश का भी अनुमान – Live Hindustan

Heat action plans can be tools of empowerment for vulnerable groups that stand to lose their livelihood during a heat wave. (HT Archive)
UP Live News: गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अगले लगभग 15 दिनों तक इस मार्ग पर कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। टोल दरों का प्रस्ताव तैयार है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही लागू कर दिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भीषण गर्मी और ‘हीट वेव’ को देखते हुए श्रमिकों के लिए नए कार्य-घंटे निर्धारित किए हैं। इसके साथ ही प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर (1800-180-5160) भी जारी किए गए हैं। वहीं अप्रैल महीने के खत्म होने के साथ अब मई में भयंकर गर्मी पड़ेगी। कुछ इलाकों में बारिश का भी अनुमान है।

यूपी में पड़ेगी भयंकर गर्मी, कई जगह पर बारिश का भी अनुमान
यूपी के लिए मई भीषण गर्मी और लू के लिहाज से परेशान करने वाला हो सकता है। मौसम विभाग की ओर से जारी मई के मासिक अपडेट के अनुसार, प्रदेश के उत्तरी तराई क्षेत्रों में इस महीने लू के दिनों की संख्या सामान्य से अधिक रहने की संभावना है। वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू के दिन सामान्य रहेंगे। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, वर्तमान में प्रशांत महासागर में बनी तटस्थ निनो परिस्थितियों और हिंद महासागर के प्रभाव से मई में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक वर्षा होने का अनुमान है।
आउटसोर्सिंग कर्मियों को सवेतन मिलेगा साप्ताहिक अवकाश: असीम अरुण
यूपी में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर है। आउटसोर्सिंग और अंशकालिक कर्मियों को छह दिन निरंतर काम करने के बाद एक दिन का सवेतन साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा। आठ से नौ घंटे प्रतिदिन कार्य करेंगे और इससे अधिक कार्य लिए जाने पर ओवरटाइम देय होगा। समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण ने अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस पर श्रमिकों से संवाद कार्यक्रम में उन्हें सरकार के नए प्रयासों की जानकारी दी।
श्रमिकों के पसीने से ही नए भारत का निर्माण हो रहा: योगी
अटल आवासीय विद्यालय के पहले बैच के मेधावी छात्रों को सम्मानित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में वर्ष 2023 में अटल आवासीय विद्यालयों की स्थापना एक नई मिसाल बनी। इन बच्चों ने सीबीएसई बोर्ड की मेरिट लिस्ट में स्थान प्राप्त कर अपने माता-पिता के अथक श्रम व पसीने की लाज रखी है। नए भारत के निर्माण में आप सभी श्रमिक भाई-बहन प्रधानमंत्री के विजन के वास्तविक शिल्पकार हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सर्दी-गर्मी, आंधी-तूफान की परवाह किए बिना आप जो पसीना बहाते हैं, उसकी एक-एक बूंद धरती माता को सोना उगलने की शक्ति देती है। पहले विडंबना यह थी कि जो श्रमिक दूसरों को छत, अन्न और अस्पताल देते थे, स्वयं उनके पास आवास नहीं होता था, उनके बच्चे भूख से तड़पते थे और उन्हें इलाज की सुविधा नहीं मिलती थी। लेकिन अब प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ‘श्रममेव जयते’ मंत्र के साथ श्रमिकों को सम्मान और गौरव मिल रहा है।
पश्चिम बंगाल में वही प्रक्रिया पूरी तरह लागू की गई, जिसका परीक्षण उत्तर प्रदेश में हुआ था: अखिलेश
समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने शुक्रवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी और निर्वाचन आयोग ने पश्चिम बंगाल में वही प्रक्रिया पूरी तरह लागू की है, जो उत्तर प्रदेश में परीक्षण के तौर पर आजमाई जा चुकी है। वह लखनऊ में बुद्ध पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित संवाददाता सम्मेलन के दौरान पत्रकारों से बात कर रहे थे। तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी रात में लगभग चार घंटे तक मतगणना केंद्र पर स्ट्रांगरूम के बाहर बैठी थीं, जिससे जुड़े एक सवाल के जवाब में यादव ने कहा, यही असली समस्या है कि हम किस पर भरोसा करें? आपको याद होगा कि पिस्तौल दिखाकर लोगों को मतदान करने से रोका जा रहा था। रिवॉल्वर के बल पर वोटिंग रोकी गई थी। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि भाजपा और निर्वाचन आयोग ने मिलकर पश्चिम बंगाल में वही पूरी प्रक्रिया लागू कर दी है, जो उन्होंने उत्तर प्रदेश में एक अभ्यास या प्रयोग के तौर पर की थी। सपा प्रमुख ने यह दावा भी किया कि पश्चिम बंगाल में केंद्रीय सुरक्षा बलों की एक समानांतर व्यवस्था बनाई गई है।
मारपीट की अलग-अलग घटनाओं में चटकी लाठी, महिलाओं व नाबालिग समेत कई घायल
बाराबंकी में अलग-अलग थाना क्षेत्रों में मारपीट और विवाद की कई घटनाओं में महिलाओं, पुरुषों और एक बालिका सहित कई लोग घायल हो गए। सभी मामलों में पीड़ित पक्ष ने पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
थाना कोठी क्षेत्र के ग्राम पूरे बस्ती मजरे नकटा सेहरिया में रास्ते में तार लगाने को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि रोहित, दीपक, संदीप साहू समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर जगतराम और उनके भाई परशुराम को लाठी-डंडों व लोहे की पाइप से पीट दिया। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें पहले सीएचसी कोठी और बाद में जिला अस्पताल रेफर किया गया।
शराब पीकर वाहन चलाने पर कसा शिकंजा, 16 वाहनों का चालान किया
अयोध्या में शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों (ड्रिंक एंड ड्राइव) के खिलाफ यातायात पुलिस का शिकंजा कस गया है। पुलिस ने गुरुवार को देररात तक चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने नगर के मुख्य चौराहों पर ब्रेथलाइजर से जांच की और 16 शराबी पकड़े गए। वाहनों पर 32 हजार का जुर्माना लगाया गया।
अयोध्या नगर निगम क्षेत्र के मोहबरा, नाका, देवकाली और अन्य क्षेत्र में शराब के ठेके के पास चौराहे पर यातायात निरीक्षक अजय कुमार यादव, निरीक्षक विनय कुमार मौर्य, निरीक्षक विजय प्रताप सिंह, उपनिरीक्षक प्रभुनाथ चौहान व अन्य ने चेकिंग अभियान चलाया। मुख्य चौराहों पर ब्रेथलाइजर की मदद से ड्रिंक एंड ड्राइव की जांच की गई। इसके अलावा इनसेप्टर वाहन और रूट मार्शल की मदद से भी शराब पीकर वाहन चलाने वाले की जांच की गई।
बुद्ध पूर्णिमा पर सरयू में आस्था की डुबकी
बुद्ध पूर्णिमा पर्व पर रामनगरी अयोध्या में श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर मंदिरों में दर्शन – पूजन किया। भीड़ के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक बंदोबस्त किए गए हैं। सरयू तट से लेकर प्रमुख मंदिरों में भीड़ प्रबंधन के लिए अतिरिक्त पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
मान्यता है कि वैशाख पूर्णिमा पर स्नान करने से पूरे माह स्नान का पवित्र पुण्य लाभ मिलता है। इसीलिए सुबह से ही सरयू तट पर स्नान करने वालों की भीड़ जुटने लगी। आसपास के जिलों से काफी संख्या में श्रद्धालु अयोध्या पहुंचे। ब्रह्म मुहूर्त से ही स्नान शुरू हो गया। जैसे-जैसे घड़ी की सुई आगे बढ़ती गई वैसे-वैसे श्रद्धालुओं की ज्यादा संख्या भी तट पर दिखने लगी। स्नान करने के बाद श्रद्धालुओं ने यथाशक्ति दान भी किया।
इंटरनेशनल फ़्लाइट के यात्री के बैग में तमंचा मिला
सरोजनीनगर में चौधरी चरण सिंह अन्तराष्ट्रीय एयरपोर्ट से शुक्रवार की सुबह दुबई जाने वाले एक यात्री के बैग से तमंचा बरामद हुआ। इस दौरान मौके पर मौजूद सीआईएसएफ जवानों ने यात्री को हिरासत में लेकर कड़ी पूछताछ के बाद सरोजनीनगर पुलिस के हवाले कर दिया। स्थानीय पुलिस आरोपी यात्री के पास मिले तमंचे को जब्त करने के साथ उससे पूछतांछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार गोंडा जिले के मनकापुर थाना क्षेत्र के चांदपुर लखपत राय निवासी स्व. घनश्याम चौहान (22) शुक्रवार तड़के अमौसी एयरपोर्ट से सुबह 05:45 बजे दुबई जाने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की उड़ान (आईएक्स-193) से दुबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा था। वह अपना लगेज बैग बुक कराने के लिए काउंटर पर गया, जांच के दौरान लेवल-4 की कड़ी स्क्रीनिंग में सीआईएसएफ कर्मियों को बैग के भीतर संदिग्ध आकृति दिखाई दी। इसके बाद बैग को खोलकर तलाशी ली गई, जिसमें 312 बोर का तमंचा बरामद हुआ।
नवाबगंज के पास मालगाड़ी के दस डिब्बे अलग हुए
गोंडा में अयोध्या मनकापुर रेल रूट पर शुक्रवार सुबह क्षेत्र के टिकरी क्रासिंग के पास डाउन नौतनवा मालगाडी के दस डिब्बे अलग हो गए। करीब बीस मिनट के रुकने बाद गार्ड ने अलग हुए डिब्बो को जुड़वाकर ट्रेन को मनकापुर के लिए रवाना किया।
कटरा अयोध्या आरपीएफ चौकी इंचार्ज एसपी चौबे ने बताया कि अयोध्या से टिकरी रेलवे ट्रैक पर जा रही डाउन नौतनवा मालगाडी के दस डिब्बे रेलवे क्रासिंग 12c पार करते ही अलग हो गए। इंजन दस डिब्बों को छोडकर करीब 100 मीटर आगे जाकर रुक गया। घटना की सूचना होते ही मालगाड़ी की महिला गार्ड ने तत्काल पायलट को सूचना दी। इसपर पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाया गार्ड ज्योति ने फिर मशक्कत कर मालगाड़ी के अलग हुए डिब्बों को जुड़वाया। करीब 20 मिनट तक मालगाड़ी मौके पर रुकी रही।
पैर धुलते समय राप्ती नदी में डूबे चचेरे भाई बहन, सर्च आपरेशन जारी
बलरामपुर थाना कोतवाली देहात क्षेत्र के बनी जोत गांव के पास राप्ती नदी में पैर धुलते समय चचेरे भाई-बहन डूब गए। दोनों को डूबता देख लोगों ने शोर मचाया। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में चले गए। दोनों की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगाई गई है। बच्चों की तलाश नदी में की जा रही है।
देहात थाना क्षेत्र के बनी जोत गांव में सुबह 10:30 बजे के करीब यह घटना घटित हुई है। गांव के महेश शुक्ला कक्षा वर्षीय पुत्र शनि व चंदन शुक्ला की 14 वर्षीय बेटी हिमानी शुक्ला गांव के किनारे से निकल रही राप्ती नदी में पर धूल रहे थे। इसी दौरान फिसल कर दोनों नदी में गिर गए। नदी में गिरते ही दोनों गहरे पानी में जाकर डूब गए। दोनों बच्चों को डूबता देख लोगों ने शोर मचाना शुरू किया।
गैस न देने पर संचालक सहित तीन को पीटा, पूर्व विधायक के पुत्र समेत चार पर केस
गोंडा थाना क्षेत्र के ग्राम चरसड़ी में गुरुवार को गैस दिए जाने से मना करने पर चार लोगों ने अपशब्द कहते हुए सिलिंडर और कुर्सी से सावित्री गैस एजेंसी संचालक के भाई वैभव सिंह समेत तीन लोगों पर हमला बोल दिया। मामले में संचालक के भाई ने थाने में चार लोगों के विरुद्ध धमकी समेत मारपीट की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। हालांकि हिन्दुस्तान किसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। पुलिस ने हमले में चोटिल हुए वैभव, अकुंर तिवारी व दीपक सिंह को सीएचसी भेज डाक्टरी परीक्षण कराया है।
तेज आंधी और बारिश के बीच छत से गिरकर महिला की मौत
सीतापुर में कोतवाली देहात इलाके में गुरुवार रात आंधी और बारिश के बीच एक महिला की छत से गिरकर मौत हो गई। आंधी और बारिश के बीच छत पर लगी टिन शेड सही करने के दौरान वह अनियंत्रित होकर नीचे आ गिरी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
कोतवाली देहात के नेवादा गांव निवासी मनोज कुमार के मुताबिक गुरुवार रात आई आंधी और बारिश से छत पर लगी टिन शेड उड़ने लगी थी। टिन की तेज आवाज सुन पत्नी सुनीता (48) छत पर पहुंचकर टिन शेड सही करने लगी। इस बीच तेज हवा और बारिश के बीच सुनीता अनियंत्रित होकर छत से नीचे आ गिरी। चीख पुकार सुन परिवार के लोग भागकर पहुंचे तो वह खून से लथपथ पड़ी थी।
सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति से मन मोहा
बहराइच में शहर स्थित किसान पीजी कालेज में गृह विज्ञान एवं ड्राइंग पेंटिंग परिषद में भाषण , मेहंदी प्रतियोगिता एवं अपशिष्ट पदार्थ का पुनः उपयोग की प्रस्तुति के गई। प्रतियोगिता में विजेताओं के लिए पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन हुआ। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम कराए गए। कार्यक्रम का संचालन चतुर्थ सेमेस्टर की महक एवं द्वितीय सेमेस्टर की ममता कुमारी ने किया।
अनियंत्रित ट्रक घर दीवार तोड़ में घुसा, महिला गंभीर घायल
बहराइच जिले के हरदी थाने के सीतापुर हाईवे के मेथौरा गांव में गुरुवार देर शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक एक मकान की दीवार ढहाते हुए घर में जा घुसा। हादसे में घर के बाहर बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जबकी टीनशेड, अन्य सामान को भारी क्षति पहुंची है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रक तेज गति से आ रहा था और अचानक चालक संतुलन खो बैठा, जिससे वाहन सीधे विदेशी गुप्ता के घर में जा टकराया। उस समय घर के बाहर टीन शेड के नीचे महिलाएं चारपाई पर बैठी थीं। ट्रक के घर में घुसते ही मौके पर अफरातफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे। इस हादसे में पूजा गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गईं।
आंधी-पानी से बांस कोठी उखड़ी, कोड़री–मथुरा मार्ग पर जलभराव से आवागमन बाधित
बलरामपुर में ललिया क्षेत्र में गुरुवार रात आई तेज आंधी व बारिश ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। अकबरपुर गांव के निकट लगी बांस की कोठी तेज हवाओं के चलते जड़ समेत उखड़ गई जिससे हादसा होने से बच गया वहीं कोड़री–मथुरा मार्ग पर शेखापुर गांव के पास जलभराव की स्थिति बन गई है जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बताया जाता है कि तेज बारिश के कारण सड़क पर पानी भर गया है जिससे मार्ग पर आवागमन प्रभावित हो गया है। इसके अलावा प्रानपुर–मथुरा मार्ग के बीच निर्माणाधीन दो पुलों के कच्चे बाईपास मार्ग पर कीचड़ फैल गया है। कीचड़ और फिसलन के चलते दोपहिया और चारपहिया वाहनों का निकलना मुश्किल हो गया है।
हाई टेंशन तार गिरने से दो मासूम बच्चियां झुलसीं, बाल-बाल बचीं
बलरामपुर के नगर पंचायत गैसड़ी के वार्ड नंबर 13 में शुक्रवार सुबह हाई टेंशन तार टूटकर गिरने से दो बच्चियां झुलस गईं। गनीमत रही कि लाइट कटने से बड़ा हादसा टल गया। दोनों घायल बच्चियों को प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे वार्ड नंबर 13 में ट्यूबवेल के सामने हाई टेंशन लाइन का तार अचानक टूटकर नीचे गिर गया। उस समय वहां खेल रही मसीहुल्लाह की 6 वर्षीय पुत्री ईरम और सद्दाम हुसैन की 5 वर्षीय पुत्री सनाया तार की चपेट में आ गईं। करंट लगने से दोनों बच्चियां बुरी तरह झुलस गईं। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें निजी अस्पताल पहुंचाया।
असामयिक बारिश से ईंट भट्ठों को भारी नुकसान, खुले आसमान तले सूख रही कच्ची ईंटें गलकर नष्ट
बलरामपुर में ब्लॉक हरैय्या सतघरवा अंतर्गत ललिया क्षेत्र में हुई असामयिक बारिश ने ईंट भट्ठा संचालकों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया है। खुले आसमान तले धूप में सुखाने के लिए रखी गई कच्ची ईंटें अचानक हुई तेज बारिश में भीगकर गलकर नष्ट हो गईं है जिससे लाखों रुपये की क्षति हुई है।
बताया जाता है कि ईंट निर्माण की प्रक्रिया में कच्ची ईंटों को कई दिनों तक खुले मैदान में कतारबद्ध तरीके से सुखाया जाता है। इसी दौरान मौसम ने अचानक करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश इतनी अचानक हुई कि भट्ठा संचालकों को ईंटों को ढकने या सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने का अवसर नहीं मिल सका जिसके चलते बड़ी संख्या में कच्ची ईंटें भीगकर नष्ट हो गईं।
बारात में जा रहे युवक से मारपीट, मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर के कोतवाली जलालपुर क्षेत्र में बारात में जा रहे युवक को रोककर मारपीट करने और बाइक की चाबी छीनने का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ग्राम मुरवाह निवासी किशन यादव ने कोतवाली जलालपुर में दी तहरीर में बताया कि 28 अप्रैल की रात वह मोटरसाइकिल से एक बारात में जा रहा था। इसी दौरान गौरा कमाल क्षेत्र के निवासी मुलायम यादव पुत्र लल्लू यादव तथा अनूप यादव पुत्र त्रिभुवन यादव निवासी दसेरा थाना सम्मनपुर अपने कुछ अज्ञात साथियों के साथ मिले। आरोप है कि मुलायम यादव ने उसे रोककर गाली-गलौज शुरू कर दी और सभी ने मिलकर लात-घूंसों से मारपीट की।
मारपीट और वाहन हड़पने का मुकदमा दर्ज
अम्बेडकरनगर में न्यायालय के आदेश पर जलालपुर पुलिस ने मारपीट, धमकी और वाहन हड़पने के आरोप में एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ग्राम फरीदपुर निवासी सुरेश चन्द्र ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रार्थना पत्र प्रस्तुत कर आरोप लगाया कि उनके सगे भाई दीपचन्द्र, निवासी मित्तूपुर रोड लालातारा, ने उsकी महिन्द्रा जीप को आवश्यक कार्य बताकर अपने पास मंगवा लिया था, लेकिन बाद में वाहन वापस नहीं किया।
तेंदुए ने मवेशी को बनाया निवाला, गांव में दहशत, पहुंची वन विभाग की टीम
बलरामपुर में सोहेलवा वन्यजीव प्रभाग के बनकटवा रेंज अन्तर्गत ग्राम पंचायत चौधरीडीह के मजरे शिकारी पुरवा में बीती रात्रि में तेंदुए ने घर के सामने बंधी मवेशी पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना से गांव में दहशत का माहौल है।बेकारू पासवान ने बताया कि घर के सामने मवेशी बंधी हुई थी।
तभी अचानक तेंदुए ने आकर हमला कर बछिया को जमीन पर पटक दिया और बछिये का गला काटकर बुरी तरह जख्मी कर दिया।बछिये की चीखने चिल्लाने की आवाज सुनकर उनकी नींद टूट गई टार्च जलाकर देखा तो तेंदुआ खडा था।हल्ला गुहार लगाते हुए तेंदुए को खदेडा तेंदुआ धीरे-धीरे कदमो से पास के हेंगहा नाले के जंगल मे चला गया।
महमूदाबाद में लाई फैक्ट्री में लगी आग, मचा हड़कंप
सीतापुर में महमूदाबाद के पैंतेपुर स्थित लाई फैक्ट्री में गुरुवार देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपट निकलने लगी। आग देख आसपास के हड़कंप मच गया। सूचना पर मौके पर पहुंचे अग्निशमन कर्मियों ने तीन दमकल की मदद से आठ घंटे की मशक्कत कर आग पर काबू पाया। आग से कोई हताहत नहीं हुआ है। शार्ट सर्किट से आग लगने का अंदेशा जताया जा रहा है।
पैंतेपुर के मीरानगर निवासी सोहनलाल मीरानगर में ही मोहन इंटरप्राइजेज नाम से लाई फैक्ट्री चलाते हैं। सोहननलाल के मुताबिक गुरुवार रात में फैक्ट्री बंद करवाकर वह घर आ गए थे। देर रात करीब दो बजे चौकीदार से फैक्ट्री में आग लगने की सूचना मिली।
तेज हवाओं संग बारिश से धानेपुर उपकेंद्र की बिजली आपूर्ति ठप
गोंडा में गुरुवार को आधी रात के बाद तेज हवाओं के साथ जोर से बरसात होने लगी। उपकेंद्र बेंदुली से आने वाली 33 केवी की लाइन ट्रिप कर गई । यह लाइन बार-बार प्रयासों के बाद भी नहीं लगी। जिससे पूरे इलाके में अंधेरा छा गया ।
बिजली उप केंद्र धानेपुर से धानेपुर, बाबागंज , अलावल देवरिया, रुद्रगढ़ नौसी और पूरे सिधारी फीडर से पूरे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति की जाती है। गुरुवार की रात लगभग 11:20 बजे पावर हाउस बेदुली से धानेपुर को आने वाली 33 के वी की लाइन ट्रिप कर गई इस कारण लगभग 17000 उपभोक्ताओं को अंधेरे में रात बितानी पड़ी।
अवर अभियंता ज्ञानेंद्र चौहान ने बताया कि कर्मचारी के साथ पेट्रोलिंग की जा रही है। जल्दी ही आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी। जबकि बाबागंज फीडर जल जाने के कारण गुरुवार शाम 7:00 बजे से ही आपूर्ति बाधित रही।
प्रेमी के घर जाने की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ी किशोरी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
गोरखपुर के चिलुआताल थाना क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक किशोरी प्रेमी के घर जाने की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ गई। घटना की सूचना फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें: प्रेमी के घर जाने की जिद में हाईटेंशन पोल पर चढ़ी किशोरी, घंटों चला हाईवोल्टेज ड्रामा
बारिश में जमीन से बाहर निकला हाथ, महिला और नवजात की मिट्टी में दबी लाश मिली
गोरखपुर के गुलरिहा इलाके में गुरुवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब चोरहिया नाले के किनारे मिट्टी में दबा एक महिला और नवजात का शव बरामद हुआ। इस खबर से मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें: बारिश में जमीन से बाहर निकला हाथ, महिला और नवजात की मिट्टी में दबी लाश मिली
आरोपी को पकड़ने के नाम पर परिजनों को परेशान करना गैरकानूनी, हाईकोर्ट की पुलिस को चेतावनी
इलाहाबाद हाईकोर्ट ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर कड़ी नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया है कि किसी फरार आरोपी को पकड़ने के लिए उसके परिजनों को प्रताड़ित करना असंवैधानिक है। कोर्ट ने कहा कि पुलिस द्वारा परिजनों को बार-बार थाने बुलाना या घर पर दबिश देना निजता और गरिमा के अधिकार का उल्लंघन है।
पूरी खबर यहां पढ़ें: आरोपी को पकड़ने के नाम पर परिजनों को परेशान करना गैरकानूनी, हाईकोर्ट की पुलिस को चेतावनी
आंधी-तूफान और बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, तापमान 7.8 डिग्री गिरा
यूपी में मौसम ने गुरुवार को शाम के बाद फिर करवट बदली और रात साढ़े नौ बजे के करीब तेज आंधी आई। हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रही। कुछ ही मिनटों में बारिश शुरू हो गई।
पूरी खबर यहां पढ़ें: आंधी-तूफान और बारिश ने दिलाई गर्मी से राहत, तापमान 7.8 डिग्री गिरा
मकान के ऊपर हाईटेंशन तार के चपेट में आने दो बच्चे झुलसे, भर्ती कराया
गोंडा में ग्राम परेटा के चिंता पुरवा गांव में गुरुवार की शाम निर्माणाधीन मकान की छत पर खेलते समय बिजली की हाईटेंशन तार के चपेट में आए दो बच्चे आदित्य तिवारी (10) व आठ वर्षीय आकांक्षा गंभीर रूप से म झुलस गए। परिजन आनन फानन में दोनों को परसपुर सीएचसी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को जिला मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
मई दिवस पर योगी सरकार के कई ऐलान, श्रमिकों को दोपहर में 5 घंटे आराम
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने भीषण गर्मी और ‘हीट वेव’ को देखते हुए श्रमिकों के लिए नए कार्य-घंटे निर्धारित किए हैं। इसके साथ ही प्रदेश स्तरीय कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर (1800-180-5160) भी जारी किए गए हैं।
पूरी खबर यहां पढ़ें: श्रमिकों को दोपहर में 5 घंटे आराम, हेल्पलाइन और कंट्रोल रूम, मई दिवस पर योगी सरकार के कई ऐलान
गंगा एक्सप्रेसवे पर 15 दिन फ्री सफर, जानें कब से टोल टैक्स लगेगा
गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत की खबर है। अगले लगभग 15 दिनों तक इस मार्ग पर कोई टोल टैक्स नहीं लिया जाएगा। टोल दरों का प्रस्ताव तैयार है, जिसे कैबिनेट की मंजूरी मिलते ही लागू कर दिया जाएगा।
पूरी खबर यहां पढ़ें: गंगा एक्सप्रेसवे पर 15 दिन फ्री सफर, योगी कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही लागू होगा टोल टैक्स
लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।
आरएसएसविज्ञापन र॓टहमार॓ साथ काम करेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT AutoHealthshotsHT SmartcastFAB Play

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News