मुजफ्फरपुर के काँटी थाना क्षेत्र में हुए तिहरे हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है. मृतका के पति संतोष साह ने अपनी प्रेमिका करीना के कहने पर अपनी पत्नी और दो छोटे बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी थी. उसने आरोप पड़ोसियों पर लगाया था, लेकिन पुलिस ने मोबाइल लोकेशन और फॉरेंसिक रिपोर्ट के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया.
Trending Photos
बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी प्रेमिका के प्यार में पागल होकर अपनी पत्नी और दो नन्हे बच्चों की गला घोंटकर हत्या कर दी. यह दर्दनाक घटना शाहबाजपुर मठ गांव में बीते मंगलवार की रात को हुई. आरोपी पति का नाम संतोष साह है, जिसने अपनी प्रेमिका करीना के कहने पर इस खौफनाक साजिश को अंजाम दिया. किसी ने सोचा भी नहीं था कि एक पिता अपने ही तीन महीने के बेटे और दो साल की बेटी का हत्यारा बन जाएगा.
हत्या करने के बाद संतोष ने बहुत ही शातिराना तरीके से खुद को बचाने की कोशिश की. आधी रात को अपनी पत्नी रीता देवी, दो साल की बेटी वैदेही और तीन महीने के बेटे रुद्र की हत्या करने के बाद वह चुपचाप छत पर जाकर सो गया. सुबह होते ही वह नीचे उतरा और जोर-जोर से रोने-चिल्लाने लगा कि किसी ने उसके परिवार को मार डाला है. उसने पुलिस और गांव वालों को गुमराह करने के लिए अपने निर्दोष पड़ोसियों पर हत्या का आरोप लगा दिया और कहा कि जमीन विवाद की वजह से पट्टीदारों ने यह कत्ल किया है.
शुरुआत में संतोष की बातों पर लोगों को यकीन हो गया था, लेकिन पुलिस को उसकी हरकतों पर शक था. मुजफ्फरपुर पुलिस ने इस ट्रिपल मर्डर केस को सुलझाने के लिए विशेष टीम बनाई. जब पोस्टमार्टम और फॉरेंसिक (FSL) रिपोर्ट सामने आई, तो पुलिस का शक यकीन में बदल गया क्योंकि संतोष के बयान और सबूतों में काफी अंतर था. पुलिस ने जब संतोष का मोबाइल जब्त किया, तो पता चला कि घटना वाली रात वह घंटों तक एक महिला से बात कर रहा था.
जब पुलिस ने संतोष से कड़ाई से पूछताछ की, तो वह ज्यादा देर तक झूठ नहीं बोल पाया और फूट-फूट कर रोने लगा. उसने कबूल किया कि गांव की ही रहने वाली करीना कुमारी से उसका कई सालों से प्रेम प्रसंग चल रहा था. संतोष चार बच्चों का पिता था और करीना भी तीन बच्चों की मां थी, लेकिन दोनों एक-दूसरे के साथ शादी करना चाहते थे. उनकी शादी के रास्ते में संतोष की पत्नी और बच्चे बाधा बन रहे थे, इसलिए दोनों ने मिलकर उन्हें रास्ते से हटाने का प्लान बनाया.
संतोष ने बताया कि 27 अप्रैल की रात वह शादी में खाना बनाने जाने का बहाना करके घर से निकला और फिर आधी रात को वापस लौटा. उसने सबसे पहले अपनी पत्नी रीता को बेहोशी की दवा पिलाई. जब पत्नी बेहोश हो गई, तो उसने रस्सी से उसका गला घोंट दिया. इसके बाद इस बेरहम इंसान ने अपनी दो साल की सोती हुई बेटी और फिर तीन महीने के मासूम बेटे का भी गला घोंट दिया. बच्चों की मासूमियत देखकर भी उस दरिंदे का दिल नहीं पसीजा.
इस मामले में एक और चौंकाने वाला खुलासा हुआ है. पुलिस के अनुसार, प्रेमिका करीना भी अपने पति और तीन बच्चों को रास्ते से हटाने की योजना बना रही थी ताकि वह संतोष के साथ रह सके. लेकिन संतोष की गिरफ्तारी के साथ ही उसका भी पर्दाफाश हो गया और करीना के पति व बच्चों की जान बाल-बाल बच गई. पुलिस ने बताया कि अगर समय रहते खुलासा नहीं होता, तो करीना भी अपने परिवार को खत्म कर देती.
ये भी पढ़ें- जहानाबाद शिक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, ड्यूटी से गायब रहने वाले 46 शिक्षकों का वेतन
ग्रामीण एसपी राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि पुलिस ने मात्र 5 दिनों के भीतर इस खौफनाक ट्रिपल मर्डर केस की गुत्थी सुलझा ली है. पुलिस ने हत्यारे पति संतोष साह और उसकी प्रेमिका करीना को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है. इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. लोग हैरान हैं कि कैसे कोई व्यक्ति प्यार के नाम पर इतना अंधा हो सकता है कि अपने ही खून का दुश्मन बन जाए.
Thank you
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts.