दिल्ली की साइबर पुलिस ने एक बड़े सेक्सटॉर्शन रैकेट का पर्दाफाश करते हुए इसके मुख्य सरगना को मेवात इलाके से गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी की पहचान 25 वर्षीय अबास खान के रूप में हुई है जो राजस्थान के अलवर जिले के रामगढ़ का रहने वाला है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी ऑनलाइन ठगी और ब्लैकमेलिंग के जरिए लोगों से लाखों रुपये ऐंठ रहा था.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक यह मामला तब सामने आया जब शालीमार बाग निवासी एक युवक ने शिकायत दी कि उससे 2.52 लाख रुपये की ठगी हुई है. युवक को फेसबुक पर एक लड़की के नाम से फ्रेंड रिक्वेस्ट आई. बातचीत के दौरान लड़की ने उसका मोबाइल नंबर ले लिया और फिर व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल किया. कॉल के दौरान अश्लील वीडियो चलाया गया जिसे देखकर युवक ने कॉल काट दी. इसके बाद आरोपी ने धमकी दी कि उसकी वीडियो रिकॉर्ड कर ली गई है और अगर पैसे नहीं दिए तो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दी जाएगी. डर के कारण युवक ने अलग-अलग किस्तों में कुल 2.52 लाख ट्रांसफर कर दिए.
शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की. टेक्निकल जांच में व्हाट्सऐप, फेसबुक और बैंक खातों की डिटेल खंगाली गई. जांच में सामने आया कि ये सभी अकाउंट फर्जी के जरिए चलाए जा रहे थे और पूरा नेटवर्क मेवात इलाके से ऑपरेट हो रहा था. पुलिस टीम ने कई दिनों तक डिजिटल ट्रैकिंग, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और बैंक ट्रांजैक्शन की जांच की. इसके बाद मेवात में स्थानीय पुलिस की मदद से तड़के छापा मारकर आरोपी को दबोच लिया गया.
पुलिस के मुताबिक आरोपी का गांव संवेदनशील माना जाता है और यहां पहले भी पुलिस टीमों पर पथराव और विरोध की घटनाएं हो चुकी हैं, इसलिए ऑपरेशन को बेहद तेजी और गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया.
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर लड़कियों के नाम से लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजता था. इसके बाद व्हाट्सऐप पर वीडियो कॉल कर पहले से रिकॉर्ड अश्लील वीडियो दिखाता और सामने वाले की स्क्रीन रिकॉर्डिंग कर लेता था. फिर उसी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर पैसे वसूले जाते थे. आरोपी ने यह भी बताया कि उसके गांव के कई युवक इसी तरह की ठगी में शामिल हैं.
पुलिस ने आरोपी के पास से एक आईफोन 14 प्रो बरामद किया है. जिसका इस्तेमाल वह ठगी के लिए करता था. फिलहाल पुलिस इस गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है और पूरे नेटवर्क को खत्म करने के लिए छापेमारी जारी है.
कभी ऑटो ड्राइवर तो कभी सब्जीवाला, दिल्ली पुलिस ने फिल्मी अंदाज में 3 कुख्यात आरोपियों को दबोचा
Source: IOCL
We use cookies to improve your experience, analyze traffic, and personalize content. By clicking “Allow All Cookies”, you agree to our use of cookies.