निकोलस पूरन ने क्यों पकड़ी थी क्रुणाल पंड्या की कॉलर? सामने आई पूरी सच्चाई – AajTak

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में 7 मई (गुरुवार) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच हुए मुकाबले के दौरान मैदान पर माहौल काफी गरमा गया था. तब क्रुणाल पंड्या और निकोलस पूरन के बीच हुई तीखी बातचीत ने सुर्खियां बटोर ली थीं. उस मैच के बाद एक और वीडियो सामने आया, जिसने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी. इस वीडियो में एलएसजी के बल्लेबाज निकोलस पूरन आरसीबी के ऑलराउंडर क्रुणाल पंड्या की कॉलर पकड़ते दिखाई दे रहे हैं. कुछ सेकेंड बाद एलएसजी के हेड कोच जस्टिन लैंगर भी वहां पहुंचते हैं और दोनों खिलाड़ियों से बातचीत करते दिखाई देते हैं.
इसके बाद फैन्स के बीच चर्चा शुरू हो गई कि क्या दोनों खिलाड़ियों के बीच कोई बड़ा विवाद हो गया था? हालांकि अब दोनों खिलाड़ियों ने खुद सामने आकर पूरे मामले की सच्चाई बता दी. क्रुणाल पंड्या ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर पूरे मामले पर विराम लगा दिया. उन्होंने निकोलस के साथ तस्वीर शेयर करते हुए लिखा, ‘कोई लफड़ा नहीं, सिर्फ प्यार. मेरे भाई निकोलस पूरन को आईपीएल में 100 मैच पूरे करने पर बधाई. भाई, तुम पर गर्व है, अभी और भी बहुत कुछ आना बाकी है. वैसे, बाउंसर कैसी थी?’
निकोस पूरन ने भी कमेंट सेक्शन में जवाब देकर साफ कर दिया कि दोनों के बीच कोई तनाव नहीं है. उन्होंने लिखा, ‘यहां सिर्फ प्यार ही प्यार है दोस्तों. मेरे सबसे अच्छे दोस्तों में से एक.’
बाउंसर गेंद बनी थी वजह?
यह पूरा घटनाक्रम तब शुरू हुआ जब निकोलस पूरन बल्लेबाजी करने मैदान पर आए. क्रुणाल पंड्या ने उन्हें लगातार दो बाउंसर फेंकी. दूसरी बाउंसर गेंद पर पूरन ने सिंगल लिया और नॉन-स्ट्राइकर एंड पर पहुंचने के बाद दोनों खिलाड़ियों के बीच कुछ बातचीत होती दिखाई दी. उस समय कैमरे में दोनों काफी गंभीर नजर आए थे, जिसके बाद फैन्स ने अंदाजा लगाना शुरू कर दिया कि मैदान पर कुछ तनाव जरूर हुआ है.
गौरतलब है कि क्रुणाल पंड्या और निकोलस पूरन आईपीएल के 2023 और 2024 सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए एक साथ खेल चुके हैं. दोनों के बीच अच्छी दोस्ती मानी जाती है और मैदान पर दिखी नोकझोंक भी उसी दोस्ती का हिस्सा नजर आई. अगर मुकाबले की बात करें तो लखनऊ सुपर जायंट्स ने डीएलएस नियम के तहत उस मैच में 9 रनों से जीत हासिल की थी. मिचेल मार्श ने 56 गेंदों में 111 रन की विस्फोटक पारी खेली थी.
वहीं आरसीबी की ओर से रजत पाटीदार, टिम डेविड और क्रुणाल पंड्य ने कोशिश जरूर की, लेकिन टीम लक्ष्य दूर रह गई. इस मुकाबले में प्रिंस यादव ने विराट कोहली को शून्य पर क्लीन बोल्ड कर सुर्खियां बटोरी थीं. लेकिन मैच खत्म होने के बाद सबसे ज्यादा चर्चा क्रुणाल पंड्या और निकोलस पूरन के वायरल वीडियो की ही रही.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News