नूंह के ऐतिहासिक नल्लहड़ेश्वर मंदिर में 11 मई को ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ का आयोजन किया जाएगा। इस धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पुन्हाना से विधायक मोहम्मद इलियास इसमें विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के संबोधन का सीधा प्रसारण किया जाएगा। केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे।
ADC ने तैयारियों का निरीक्षण किया
विधायक मोहम्मद इलियास की उपस्थिति को मेवात क्षेत्र में सामाजिक भाईचारे और सांप्रदायिक सौहार्द के प्रतीक के रूप में देखा जा रहा है। ऐसे आयोजनों में सभी समुदायों की भागीदारी क्षेत्र की एकता और आपसी विश्वास को मजबूत करती है।
अतिरिक्त उपायुक्त ज्योति ने कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को साफ-सफाई, सुरक्षा, पेयजल, बिजली, पार्किंग और यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं और आम जनता को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी।
नल्लहड़ेश्वर मंदिर परिसर को सजाने का कार्य अंतिम चरण में है। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार, कार्यक्रम को भव्य और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। यह ‘सोमनाथ स्वाभिमान पर्व’ जिले में धार्मिक आस्था के साथ-साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दे रहा है।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.