Feedback
अमेरिका के FBI डायरेक्टर काश पटेल एक बार फिर आलोचनाओं के घेरे में हैं. इस बार विवाद उनकी कथित लग्ज़री लाइफस्टाइल और सरकारी संसाधनों के इस्तेमाल को लेकर खड़ा हुआ है. अमेरिकी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, एफबीआई डायरेक्टर किसी आधिकारिक दौरे पर थे लेकिन इस दौरे पर उन्होंने अपनी गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस संग निजी पल बिताए.
रिपोर्ट के मुताबिक, 10 मई 2025 को काश पटेल अपनी 27 वर्षीय गर्लफ्रेंड एलेक्सिस विल्किंस के साथ FBI के गल्फस्ट्रीम-V जेट से वॉशिंगटन से फिलाडेल्फिया पहुंचे. वहां दोनों ने मशहूर कंट्री म्यूजिक स्टार्स जॉर्ज स्ट्रेट और क्रिस स्टेपलटन का कॉन्सर्ट देखा. दावा है कि दोनों ने करीब 35 हजार से 50 हजार डॉलर कीमत वाले प्राइवेट सूट से शो का आनंद लिया.
यह भी पढ़ें: अमेरिका ने होर्मुज में लौटाए 78 जहाज, 4 को ऑपरेशन के लायक भी नहीं छोड़ा… CENTCOM का दावा
मामले ने इसलिए ज्यादा तूल पकड़ा क्योंकि FBI के फ्लाइट क्रू और सुरक्षा अधिकारी देर रात तक ड्यूटी पर तैनात रहे. रिपोर्ट्स में कहा गया कि कॉन्सर्ट खत्म होने के बाद रात 11 बजे तक अधिकारी पटेल और उनकी गर्लफ्रेंड के बाहर आने का इंतजार करते रहे, जिससे ओवरटाइम खर्च भी बढ़ा.
हालांकि FBI ने इन आरोपों को खारिज करने की कोशिश की है. ब्यूरो की तरफ से कहा गया कि एलेक्सिस विल्किंस “आमंत्रित मेहमान” थीं और यह यात्रा आधिकारिक कार्यक्रम का हिस्सा थी. FBI प्रवक्ता बेन विलियमसन ने मीडिया रिपोर्ट्स को भ्रामक बताते हुए कहा कि एजेंसी के प्रमुख अक्सर राष्ट्रीय सुरक्षा और सैन्य साझेदारों के साथ ऐसे कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं.
यह भी पढ़ें: ISIS के नंबर-2 आतंकी को अमेरिका ने मार गिराया, नाइजीरिया संग मिलकर किया बड़ा ऑपरेशन
यह पहला मौका नहीं है जब काश पटेल की यात्राएं विवाद में आई हों. इससे पहले हवाई में पर्ल हार्बर के यूएसएस एरिजोना मेमोरियल के पास हुए एक “VIP स्नॉर्कल ट्रिप” को लेकर भी उनकी आलोचना हुई थी. आलोचकों ने कहा था कि ऐतिहासिक और संवेदनशील जगहों पर इस तरह की गतिविधियां गलत संदेश देती हैं.
इसके अलावा मिलान विंटर ओलंपिक के दौरान भी पटेल का वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें वह अमेरिकी हॉकी टीम के खिलाड़ियों के साथ जश्न मनाते और बीयर पीते दिखाई दिए थे. हालांकि पटेल ने हर बार सफाई देते हुए कहा कि उनकी सभी यात्राओं का आधिकारिक उद्देश्य था और निजी खर्च वह खुद उठाते हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू