बिहार में पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। इस बीच, मंगलवार की देर रात समस्तीपुर जिले में पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया। पिछले तीन दिनों से मुठभेड़ की घटनाएं सामने आ रही हैं। मंगलवार की देर रात समस्तीपुर के भगवानपुर देसवा गांव में पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में एक वांछित अपराधी घायल हो गया। उसके पैर में गोली लगने की सूचना है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि जिले में लूट और छिनैती की कई घटनाओं में शामिल वांछित अपराधी प्रिंस कुमार अपने सहयोगियों के साथ उजियारपुर थाना के भगवानपुर देसुआ गांव में मौजूद है और किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में है।
केंद्रीय मंत्री और हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) पर बुधवार को तीखा हमला बोला है। उन्होंने चेतावनी वाले लहजे में कहा कि अब दलित-महादलित किसी से डरने वाले नहीं हैं और हर स्तर पर करारा जवाब मिलेगा। जीतन राम मांझी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में लिखा, ‘राजद के गुंडे हमेशा कहते आए हैं-दमदमे में दम नहीं, अब खैर मांगो जान की। ऐ दलितों, ठंडी हुई तेग अंबेडकरवाद की। तो अब हमारा जवाब सुन लीजिए।’ उन्होंने आगे लिखा, ‘दलितों-महादलितों में बू रहेगी जब तक ईमान की, तख़्त-ए-राजद तक चलेगी तेग अंबेडकरवाद की। अब दलित-महादलित किसी से डरने वाले नहीं, करारा जवाब मिलेगा।’ केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने अपने संदेश के माध्यम से यह संकेत देने की कोशिश की है कि दलित और महादलित समाज अब राजनीतिक और सामाजिक रूप से जागरूक हो चुका है तथा किसी भी प्रकार के दबाव या भय की राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा।
झारखंड की धनबाद संभागीय जेल में एक विचाराधीन कैदी की मंगलवार को मौत हो गई। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। धनबाद संभागीय कारागार के जेलर दिनेश वर्मा ने बताया कि अपनी पत्नी की हत्या के सिलसिले में जेल में बंद विचाराधीन कैदी कुछ दिन पहले बेहोश हो गया था और उसे इलाज के लिए धनबाद सदर अस्पताल ले जाया गया था। अधिकारी ने कहा, ‘इलाज के बाद उसे वापस जेल लाया गया, लेकिन सोमवार देर रात अचानक तबीयत बिगड़ जाने के बाद सदर अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल ले जाया गया है।’ मृतक गोविंदपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत संग्रामडीह निवासी था और उसे 16 मई को पत्नी की हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।