अनूपगढ़ पुलिस ने गश्त के दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए एक 70 वर्षीय व्यक्ति को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक देशी पिस्तौल और 14 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
थानाधिकारी ईश्वर जांगिड़ ने बताया कि एएसआई कालूराम मीणा अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान उन्हें सूचना मिली कि गांव 7 एपीएम के खेत में 70 वर्षीय रामस्वरूप पुत्र रामनारायण बिश्नोई अवैध हथियारों के साथ घूम रहा है। टीम मौके पर पहुंची और रामस्वरूप की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान रामस्वरूप के पास एक कपड़े के थैले में .315 बोर की एक देशी पिस्तौल और 14 जिंदा कारतूस मिले। पुलिस टीम ने तत्काल अवैध हथियारों को जब्त कर आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
बरामद 14 जिंदा कारतूसों में से 11 कारतूस 12 बोर के थे, जिन पर ‘मेड इन जर्मनी’ लिखा हुआ था। शेष 3 कारतूस 8 एमएम के थे।
आरोपी रामस्वरूप के खिलाफ अनूपगढ़ पुलिस थाने में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस टीम आरोपी से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह ये अवैध हथियार कहां से लाया था और इन्हें लेकर क्यों घूम रहा था। इस कार्रवाई में एएसआई कालूराम मीणा, कांस्टेबल सतनाम सिंह, कांस्टेबल संता सिंह, महिला कांस्टेबल निर्मला और कांस्टेबल महेंद्र सिंह का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.