अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते पर संकेतों के बाद भारतीय शेयर बाज़ार में तेज़ी – BBC

भारतीय शेयर बाज़ार सोमवार को पिछले दो हफ़्तों में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति के संकेत मिलने के बाद यह तेज़ी आई है.
रौनक भैड़ा, सुमंत सिंह
इमेज स्रोत, Punit PARANJPE / AFP via Getty Images
भारतीय शेयर बाज़ार सोमवार को पिछले दो हफ़्तों में अपने सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच गया है. अमेरिका-ईरान शांति वार्ता में प्रगति के संकेत मिलने के बाद यह तेज़ी आई है.
शांति वार्ता में प्रगति के संकेतों की वजह से कच्चे तेल की क़ीमतों में गिरावट आई है और जोखिम वाले निवेशों में दिलचस्पी बढ़ी है.
समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक़, ब्रेंट क्रूड फ़्यूचर्स की क़ीमत 5.5 फ़ीसदी गिरकर 97.8 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई है, जो कि पिछले दो हफ़्तों में सबसे कम है.
सोमवार को निफ़्टी-50, 1.32 फ़ीसदी (312.40 पॉइंट्स) बढ़कर 24,031.70 पर पहुंच गया, जबकि बीएसई सेंसेक्स 1.42 फ़ीसदी (1073.61 पॉइंट्स) चढ़कर 76,488.96 पर बंद हुआ. 8 मई 2026 के बाद ये दोनों सूचकांक अपने सबसे ऊंचे स्तर पर बंद हुए हैं.
हालांकि विश्लेषकों ने कहा कि अमेरिका और ईरान के अधिकारियों ने किसी तत्काल समझौते की संभावना को कम करके बताया, जिससे बाज़ार में बढ़त सीमित रही.
इमेज स्रोत, BSEINDIA
इमेज स्रोत, ANI
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में एक रिसॉर्ट में सोमवार को केबल कार सेवा में तकनीकी ख़राबी आने के बाद सैकड़ों पर्यटक फंस गए. इन पर्यटकों को सुरक्षित निकालने के लिए बचाव अभियान चलाया जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के कार्यालय ने एक बयान जारी कर बताया कि सरकार स्थिति पर क़रीबी नज़र बनाए हुए है.
बयान में कहा गया, "सभी केबिन सुरक्षित हैं और फंसे हुए पर्यटकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए ज़मीन पर मौजूद प्रशिक्षित टीमें राहत और बचाव अभियान चला रही हैं."
मुख्यमंत्री कार्यालय ने कहा, "स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और घबराने की कोई वजह नहीं है."
पीटीआई के मुताबिक़, केबल कार सेवा की सबसे बड़ी केबल में तकनीकी ख़राबी आई है.
इमेज स्रोत, ANI
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक मामले के बाद सीबीएसई (केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड) बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्र सरकार को घेरा है.
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पर भी निशाना साधा है.
राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा, "दशकों में पहली बार सीबीएसई बोर्ड परीक्षा पर इतने गंभीर सवाल उठे हैं. 18.5 लाख बच्चों ने परीक्षा दी और एक हफ़्ते से ओएसएम, ग़लत मार्किंग और जाँच की गड़बड़ी की शिकायतें अनसुनी पड़ी हैं."
सीबीएसई ने इस बार पहली बार उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए ऑन स्क्रीन मार्किंग (ओएसएम) प्रणाली लागू की. इसके तहत लगभग 98.67 लाख कॉपियों को स्कैन कर डिज़िटल रूप से जांचा गया.
बोर्ड का दावा है कि इससे मूल्यांकन प्रक्रिया तेज़, पारदर्शी और त्रुटिरहित हुई, और इसी वजह से परिणाम भी कम समय में घोषित किए जा सके.
हालांकि, परिणाम आने के बाद कई छात्र, शिक्षक और स्कूल प्रबंधन ओएसएम प्रणाली पर सवाल उठा रहे हैं. छात्रों का आरोप है कि डिज़िटल मूल्यांकन में उनके विस्तृत उत्तरों का सही आकलन नहीं हुआ.
इसके अलावा कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने एक 17 साल के स्टूडेंट को ट्रोल करने का आरोप भी लगाया.
उन्होंने लिखा, "एक 17 साल का बच्चा, जिसकी कॉपी ग़लत जाँची गई, न्याय की उम्मीद में सोशल मीडिया पर आया. मगर उसे मदद नहीं, गालियाँ मिलीं."
संबंधित ख़बर: सीबीएसई रिज़ल्टः इस बार इतना क्यों गिरा परीक्षा पास करने वाले छात्रों का प्रतिशत
इमेज स्रोत, Fatemeh Bahrami/Anadolu via Getty Images
बीबीसी फ़ारसी सेवा के मुताबिक़, ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बग़ाई ने पुष्टि की है कि अमेरिका से समझौते पर कुछ मुद्दों पर सहमति बन गई है.
हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि इसका मतलब यह नहीं है कि किसी समझौते पर जल्द हस्ताक्षर होने वाले हैं.
इससे पहले रविवार को ईरानी सरकारी मीडिया की रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि दोनों देशों के बीच सिर्फ़ 'एक या दो' मुद्दों पर मतभेद बने हुए हैं.
इस्माइल बग़ाई ने समझौते पर देरी का कारण अमेरिकी अधिकारियों के विरोधाभासी रुख़ और बातचीत के बीच हमला करने के अमेरिकी इतिहास को बताया.
इससे पहले अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ईरान और अमेरिका आज (सोमवार) युद्ध ख़त्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंच सकते हैं.
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी रविवार को कहा था कि समझौता होने ही वाला है, लेकिन बाद में उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि उन्हें समझौते पर पहुंचने की कोई जल्दी नहीं है.
इमेज स्रोत, Iranian Parliament Speaker Office/ Handout/Anadolu via Getty Images
पाकिस्तान के फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर चीन दौरे पर गए हैं. इससे पहले वो ईरान के दौरे पर थे, जहां उन्होंने युद्ध ख़त्म करने की दिशा में बातचीत आगे बढ़ाई.
पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने पहले से ही 23 मई से लेकर 26 मई तक चीन दौरे पर हैं.
बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, शहबाज़ शरीफ़ चीन में राष्ट्रपति शी जिनपिंग समेत कई नेताओं से मुलाक़ात कर रहे हैं. इन बैठकों में ईरान-अमेरिका युद्ध एक अहम मुद्दा है.
चीन ने कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ मिलकर "मध्य पूर्व में जल्द से जल्द शांति और स्थिरता लाने में सकारात्मक योगदान देगा."
गौरतलब है कि चीन से पहले फ़ील्ड मार्शल आसिम मुनीर शुक्रवार और शनिवार को पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नक़वी के साथ तेहरान में थे, जहां उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची से मुलाक़ात की.
आसिम मुनीर के ईरान दौरे के बाद पीएम शहबाज़ शरीफ़ ने उम्मीद जताई थी कि वो जल्द ही अमेरिका-ईरान के बीच अगली बैठक की मेज़बानी करेंगे.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
'कॉकरोच जनता पार्टी' पर मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत ने ये कहा
त्विषा शर्मा केस: सुप्रीम कोर्ट ने की सुनवाई, गवाहों और अभियुक्तों को लेकर क्या कहा
फाल्टा सीट पर बीजेपी की भारी जीत के टीएमसी के लिए क्या मायने हैं?
ईरान से समझौते पर किन बातों को लेकर बंटे राष्ट्रपति ट्रंप की पार्टी के सांसद
इमेज स्रोत, Facebook/samantaraydebashish
ओडिशा से राज्यसभा के सदस्य देबाशीष सामंतराय ने बीजू जनता दल (बीजेडी) से इस्तीफ़ा दे दिया है.
उन्होंने उप राष्ट्रपति और राज्यसभा सभापति सी पी राधाकृष्णन से मिलकर राज्यसभा से भी इस्तीफ़ा दे दिया है. इसके साथ हीं राज्यसभा में बीजेडी सदस्यों की संख्या घटकर अब पाँच रह गई है.
पूर्व सीएम नवीन पटनायक को भेजे गए अपने इस्तीफ़े में सामंतराय ने लिखा, "पिछले एक वर्ष से दल में मेरी लगातार अनदेखी हो रही है और मुझे लगता है कि पार्टी को अब मेरी कोई ज़रूरत नहीं रही."
देबाशीष सामंतराय के भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल होने की संभावना जताई जा रही है.
इस्तीफ़ा देने के बाद बीजेपी में शामिल होने के सवाल पर उन्होंने कहा, "मैं इस दिशा में सोच रहा हूं और बीजेपी नेतृत्व के साथ इस बारे में बातचीत हो रही है. एक राष्ट्रीय दल में काम करने का पर्याप्त मौक़ा मिलेगा. वैसे भी बीजेडी में अब मेरा कोई भविष्य नहीं रहा."
गौरतलब है कि सामंतराय से पहले राज्यसभा सदस्य ममता महंत और सुजीत कुमार ने भी बीजेडी छोड़ दी थी. इसके बाद वो बीजेपी से राज्यसभा के लिए निर्वाचित हुए थे.
इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा है कि अमेरिका और ईरान आज (सोमवार) युद्ध ख़त्म करने के लिए एक समझौते पर पहुंच सकते हैं.
मार्को रुबियो ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "हम अभी भी इस पर काम कर रहे हैं. जैसा मैंने पहले कहा था, हमें लगा था कि शायद कल रात कोई ख़बर आएगी, लेकिन अब शायद आज आए."
पत्रकारों के सवाल पर मार्को रुबियो ने कहा, "हमारे पास एक मज़बूत प्रस्ताव है जिसमें होर्मुज़ स्ट्रेट खुलने और तय समय में परमाणु मुद्दों पर बातचीत शुरू करने जैसी बातें शामिल हैं."
उन्होंने कहा, "इस प्रस्ताव को खाड़ी देशों में और दुनिया भर में बहुत समर्थन मिला है. हर देश ने इसे न सिर्फ़ सही बल्कि दुनिया के लिए ज़रूरी क़दम माना."
उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर बातचीत करने वाले अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि जल्दबाज़ी में समझौता ना करें.
इमेज स्रोत, Nasir Kachroo/NurPhoto via Getty Images
सुप्रीम कोर्ट ने नीट पेपर लीक मामले में दायर याचिकाओं पर सुनवाई करते हुए दुख जताया कि परीक्षा को पेपर लीक की वजह से रद्द करना पड़ा.
बार एंड बेंच के मुताबिक़, जस्टिस पीएस नरसिम्हा और जस्टिस आलोक अराधे की पीठ ने निराशा जताई कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (एनटीए) ने पिछली घटनाओं से कोई सबक नहीं लिया. कोर्ट ने साल 2024 में भी पेपर लीक के आरोपों पर दिशा-निर्देश दिए थे.
लाइव लॉ के मुताबिक़, डॉक्टरों और मेडिकल छात्रों की ओर से दायर याचिकाओं पर कोर्ट ने नोटिस जारी किया, जिसमें एनटीए को रिप्लेस करने की मांग की गई थी.
कोर्ट ने एनटीए से यह भी कहा कि वह हाई-पावर्ड कमेटी की सिफ़ारिशों पर उठाए गए क़दमों की स्टेटस रिपोर्ट पेश करे. यह कमेटी कोर्ट के 2024 के आदेश के बाद बनाई गई थी, ताकि नीट व्यवस्था को मज़बूत करने के सुझाव मिल सकें.
कोर्ट ने कहा, "हम एनटीए को निर्देश देते हैं कि वह हलफ़नामा दाख़िल करे, जिसमें 14 नवंबर 2024 को बनी मॉनिटरिंग कमेटी की स्थिति बताई जाए."
"हम पूर्व चेयरमैन डॉ. के. राधाकृष्णन को भी निर्देश देते हैं कि वह हलफ़नामा दाख़िल करें, कि हाई-पावर्ड कमेटी की रिपोर्ट के अनुसार कौन-कौन से कदम उठाए गए. यह हलफ़नामा 3 दिन के भीतर दाख़िल किया जाए."
दरअसल, हाई-पावर्ड कमेटी केंद्र सरकार ने 2024 के नीट यूजी पेपर लीक के बाद बनाई थी. इसकी अध्यक्षता पूर्व इसरो चेयरमैन डॉ के राधाकृष्णन ने की थी.
गौरतलब है कि इस बार सुप्रीम कोर्ट में याचिकाएं तब दायर की गईं, जब केंद्र सरकार और एनटीए ने 3 मई को हुई नीट परीक्षा को रद्द कर दिया था.
इमेज स्रोत, Abhishek Chinnappa/Getty Images
पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी के बाद राहुल गांधी ने कहा कि उन्होंने पहले आर्थिक तूफ़ान की बात कही थी, लेकिन तब 'पीएम नरेंद्र मोदी चुनाव में व्यस्त' थे.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मानव मोदी का फिर से हमला. पेट्रोल-डीज़ल के दाम किश्तों में बढ़ाते हैं – ताकि चुपके-चुपके आपकी जेब कटती रहे."
उन्होंने लिखा, "मैं महीनों से आर्थिक तूफ़ान आने की बात कह रहा था. पर मोदी जी तब हमेशा की तरह चुनाव में व्यस्त थे. चुनाव ख़त्म होते ही पेट्रोल-डीज़ल 8 रुपये महंगा कर दिया."
राहुल गांधी ने कहा कि आगे भी क़ीमतें बढ़ती जाएंगी. उन्होंने लिखा, "ये बढ़त होती ही जाएगी. महंगाई मानव मोदी का एक ही काम है- चुनाव में वादे और बाक़ी समय जनता की जेब पर वार."
गौरतलब है कि सोमवार को सरकार ने पेट्रोल की क़ीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की क़ीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी की है.
इमेज स्रोत, David Talukdar/NurPhoto via Getty Images)
असम सरकार ने सोमवार को यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड (यूसीसी) पर एक बिल विधानसभा में पेश किया, जिसमें बहुविवाह (एक से ज़्यादा शादी) पर रोक लगाने और लिव-इन रिश्तों का अनिवार्य रजिस्ट्रेशन करने की बात कही गई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, संसदीय कार्य मंत्री अतुल बोरा ने ‘यूनिफ़ॉर्म सिविल कोड, असम, 2026 बिल’ विधानसभा में रखा.
कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों ने इस क़दम का विरोध करते हुए कहा कि इसे लागू करने से पहले सभी पक्षों से चर्चा होनी चाहिए.
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कहा, “पहली बार बिल में लिव-इन रिश्तों को क़ानूनी रूप दिया जा रहा है. अनिवार्य रजिस्ट्रेशन से पार्टनर्स और ऐसे रिश्तों से पैदा हुए बच्चों के अधिकारों को मान्यता मिलेगी.”
हालांकि, बिल में कहा गया है कि यह असम में रहने वाले किसी भी अनुसूचित जनजाति पर लागू नहीं होगा.
गुजरात विधानसभा में पास हुआ था यूसीसी बिल
गुजरात विधानसभा ने 24 मार्च को यूसीसी बिल पास किया था, जिसमें कहा गया है कि शादी, तलाक़, उत्तराधिकार और लिव-इन रिश्तों से जुड़ा एक ही कानून होगा. यानी अलग-अलग धर्मों के अलग-अलग क़ानून नहीं होंगे.
बिल में कहा गया है कि अगर शादी ज़बरदस्ती, दबाव या धोखे से कराई जाती है तो 7 साल तक जेल की सज़ा होगी. इसमें बहुविवाह पर रोक और लिव-इन का रजिस्ट्रेशन ज़रूरी किया गया है.
इमेज स्रोत, AFI
रांची में आयोजित 29वीं नेशनल सीनियर एथलेटिक्स फ़ेडरेशन प्रतियोगिता के चौथे दिन पुरुष पोल वॉल्ट स्पर्धा में दो एथलीटों ने नया रिकॉर्ड कायम किया है.
मध्य प्रदेश के पोल वॉल्ट खिलाड़ी देव कुमार मीणा और कुलदीप कुमार ने रविवार को नेशनल रिकॉर्ड बनाया. दोनों ने 5.45 मीटर के जंप के साथ नया रिकॉर्ड बनाया है.
बिरसा मुंडा स्टेडियम में देव मीणा ने 5.42 मीटर की छलांग लगाकर पहले कुलदीप कुमार का 5.41 मीटर वाला रिकॉर्ड तोड़ा, जो उन्होंने इसी महीने भुवनेश्वर में बनाया था.
इसके बाद कुलदीप ने 5.45 मीटर की छलांग लगाकर रिकॉर्ड को अपने नाम किया. इसके कुछ ही देर बाद 20 वर्षीय देव ने भी इतनी ही ऊंची छलांग लगाई और दोनों एथलीटों ने एक 'नया संयुक्त राष्ट्रीय रिकॉर्ड' दर्ज कर दिया.
काउंटडाउन नियम के आधार पर देव कुमार मीणा को गोल्ड मिला, जबकि कुलदीप कुमार को सिल्वर मेडल मिला.
इमेज स्रोत, Julia Demaree Nikhinson / POOL / AFP via Getty Images
अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने दिल्ली में सोमवार को कहा कि भारत हमेशा पाकिस्तान की ज़मीन से संचालित 'आतंकी संगठनों' को लेकर चिंतित रहता है.
जब उनसे पूछा गया कि क्या भारत ने पाकिस्तान के अमेरिका-ईरान विवाद में मध्यस्थ बनने पर कोई चिंता जताई है, तो उन्होंने स्पष्ट किया कि इस मुद्दे पर भारत ने कभी शिकायत नहीं की.
रुबियो ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "भारत हमेशा यह बात उठाता है कि पाकिस्तान की ज़मीन से आतंकी संगठन काम करते हैं, जो भारत को निशाना बनाते हैं. लेकिन जहां तक ईरान मामले में पाकिस्तान की भूमिका मध्यस्थ के तौर पर रही, उस पर कभी बात नहीं हुई."
उन्होंने कहा, "मुझे नहीं लगता कि भारत इस पर शिकायत करेगा. उनका मुद्दा पाकिस्तान से अलग है."
अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक भारत यात्रा पर हैं. बतौर विदेश मंत्री भारत की यह उनकी पहली आधिकारिक यात्रा है.
गौरतलब है कि ईरान और अमेरिका के बीच पाकिस्तान मध्यस्थ की भूमिका निभा रहा है, दोनों देशों के बीच एक दौर की बातचीत की मेज़बानी भी कर चुका है.
संबंधित कहानी: रुबियो के सामने जयशंकर बोले- हमारे लिए 'इंडिया फ़र्स्ट', कई स्रोतों से सस्ती ऊर्जा आपूर्ति करेंगे सुनिश्चित
इमेज स्रोत, Saqib Majeed/SOPA Images/LightRocket via Getty Images
कांग्रेस ने पेट्रोल-डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी पर केंद्र सरकार की आलोचना करते हुए कहा है कि 'महंगाई मैन' की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही.
दरअसल, सोमवार को पेट्रोल की कीमतों में प्रति लीटर 2 रुपये 61 पैसे और डीज़ल की कीमतों में भी 2 रुपये 71 पैसे की बढ़ोतरी हुई है.
अब दिल्ली में एक लीटर पेट्रोल के दाम 102 रुपये 12 पैसे और डीज़ल का भाव 95 रुपये 20 पैसे हो गया है.
इस पर कांग्रेस ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "महंगाई मैन मोदी ने पेट्रोल-डीज़ल 11 दिन में 8 रुपए महंगा कर दिया. आज फिर पेट्रोल-डीज़ल की कीमतें बढ़ा दी गईं. अपने पूंजीपति दोस्तों को मालामाल करने के लिए मोदी जनता की जेब काटने में लगे हैं."
आगे लिखा "लोग महंगाई में पिस रहे हैं, परेशान हैं- लेकिन महंगाई मैन की वसूली थमने का नाम नहीं ले रही."
पेट्रोल-डीज़ल की कीमतों में यह 10 दिन के भीतर चौथी बढ़ोतरी है.
इससे पहले भारत में शनिवार यानी 23 मई को भी पेट्रोल और डीज़ल के दामों में बढ़ोतरी हुई थी. पेट्रोल 87 पैसे और डीज़ल 91 पैसे प्रति लीटर महंगा हुआ था.
इस महीने सबसे पहले 15 मई को पेट्रोल-डीज़ल के दाम तीन रुपये प्रति लीटर बढ़ाए गए थे. इसके बाद 19 मई को भी क़रीब 90 पैसे की दूसरी बढ़ोतरी हुई.
इमेज स्रोत, Reuters
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर ट्रैविस हेड और उनकी पत्नी जेसिका को ऑनलाइन ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा है. यह सब इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में ट्रैविस हेड और भारतीय बल्लेबाज़ विराट कोहली के बीच हुए विवाद के बाद हुआ.
दरअसल, शुक्रवार रात हैदराबाद में खेले गए मैच में सनराइज़र्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु आमने-सामने थे. मैच के दौरान कोहली और ट्रैविस हेड के बीच कई इशारे हुए, लेकिन जब मैच ख़त्म हुआ और ट्रैविस हेड ने हाथ मिलाने के लिए हाथ बढ़ाया तो कोहली नज़रअंदाज़ करते हुए आगे बढ़ गए.
इस वाक़ये के बाद कोहली के प्रशंसकों ने सोशल मीडिया पर ट्रैविस हेड पर हमला शुरू कर दिया.
ट्रैविस हेड की पत्नी जेसिका ने ऑस्ट्रेलियाई मीडिया आउटलेट द एडवरटाइज़र से कहा, "यह उसी दुर्व्यवहार जैसा लग रहा है जो वर्ल्ड कप के बाद हुआ था."
जेसिका ने कहा, "सुबह उठते ही सोशल मीडिया पर गालियां दिखीं… हम ठीक हैं लेकिन वे मेरे दोस्तों और परिवार को निशाना बना रहे हैं. खेल में जोश और जुनून तो रहेगा ही, लेकिन खिलाड़ियों और उनके परिवारों से बात करने का तरीक़ा भी मायने रखता है."
गौरतलब है कि राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में सनराइज़र्स हैदराबाद ने रॉयल चैलेंजर्स को 55 रन से हराया. कोहली ने 11 गेंदों पर 15 रन बनाए और मैच ख़त्म होने पर हेड से हाथ मिलाने से इनकार कर दिया.
मैच के दौरान हेड और कोहली के बीच तीखी बहस हुई, हालांकि यह साफ़ नहीं है कि झगड़ा किस वजह से शुरू हुआ.
संबंधित कहानी: हैदराबाद के साथ मैच में कोहली ने ऐसा क्या किया जिसकी पाकिस्तान में हो रही चर्चा
इमेज स्रोत, SAM PANTHAKY/AFP via Getty Images
पश्चिम बंगाल की फाल्टा विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने बड़ी जीत दर्ज की है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे 'लोकतंत्र की जीत' बताया है.
पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर लिखा, "फाल्टा के लोगों ने अपनी बात कह दी. लोकतंत्र जीता है और डराने की कोशिश हार गई है.
"श्री देबांग्शु पांडा जी को फाल्टा में रिकॉर्ड मार्जिन से जीतने पर बधाई. यह दिखाता है कि पश्चिम बंगाल के लोगों का बीजेपी पर अटूट भरोसा है. लोग पश्चिम बंगाल सरकार का अलग-अलग क्षेत्रों में किया गया बेहतरीन काम देख रहे हैं और इसलिए उन्होंने हमें और आशीर्वाद देने का फ़ैसला किया."
उन्होंने लिखा, "पश्चिम बंगाल के सभी बीजेपी कार्यकर्ताओं को मेरी शुभकामनाएं, उन्होंने शानदार काम किया है. हम आगे भी पश्चिम बंगाल की तरक़्क़ी के लिए काम करते रहेंगे."
उल्लेखनीय है कि बीजेपी के देबांग्शु पांडा एक लाख से ज़्यादा वोटों से चुनाव जीते हैं. उन्होंने 1,49,666 यानी कि 71.2% वोट हासिल किए.
दूसरे नंबर पर मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के शंभु नाथ कुर्मी रहे, जिन्हें 40645 (19.34%) वोट मिले. कांग्रेस यहाँ तीसरे नंबर पर रही जिसके प्रत्याशी अब्दुर रज़्ज़ाक को 10084 (4.8%) वोट मिले.
तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार जहांगीर ख़ान के नाम पर भी 7783 (3.7%) वोट मिले हैं, हालांकि मतदान से पहले उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का एलान किया था.
संबंधित कहानी: फाल्टा सीटः बीजेपी जीती, चुनाव मैदान से हटने के बाद भी क्यों पड़े जहांगीर ख़ान के नाम पर वोट
इमेज स्रोत, Mark Wilson/Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो भारत के प्रधानमंत्री मोदी को बहुत पसंद करते हैं और भारत अमेरिका पर भरोसा कर सकता है.
दरअसल, अमेरिका के 250वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में एक समारोह हो रहा था. इस दौरान अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने लाइव कॉल के ज़रिए डोनाल्‍ड ट्रंप को समारोह से जोड़ा.
ट्रंप ने कॉल पर कहा, "आई लव प्राइम मिनिस्टर मोदी. वो बहुत अच्छे हैं, वो मेरे दोस्त हैं. मैं कहना चाहता हूं कि आप लोग बहुत अच्छे हैं. भारत और अमेरिका कभी इतने क़रीब नहीं रहे. भारत मुझ पर और हमारे देश पर 100% भरोसा कर सकता है."
"अगर उन्हें कभी मदद चाहिए होगी, तो उन्हें पता है किसे कॉल करना है. वो यहीं कॉल करेंगे. हम अच्छा कर रहे हैं, हम रिकॉर्ड बना रहे हैं. हमारी अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड स्तर पर है, हमारा स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड स्तर पर है. मैं प्रधानमंत्री मोदी का बहुत बड़ा प्रशंसक हूं."
गौरतलब है कि 23 मई को अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और पीएम मोदी की मुलाक़ात हुई थी. तब सर्जियो गोर ने कहा था कि रुबियो ने राष्ट्रपति ट्रंप की ओर से पीएम मोदी को व्हाइट हाउस आने के लिए आधिकारिक निमंत्रण दिया है.
संबंधित कहानी: रुबियो के सामने जयशंकर बोले- हमारे लिए 'इंडिया फ़र्स्ट', कई स्रोतों से सस्ती ऊर्जा आपूर्ति करेंगे सुनिश्चित
इमेज स्रोत, NISHIMURA / AFP via Getty Images
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि उन्होंने ईरान के मुद्दे पर बातचीत करने वाले अपने प्रतिनिधियों को निर्देश दिया है कि जल्दबाज़ी में समझौता ना करें.
हालांकि, इससे पहले रिपोर्टों में कहा गया था कि समझौता क़रीब है.
डोनाल्ड ट्रंप ने यह भी कहा है कि वो ईरान के साथ अच्छा समझौता करेंगे. इस दौरान उन्होंने पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के कार्यकाल के दौरान हुए समझौते की आलोचना की.
अमेरिकी मीडिया के मुताबिक़, जिस समझौते पर अब चर्चा हो रही है उसमें 60 दिन का युद्धविराम बढ़ाना, होर्मुज़ स्ट्रेट को फिर से खोलना और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर आगे की बातचीत शामिल है.
डोनाल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा, "अगर मैं ईरान के साथ समझौता करता हूं, तो वह अच्छा और सही होगा. ओबामा वाला नहीं, जिससे ईरान को बहुत सारा नक़द पैसा मिला और परमाणु हथियार बनाने का रास्ता खुल गया.
"हमारा समझौता बिल्कुल उल्टा है, लेकिन किसी ने इसे देखा नहीं है और किसी को पता भी नहीं है कि यह क्या है. यह अभी पूरी तरह तय भी नहीं हुआ है. इसलिए उनकी मत सुनो जो इसकी आलोचना कर रहे हैं, इसके बारे में उन्हें कुछ पता ही नहीं है."
उन्होंने लिखा, "मुझसे पहले वालों को यह समस्या कई साल पहले हल करनी चाहिए थी, लेकिन उन्होंने नहीं किया. मैं ख़राब समझौते नहीं करता."
गौरतलब है कि रविवार को पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने उम्मीद जताई थी कि वो दूसरे दौर की बातचीत की मेज़बानी करेंगे.
संबंधित कहानी: ईरान जंग पर रुबियो ने दिए 'जल्द अच्छी ख़बर' के संकेत, ईरानी मीडिया ने कहा अमेरिका की ओर से 'अटकी' है बात
नमस्कार!
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.
कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.
हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
पेट्रोल, डीज़ल के दाम फिर बढ़े, जानिए अब कितने रुपए लीटर मिलेगा
रुबियो के सामने जयशंकर बोले- हमारे लिए 'इंडिया फ़र्स्ट', कई स्रोतों से सस्ती ऊर्जा आपूर्ति करेंगे सुनिश्चित
ईरान जंग पर रुबियो ने दिए 'जल्द अच्छी ख़बर' के संकेत, ईरानी मीडिया ने कहा अमेरिका की ओर से 'अटकी' है बात
फाल्टा सीटः बीजेपी जीती, चुनाव मैदान से हटने के बाद भी क्यों पड़े जहांगीर ख़ान के नाम पर वोट
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित
© 2026 BBC. बाहरी साइटों की सामग्री के लिए बीबीसी ज़िम्मेदार नहीं है. बाहरी साइटों का लिंक देने की हमारी नीति के बारे में पढ़ें.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News