भास्कर न्यूज | मीरगंज
राष्ट्र स्तर पर चर्चित हिंदी साहित्य संगठन तरुणोदय सांस्कृतिक विकास परिषद के तत्वावधान में पूर्णिया जनपद के खगहा मीरगंज स्थित हरि साहित्य सदन में आगामी 34वें राष्ट्रीय हिंदी साधक सम्मान समारोह को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता परिषद के संस्थापक कैलाश बिहारी चौधरी ने की।
बैठक में आगामी राष्ट्रीय हिंदी साधक सम्मान समारोह, तरुणोदय प्रकाशन, परिषद पुनर्गठन एवं विगत आयोजित समारोह के आय-व्यय पर विस्तार से चर्चा की गई। परिषद सदस्यों की सहमति से कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव भी पारित किए गए।
परिषद के वार्षिक पुनर्गठन के तहत अशोक आलोक को परिषद अध्यक्ष का दायित्व सौंपा गया। वहीं पूर्व अध्यक्ष गंगेश पाठक को संपर्क प्रतिनिधि बनाया गया। इसके अलावा सुनील समदर्शी उपाध्यक्ष एवं प्रभाकर परवाना को सचिव, देवेश चौधरी को उपसचिव, नितेश कुमार को प्रेस प्रतिनिधि तथा कैलाश बिहारी चौधरी को कोषाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई। परिषद के अन्य सभी सदस्य पूर्ववत बने रहे।
बैठक के दौरान तरुणोदय पत्रिका के प्रकाशन एवं विगत आयोजनों के आय-व्यय प्रस्तुत करने के बाद आगामी हिंदी साधक सम्मान समारोह हेतु प्राप्त सात सम्मान प्रविष्टियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। परिषद ने निर्णय लिया कि इस वर्ष सम्मान समारोह के लिए प्रविष्टियां 31 अगस्त तक प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त प्रविष्टियों का चयन 31 अगस्त को परिषद के निर्णायक मंडल द्वारा किया जाएगा, जबकि सम्मान समारोह का आयोजन सितंबर माह में किया जाएगा।
परिषद की ओर से बताया गया कि सम्मान हेतु प्रकाशित पुस्तकों की दो प्रतियां, पत्र-पत्रिकाओं की प्रति, संक्षिप्त परिचय एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो डाक सेवा के माध्यम से अध्यक्ष, तरुणोदय सांस्कृतिक विकास परिषद, खगहा मीरगंज, पूर्णिया के पते पर भेजना अनिवार्य होगा। बैठक में परिषद के नितेश ठाकुर, मनीष यादव, रवि कुमार, श्याम सुंदर साह, सचिव प्रभाकर परवाना एवं उपसचिव देवेश चौधरी थे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.