Feedback
अमेरिका के लॉस एंजेलिस में विनाशकारी आग ने तबाही मचा रखा है. पिछले आठ दिनों से धधक रही इस आग ने अब तक 24 लोगों की जान ले ली है, जबकि 12,000 से ज्यादा इमारतें खाक हो चुकी हैं. हालात इस कदर तक बिगड़ चुके हैं कि एक लाख से ज्यादा लोगों को अपना घर छोड़कर भागना पड़ा है.
वहीं, इस आग के कहर ने एक तरफ अमीर और गरीब का अंतर मिटा दिया है. आज की तारीख में कैलिफोर्निया के वे लोग भी बेघर हो गए हैं, जो कभी अमीरी की पहचान थे, और वे भी जिनके पास पहले से ही सीमित संसाधन थे.
लेकिन दूसरी तरफ, यह आग पैसे के खेल को भी उजागर कर रही है. जहां अमीर लोग अपने घरों को बचाने के लिए निजी फायरफाइटर हायर कर रहे हैं, वही विकल्प आम आदमी के लिए केवल एक सपना है.
हर घंटे 1.7 लाख रुपये खर्च कर बचा रहे अपने घर
न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, लॉस एंजेलिस के अमीर लोग अपने महंगे घरों को बचाने के लिए प्राइवेट फायरफाइटिंग सर्विस का सहारा ले रहे हैं. इन सेवाओं के लिए उन्हें हर घंटे करीब 2,000 डॉलर (1.7 लाख रुपये) चुकाने पड़ रहे हैं. इन निजी फायरफाइटर टीमों में विशेषज्ञ उपकरण, फायर-रेटार्डेंट जैल और पानी के टैंक्स शामिल हैं, जो घरों और संपत्तियों को बचाने में जुटे हैं.
यह विनाशकारी आग लॉस एंजेलिस के उत्तर-पश्चिमी इलाके पैसिफिक पैलिसेड्स से शुरू हुई थी. शुरुआत में यह आग महज 10 एकड़ तक सीमित थी, लेकिन तेज हवाओं के चलते यह पूरे शहर में फैल गई. अब आग ने हॉलीवुड हिल्स जैसे प्रमुख इलाकों को भी अपनी चपेट में ले लिया है.
अमीरों द्वारा प्राइवेट फायरफाइटिंग सेवाओं का इस्तेमाल समाज में वर्ग विभाजन की बहस को और गहरा कर रहा है. हाल ही में, मशहूर प्रॉपर्टी इन्वेस्टर कीथ वासरमैन और बिलियनयर रियल एस्टेट डेवलपर रिक कारुसो ने अपनी संपत्तियों की रक्षा के लिए प्राइवेट फायरफाइटर्स को हायर किया.
2018 में किम कार्दशियन और कान्ये वेस्ट ने भी ली थी मदद
यह पहली बार नहीं है जब प्राइवेट फायरफाइटर्स चर्चा में आए हैं. 2018 में, किम कार्दशियन और कान्ये वेस्ट ने अपनी संपत्ति को बचाने के लिए इन्हीं सेवाओं का इस्तेमाल किया था. आग की वजह से लॉस एंजेलिस में अनुमानित 135 से 150 बिलियन डॉलर का आर्थिक नुकसान हुआ है. इस तबाही ने न केवल घरों को बर्बाद किया है, बल्कि कई लोगों के व्यवसाय भी खत्म कर दिए हैं.
इस आग से जुड़े दृश्य और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं. लोग जहां प्राइवेट फायरफाइटर्स की आलोचना कर रहे हैं, वहीं इस आग से जुड़े मानवता और समाज के विभाजन पर भी सवाल उठा रहे हैं.
Copyright © 2025 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू