Attack on ED in Keralam: केरलम में बुधवार (27, मई) को राजनीतिक माहौल उस समय अचानक गरमा गया जब प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने पूर्व मुख्यमंत्री पिनराई विजयन (Pinarayi Vijayan) और उनके परिवार से जुड़े कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी शुरू की. कार्रवाई शुरू होते ही राज्य के अलग-अलग हिस्सों में विरोध प्रदर्शन तेज हो गए और कई जगह हालात तनावपूर्ण बन गए.
सबसे बड़ा हंगामा तिरुवनंतपुरम में देखने को मिला, जहां CPI(M) कार्यकर्ताओं ने ED अधिकारियों की गाड़ी को घेर लिया. प्रदर्शनकारियों ने एजेंसी के खिलाफ नारेबाजी करते हुए गाड़ी के शीशे तोड़ दिए. बताया गया कि गाड़ी में महिला अधिकारी भी मौजूद थीं. मौके पर मौजूद पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा बलों को स्थिति संभालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी.
ईडी (ED) ने राज्यभर में करीब 10 जगहों पर छापेमारी की. इनमें पिनराई विजयन का तिरुवनंतपुरम स्थित आवास, कन्नूर में पैतृक घर और उनके दामाद एवं पूर्व मंत्री मोहम्मद रियास का कोझिकोड स्थित घर शामिल था. सुबह से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान विजयन और उनके परिवार के सदस्य घर के अंदर ही मौजूद रहे, जबकि बाहर बड़ी संख्या में समर्थक जमा हो गए.
प्रदर्शन के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं पर सुरक्षाकर्मियों की ओर प्लास्टिक की बोतलें, हेलमेट और पत्थर फेंकने के आरोप भी लगे. हालात बिगड़ते देख पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को हस्तक्षेप करना पड़ा. बाद में नेताओं ने कार्यकर्ताओं को शांत कराया और प्रदर्शन खत्म करवाने की कोशिश की.
ये पूरा मामला कथित ‘पे-ऑफ केस’ से जुड़ा हुआ है. आरोप है कि कोचीन मिनरल्स एंड रूटाइल लिमिटेड (CMRL) ने 2018 से 2019 के बीच पिनराई विजयन की बेटी टी वीना की कंपनी Exalogic Solutions को लगभग 1.72 करोड़ रुपये का भुगतान किया था. जांच एजेंसियों का दावा है कि इस रकम के बदले कोई सेवा नहीं दी गई थी.
दिलचस्प बात ये है कि ED की यह कार्रवाई केरल हाईकोर्ट के उस फैसले के एक दिन बाद हुई, जिसमें कोर्ट ने CMRL की उस याचिका को खारिज कर दिया था, जिसमें ED की जांच रद्द करने की मांग की गई थी. वहीं, CPI(M) ने पूरे मामले को राजनीतिक साजिश बताया है. पार्टी के महासचिव एमए बेबी ने दिल्ली में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि ये कार्रवाई पूरी तरह ‘राजनीति से प्रेरित’ है. उनका आरोप है कि केंद्र सरकार विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए केंद्रीय एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें India Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED