Donald Trump on Iran: अमेरिका और ईरान के बीच संभावित शांति समझौते को लेकर सामने आई खबरों पर अब बड़ा विवाद खड़ा हो गया है. ईरानी सरकारी मीडिया की तरफ से कथित तौर पर एक प्रारंभिक MoU का मसौदा जारी किए जाने के बाद व्हाइट हाउस ने इस दावे को पूरी तरह खारिज कर दिया है. अमेरिका ने साफ शब्दों में कहा है कि ऐसी किसी डील का अस्तित्व नहीं है और ईरानी मीडिया की रिपोर्ट ‘पूरी तरह मनगढ़ंत’ है.
व्हाइट हाउस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर बयान जारी करते हुए कहा कि ईरान नियंत्रित मीडिया की रिपोर्ट सच नहीं है. बयान में कहा गया, ‘जो MoU जारी करने का दावा किया गया है, वह पूरी तरह फर्जी है. किसी को भी ईरानी सरकारी मीडिया की बातों पर भरोसा नहीं करना चाहिए। तथ्य मायने रखते हैं.’
दरअसल, ईरानी सरकारी टीवी ने दावा किया था कि तेहरान और वॉशिंगटन के बीच संघर्ष कम करने को लेकर एक प्रारंभिक समझौते का मसौदा तैयार हुआ है. रिपोर्ट के अनुसार, इस संभावित डील में अमेरिका ईरान पर लगी नौसैनिक नाकेबंदी हटाने और खाड़ी क्षेत्र से अपनी सैन्य मौजूदगी कम करने पर विचार कर सकता है. बदले में ईरान स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में व्यावसायिक जहाजों की आवाजाही सामान्य करने को तैयार होगा.
ईरानी रिपोर्ट में ये भी कहा गया था कि होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों के संचालन को लेकर ओमान समेत क्षेत्रीय देशों के साथ मिलकर एक नई व्यवस्था बनाई जा सकती है. हालांकि, इसमें सैन्य जहाजों को शामिल नहीं किए जाने की बात कही गई थी. लेकिन अमेरिका ने इन सभी दावों को सीधे तौर पर नकार दिया है. व्हाइट हाउस का कहना है कि दोनों देशों के बीच इस तरह का कोई अंतिम या लगभग तय समझौता नहीं हुआ है. अमेरिकी प्रशासन ने ये भी संकेत दिया कि इस तरह की खबरें अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम फैलाने की कोशिश हो सकती हैं.
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज दुनिया के सबसे अहम समुद्री मार्गों में गिना जाता है. वैश्विक तेल सप्लाई का बड़ा हिस्सा इसी रास्ते से गुजरता है. इसलिए इस क्षेत्र में तनाव बढ़ने या किसी समझौते की खबर का असर सीधे अंतरराष्ट्रीय बाजार और तेल कीमतों पर पड़ता है. पिछले कुछ महीनों से पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और संघर्ष के कारण दुनिया भर के ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता बनी हुई है. कई देशों को आशंका थी कि अगर होर्मुज स्ट्रेट में जहाजों की आवाजाही प्रभावित हुई तो कच्चे तेल की कीमतों में भारी उछाल आ सकता है.
ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें फेसबुक पर लाइक करें या ट्विटर पर फॉलो करें. India.Com पर विस्तार से पढ़ें World Hindi की और अन्य ताजा-तरीन खबरें
हल्द्वानी से दिल्ली के बड़े न्यूजरूम तक… तनुजा जोशी, उत्तराखंड के शांत और खूबसूरत शहर हल्द्वानी से ताल्लुक रखती हैं. देहरादून के ग्राफिक एरा यूनिवर्सिटी से पत्रकारिता की पढ़ाई पूरी … और पढ़ें
Subscribe to Our Newsletter Today!
By clicking “Accept All Cookies”, you agree to the storing of cookies on your device to enhance site navigation, analyze site usage, and assist in our marketing efforts Cookies Policy.
© 1998-2026 INDIADOTCOM DIGITAL PRIVATE LIMITED, ALL RIGHTS RESERVED