Feedback
भारतीय रेलवे से हर दिन लाखों लोग सफर करते हैं. यात्रियों की बढ़ती संख्या और बेहतर यात्रा अनुभव की मांग को देखते हुए रेलवे लगातार नई और आधुनिक ट्रेनों को शुरू कर रहा है. इसी कड़ी में पिछले कुछ वर्षों में कई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का उद्घाटन किया गया. अपनी तेज रफ्तार, एडवांस टेक्नीक और लग्जरी सुविधाओं की वजह से वंदे भारत ट्रेन यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय हो चुकी है. लेकिन बहुत से लोगों के मन में यह सवाल रहता है कि आखिर सलीपर वंदे भारत के फर्स्ट एसी में कौन-कौन सी सुविधाएं मिलती हैं. चलिए जानते हैं.
सुविधाओं को लेकर वीडियो वायरल
सोशल मीडिया पर इन दिनों एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्लॉगर वंदे भारत स्लीपर ट्रेन के फर्स्ट एसी कोच की शानदार सुविधाओं को दिखाता नजर आता है. वीडियो में दिखाई गई एक खास सुविधा ने लोगों का सबसे ज्यादा ध्यान खींचा है. दरअसल, पहले भारतीय रेलवे के फर्स्ट एसी कोच में यात्रियों की प्राइवेसी के लिए खिड़कियों पर पर्दे लगाए जाते थे, जिन्हें जरूरत के अनुसार खोला या बंद किया जा सकता था.
लेकिन अब नई तकनीक के साथ रेलवे ने पर्दों की जगह एक स्मार्ट ग्लास सिस्टम का इस्तेमाल किया है. वीडियो में व्लॉगर दिखाता है कि केबिन के अंदर एक बटन दिया गया है. जैसे ही इस बटन को दबाया जाता है, खिड़की का शीशा तुरंत ट्रांसपेरेंट हो जाता है और यात्री बाहर का नजारा आसानी से देख सकते हैं. वहीं बटन को दोबारा दबाने पर शीशा फॉगी या धुंधला हो जाता है, जिससे बाहर और अंदर की तरफ कुछ भी साफ दिखाई नहीं देता.
ट्रेन में 7 स्टार होटल वाली सुविधाएं
इस तकनीक का सबसे बड़ा फायदा यह है कि यात्रियों को पर्दे लगाने या हटाने की जरूरत नहीं पड़ती. साथ ही उनकी प्राइवेसी भी बनी रहती है. अगर कोई यात्री आराम करना चाहता है या केबिन के अंदर निजी माहौल चाहता है, तो वह एक बटन दबाकर शीशे को पूरी तरह धुंधला कर सकता है. आमतौर पर इस तरह की स्मार्ट ग्लास तकनीक महंगे 5 स्टार और 7 स्टार होटलों, लग्जरी ऑफिसों और हाई-एंड इमारतों में देखने को मिलती है. यही वजह है कि ट्रेन में इस सुविधा को देखकर लोग काफी हैरान हैं. भारतीय रेलवे में इस तरह की आधुनिक सुविधा पहले बहुत कम देखने को मिली है.
A post shared by 𝐒𝐮𝐤𝐚𝐧𝐭 𝐒𝐡𝐚𝐰 (@__sukantshaw_)
वीडियो देखने वाले कई यूजर्स का कहना है कि वंदे भारत स्लीपर ट्रेन भारतीय रेलवे के सफर को एक नए स्तर पर ले जा रही है. स्मार्ट ग्लास, आधुनिक इंटीरियर, आरामदायक केबिन और प्रीमियम सुविधाओं की वजह से यह ट्रेन यात्रियों को लगभग होटल जैसा अनुभव देने का प्रयास करती नजर आती है. यही कारण है कि यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग रेलवे की इस नई तकनीक की जमकर तारीफ कर रहे हैं.
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को एडवांस टेक्निक के साथ तैयार किया गया है. यह ट्रेन अधिकतम 180 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है. रेलवे का दावा है कि इससे यात्रियों का सफर काफी कम समय में पूरा होगा. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में कुल 16 आधुनिक कोच हैं और इसमें 823 यात्री सफर कर सकते हैं. ट्रेन के अंदर यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बेहद आरामदायक बर्थ है. सीट और बर्थ को इस तरह डिजाइन किया गया है कि लंबी यात्रा के दौरान शरीर को बेहतर सपोर्ट मिले और थकान कम महसूस हो.
ट्रेन में ऑटोमेटिक दरवाजे, कोचों के बीच सुरक्षित रास्ता, एडवांस सस्पेंशन सिस्टम और कम झटकों वाली तकनीक दी गई है. इससे यात्रियों को स्मूथ और आरामदायक सफर का अनुभव मिलता है. रेलवे ने यात्रियों के सामान को ध्यान में रखते हुए ट्रेन में पर्याप्त लगेज स्पेस दिया है. छोटे बैग रखने के लिए ओवरहेड रैक और सीट के नीचे स्टोरेज की व्यवस्था की गई है. वहीं बड़े सूटकेस रखने के लिए कोच के प्रवेश द्वार के पास अलग जगह बनाई गई है. इससे कोच के अंदर भीड़भाड़ कम रहेगी और यात्रियों को ज्यादा आराम मिलेगा.
आधुनिक टॉयलेट और साफ-सफाई पर खास जोर
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में अल्ट्रा मॉडर्न और बड़े टॉयलेट लगाए गए हैं. ट्रेन में आधुनिक डिसइन्फेक्शन तकनीक का इस्तेमाल किया गया है, जिससे सफर के दौरान साफ-सफाई और स्वच्छता का स्तर बेहतर बना रहेगा. रेलवे का कहना है कि यात्रियों को हेल्दी और हाइजीनिक यात्रा का अनुभव मिलेगा.
दिव्यांग यात्रियों के लिए भी खास सुविधा
इस ट्रेन में दिव्यांगजनों के लिए विशेष स्थान और सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं. साथ ही मॉड्यूलर पैंट्री और बेहतर कैटरिंग सेवा भी दी गई है ताकि लंबी दूरी के यात्रियों को किसी तरह की परेशानी न हो. वंदे भारत स्लीपर ट्रेन में यात्रियों को क्षेत्रीय व्यंजनों का स्वाद भी मिलेगा. गुवाहाटी से चलने वाली ट्रेन में असमिया भोजन परोसा जाएगा, जबकि कोलकाता से रवाना होने वाली ट्रेन में बंगाली व्यंजनों की सुविधा मिलेगी. इससे यात्रियों का सफर और भी खास बन जाएगा.
सुरक्षा के लिए मिलेगी हाईटेक सुविधाएं
रेलवे ने इस ट्रेन में सुरक्षा का भी खास ध्यान रखा है. इसमें स्वदेशी कवच ऑटोमैटिक ट्रेन प्रोटेक्शन सिस्टम लगाया गया है, जो ट्रेन दुर्घटनाओं को रोकने में मदद करेगा. इसके अलावा CCTV कैमरे, एडवांस फायर सेफ्टी सिस्टम, ऑटोमैटिक डोर और इमरजेंसी टॉक-बैक सिस्टम जैसी सुविधाएं भी दी गई हैं. किसी भी आपात स्थिति में यात्री सीधे ट्रेन स्टाफ से संपर्क कर सकेंगे.
रेलवे द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वंदे भारत स्लीपर ट्रेन का संभावित किराया 3AC के लिए लगभग 2300 रुपये, 2AC के लिए 3000 रुपये और फर्स्ट AC के लिए करीब 3600 रुपये है. रेलवे का कहना है कि यह ट्रेन हवाई यात्रा जैसी सुविधाएं कम कीमत में उपलब्ध करा रही है.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू