Feedback
अफगानिस्तान के खिलाफ 6 जून से मुल्लांपुर में खेले जाने वाले एकमात्र टेस्ट मैच से पहले जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी भारतीय टीम के कैम्प से जुड़ गए हैं. हालांकि उन्हें अभी आधिकारिक टेस्ट स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन रिपोर्ट्स के मुताबिक वह बैकअप खिलाड़ी के रूप में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम के साथ ट्रेनिंग कर रहे हैं.
आकिब नबी का टीम इंडिया कैम्प में शामिल होना इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योंकि टेस्ट टीम के ऐलान के समय भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) की सेलेक्शन कमेटी को उनके नाम को लेकर ट्रोल होना पड़ा था. अजीत अगरकर की अगुआई वाली सेलेक्शन कमेटी ने जसप्रीत बुमराह को आराम दिए जाने के बाद आकिब की जगह गुरनूर बरार को मौका दिया था. इसके बाद कई क्रिकेट विशेषज्ञों और फैन्स ने नबी को नजरअंदाज किए जाने पर सवाल उठाए थे.
अब टीम इंडिया कैम्प में उनकी एंट्री को भविष्य की योजनाओं से जोड़कर देखा जा रहा है. भले ही अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट में उनका खेलना तय नहीं है, लेकिन भारतीय टीम प्रबंधन उनकी प्रगति पर करीबी नजर बनाए हुए है. श्रीलंका दौरे के लिए उनकी दावेदारी फिलहाल कमजोर मानी जा रही है, लेकिन अक्टूबर में न्यूजीलैंड दौरे पर तेज गेंदबाजों के लिए मददगार परिस्थितियों को देखते हुए वह चयनकर्ताओं के रडार पर हो सकते हैं.
आकिब नबी ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में शानदार प्रदर्शन किया था. जम्मू-कश्मीर की ऐतिहासिक रणजी ट्रॉफी जीत में उन्होंने अहम भूमिका निभाई और टीम के लिए सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज रहे. नबी ने 10 प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 60 विकेट चटकाए. इस दौरान उनका औसत सिर्फ 12.56 का रहा और उन्होंने सात बार पांच विकेट हॉल अपने नाम किए.
यह भी पढ़ें: अफगानिस्तान के खिलाफ सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, 4 नए चेहरों को मौका
रणजी में धमाकेदार प्रदर्शन के दम पर उन्हें IPL 2026 मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा था. वह फ्रेंचाइजी के सबसे महंगे भारतीय खिलाड़ियों में शामिल रहे. दिल्ली ने उनको 8.40 करोड़ रुपए में खरीदा था. हालांकि IPL में उनका पहला सीजन उम्मीदों के मुताबिक नहीं रहा. उन्होंने पांच मैच खेले लेकिन एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके.
भारत की टेस्ट टीम फिलहाल शुभमन गिल की कप्तानी में अफगानिस्तान के खिलाफ मुकाबले की तैयारी कर रही है. टीम में यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल, साई सुदर्शन, ऋषभ पंत, देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बरार, हर्ष दुबे और ध्रुव जुरेल जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: ऋतुराज गायकवाड़ की टीम इंडिया में एंट्री, बने उपकप्तान… रियान पराग बाहर, BCCI का ऐलान
आकिब नबी को भले ही अभी आधिकारिक तौर पर टेस्ट कैप नहीं मिली हो, लेकिन टीम इंडिया कैम्प में उनकी मौजूदगी इस बात का संकेत है कि चयनकर्ता और टीम प्रबंधन उन्हें भविष्य के लिए एक गंभीर विकल्प के रूप में देख रहे हैं. अब सभी की नजर इस बात पर रहेगी कि क्या कश्मीर का यह तेज गेंदबाज जल्द ही भारतीय टेस्ट टीम में अपनी जगह पक्की कर पाता है.
अफगानिस्तान के खिलाफ कमात्र टेस्ट के लिए भारत की टीम: शुभमन गिल (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, केएल राहुल (उपकप्तान), साई सुदर्शन, ऋषभ पंत (विकेट कीपर), देवदत्त पडिक्कल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, मानव सुथार, गुरनूर बराड़, हर्ष दुबे, ध्रुव जुरेल (विकेट कीपर).
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू