24 घंटे, 3 बड़ी वारदात… दो हत्याओं से दहला न्यू उस्मानपुर, फायरिंग से दहशत, कानून-व्यवस्था पर उठे सवाल – AajTak

उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर थाना क्षेत्र में 24 घंटे के भीतर हत्या और फायरिंग की तीन गंभीर घटनाओं ने इलाके में सनसनी फैला दी. लगातार हुई इन वारदातों के बाद कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े होने लगे हैं. पुलिस तीनों मामलों की जांच में जुटी हुई है. पुलिस लगातार छापेमारी कर रही हैं. फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं.
पहली वारदात 
1 जून की रात करीब 10:25 बजे सामने आई, जब न्यू उस्मानपुर इलाके में 17 वर्षीय एक किशोर की चाकू मारकर हत्या कर दी गई. सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची तो युवक मृत अवस्था में मिला. पुलिस ने तुरंत फोरेंसिक टीम को बुलाकर घटनास्थल की जांच कराई और अहम सबूत एकत्र किए. शुरुआती जांच में पता चला कि युवक की हत्या चाकू से कई वार कर की गई थी. इस मामले में हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है. हालांकि पुलिस को कुछ ही घंटों में कामयाबी मिल गई और पुलिस ने दो नाबालिगों समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.
दूसरी वारदात
उसी दिन शाम के समय न्यू उस्मानपुर के चौथे पुश्ते इलाके में फायरिंग की एक घटना हुई. बदमाशों द्वारा की गई गोलीबारी के दौरान वहां से गुजर रहे 12 वर्षीय एक बच्चे के पैर में गोली लग गई. घायल बच्चे को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया. मामले की जांच करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि तीसरे आरोपी की तलाश अभी भी जारी है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
तीसरी वारदात 
मंगलवार सुबह भगत सिंह कॉलोनी में सामने आई, जहां सड़क पर एक युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया. मृतक की पहचान ब्रह्मपुरी निवासी 26 वर्षीय ललित के रूप में हुई है. पुलिस जांच में पता चला कि उसकी भी चाकू मारकर हत्या की गई थी. सूचना मिलते ही पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए.
पुलिस का दावा
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ललित हत्याकांड में कुछ अहम सुराग हाथ लगे हैं और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगाई गई हैं. लगातार सामने आई इन तीन घटनाओं ने स्थानीय लोगों में भय का माहौल पैदा कर दिया है. पुलिस का दावा है कि सभी मामलों की गहन जांच की जा रही है. 17 वर्षीय किशोर की हत्या के मामले में तीन लोग पकड़े गए हैं और जल्द ही दूसरे मामलों के आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. वहीं, इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी पुलिस सतर्कता बढ़ा रही है.

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News