Feedback
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के लिए बुधवार की सुबह एक दर्दनाक खबर लेकर आई. सुबह-सुबह मालवीय नगर इलाके के एक रेस्टोरेंट कम होटल में लगी आग की विकराल लपटों ने 21 जिंदगियां लील लीं. फायर ब्रिगेड ने इस होटल में लगी आग बुझाने के साथ ही सभी लोगों को बाहर निकाला. 16 लोग राष्ट्रीय राजधानी के तीन अस्पतालों में जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं.
इस दर्दनाक घटना के दिल दहला देने वाले विजुअल भी सामने आए हैं. इनमें लोग अपनी जान बचाने के लिए आग की लपटों में घिरी बिल्डिंग से नीचे छलांग लगाते नजर आए. इस बिल्डिंग की बेसमेंट से भी कुछ लोगों को रेस्क्यू किया गया है.
बिल्डिंग का चैनल गेट बंद होने के कारण लोग निकल नहीं सके. बाद में मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने शटर काटकर बिल्डिंग में फंसे लोगों को रेस्क्यू किया. मौके पर एम्बुलेंस भी बुला ली गई थी. इनके जरिये रेस्क्यू किए गए लोगों को उपचार के लिए तत्काल दिल्ली के तीन अस्पतालों में भेजा गया.
एक वीडियो सामने आया है, जिसमें एक विदेशी नागरिक धूं-धूं कर जल रही बिल्डिंग की छत पर खड़ा नजर आ रहा है. बिल्डिंग से धुएं का गुबार उठता नजर आ रहा है और इस गुबार के बीच विदेशी नागरिक पीठ पर बैग सही करता नजर आ रहा है. जान बचाने की जद्दोजहद में छत पर जा पहुंचे इस विदेशी नागरिक का वीडियो भी अब सामने आया है.
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस रेस्टोरेंट कम होटल से सुबह के करीब 8 बजकर 40 मिनट पर आग की लपटें उठतीं नजर आईं. एक प्रत्यक्षदर्शी ने बताया कि हमने नीचे गद्दे भी बिछाए, जिस पर कूदकर लोगों ने अपनी जान बचाई.
प्रत्यक्षदर्शियों ने यह भी बताया कि तीसरी मंजिल से तीन नाइजीरियन ने भी कूदकर अपनी जान बचाई. बाद में फायर ब्रिगेड की टीम आई और तब जाकर शटर काटा और रेस्क्यू शुरू किया. घायलों को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया.
यह भी पढ़ें: Malviya Nagar Fire: दिल्ली के मालवीय नगर में भीषण अग्निकांड, रेस्टोरेंट-होटल में आग लगने से 21 की मौत
इनमें से 20 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया. घटना की जानकारी पाकर मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय के साथ ही विपक्षी आम आदमी पार्टी के भी कई नेता मौके पर पहुंच गए.
यह भी पढ़ें: 6 कमरों की थी इजाजत, बना लिए 20 रूम… दिल्ली के जिस होटल में लगी आग उस पर बड़ा खुलासा
मालवीय नगर से विधायक सतीश उपाध्याय ने कहा कि इस रेस्टोरेंट के पास बीएनबी का लाइसेंस था. उसी की वजह से इसमें मैक्स हॉस्पिटल के लोग भी आते हैं. इसमें कुछ विदेशी नागरिक भी हैं.
यह भी पढ़ें: उपहार सिनेमा से मालवीय नगर अग्निकांड तक… आग की लपटों ने कब-कब दिल्ली को रुलाया?
उन्होंने कहा कि यह 8.51 की घटना है और उसी के बाद से स्थानीय नागरिकों, फायर ब्रिगेड और डिजास्टर मैनेजमेंट की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया. आजतक के एक सवाल पर सतीश उपाध्याय ने कहा कि जिसकी भी खामी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए. अभी हमारा काम है लोगों को बचाना. इस दर्दनाक हादसे के बाद दिल्ली सरकार और प्रशासन सवालों के घेरे में आ गए हैं.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू