तो क्या अन्नामलाई भाजपा छोड़कर नहीं जा रहे हैं? यह सवाल अब तेजी से उठने लगा है। एक दिन पहले तक यह माना जाने लगा था कि अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ दी है। कहा जा रहा था कि अब वह अपनी पार्टी बनाने वाले हैं। लेकिन अब चीजें बदलती दिखाई दे रही हैं। बताया जा रहा है कि दिल्ली में भाजपा के शीर्ष नेताओं से मुलाकात के बाद अन्नामलाई ने भाजपा छोड़ने का विचार त्याग दिया है। बता दें कि अन्नामलाई मंगलवार को नई दिल्ली पहुंचे थे। इस दौरान उनकी केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और राष्ट्रीय महासचिव बीएल संतोष से मुलाकात हुई थी। असल में अन्नामलाई के भाजपा छोड़ने पर पार्टी के लिए कई तरह की चुनौतियां खड़ी हो जाएंगी। इसलिए पार्टी उन्हें छोड़ना नहीं चाहती है। हकीकत तो यह है कि अन्नामलाई के छोड़कर जाने पर भाजपा का ही घाटा है।
क्यों अन्नामलाई को रोकने में जुटी भाजपा
भाजपा अन्नामलाई को पार्टी छोड़कर नहीं जाने देना चाहती है। इसके पीछे कई वजहें हैं। इनमें सबसे बड़ी वजह तो यही है कि अन्नामलाई तमिलनाडु में भाजपा का सबसे मशहूर चेहरा हैं। यहां तक कि साल 2025 में नैनर नागेंद्रन के पार्टी अध्यक्ष बनाए जाने के बावजूद वह अभी भी सबसे जाना-पहचाना चेहरा हैं। ऐसे में उनका पार्टी छोड़कर जाना न सिर्फ पार्टी के लिए शर्मनाक होगा, बल्कि एक कॉम्पटीटर भी पैदा कर देगा। अगर अन्नामलाई अपनी खुद की पार्टी बनाते हैं तो वह भाजपा के अन्य नेताओं को भी अपनी तरफ खींच सकते हैं। कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि कुछ एआईएडीएमके नेता भी मौके की तलाश में हैं। अगर अन्नामलाई नई पार्टी बनाते हैं तो वह भी उनके साथ जा सकते हैं। संभवत: यही वजह है कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व अन्नामलाई को मनाने में जोर-शोर से जुटा हुआ है।
क्या चाहता है भाजपा शीर्ष नेतृत्व
जानकारी के मुताबिक भाजपा का शीर्ष नेतृत्व किसी कीमत पर नहीं चाहता कि अन्नामलाई पार्टी छोड़कर जाएं। न्यूज18 के मुताबिक बैठक के दौरान अन्नामलाई ने शीर्ष नेतृत्व को बताया कि वह इस्तीफा देना चाहते हैं। इसके जवाब में वरिष्ठ नेताओं ने उन्हें तत्काल ऐसा करने से मना किया। अन्नामलाई से कहा गया कि पार्टी अभी भी उनके विकल्पों की तलाश कर रही है। साथ ही वह ऐसे रास्ते भी बना रही है ताकि तमिलनाडु का राजनीति में भाजपा का सबसे पहचाना जाने वाला चेहरा उनके साथ बना रहे।
भाजपा छोड़ना क्यों चाहते हैं अन्नामलाई
अन्नामलाई पूर्व में आईपीएस अधिकारी रह चुके हैं। उन्हें तमिलनाडु में भाजपा का सबसे आक्रामक चेहरा माना जाता है। प्रदेश अध्यक्ष के अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने सलाह दी थी कि भाजपा को द्रविड़ियन पार्टीज पर निर्भर रहने की जगह, खुद की अपनी पहचान बनानी चाहिए। अंदरूनी जानकारी के मुताबिक भाजपा की गठबंधन की रणनीति, खासतौर पर 2026 विधानसभा चुनाव से पहले एआईएडीएमके के साथ जाने का फैसला अन्नामलाई और पार्टी के बीच दरार की वजह बना। अन्नामलाई का तर्क था कि इस गठबंधन ने प्रदेश में भाजपा की बढ़त को कमजोर कर दिया।
पार्टी को लिखा था पांच पन्नों का लेटर
कुछ रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि अपने इस्तीफे में अन्नामलाई ने इस बात का जिक्र किया है कि गठबंधन होने के बाद भाजपा के वोट में तेजी से गिरावट आई है। उन्होंने कहाकि गठबंधन ने पार्टी को सियासी तौर पर नुकसान पहुंचाया है। एक अन्य रिपोर्ट के मुताबिक अन्नामलाई ने पांच पेज का एक पत्र लिखा था, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि उन्हें पार्टी में दरकिनार किया जा रहा है। इसमें यह भी कहा गया कि अन्नामलाई ने यह भी कहाकि लोकसभा चुनाव में 11 फीसदी की तुलना में विधानसभा चुनाव में भाजपा का वोट सिर्फ तीन परसेंट रह गया।
मूल रूप से आजमगढ़ के रहने वाले दीपक मिश्रा के लिए पत्रकारिता में आना कोई संयोग नहीं था। घर में आने वाली तमाम मैगजीन्स और अखबार पढ़ते-पढ़ते खुद अखबार में खबर लिखने तक पहुंच गए। हालांकि सफर इतना आसान भी नहीं था। इंटरमीडिएट की पढ़ाई के बाद जब घरवालों को इस इरादे की भनक लगी तो खासा विरोध भी सहना पड़ा। फिर मन में ठाना कि चलो जमीनी अनुभव लेकर देखते हैं। इसी मंशा के साथ ग्रेजुएशन की पढ़ाई के दौरान आजमगढ़ के लोकल टीवी में काम करना शुरू किया। कैमरे पर शहर की गतिविधियां रिकॉर्ड करते, न्यूज बुलेटिन लिखते और कुछेक बार उन्हें कैमरे के सामने पढ़ते-पढ़ते इरादा मजबूत हो गया कि अब तो मीडिया में ही जाना है।
आजमगढ़ के डीएवी डिग्री कॉलेज से इंग्लिश, पॉलिटिकल साइंस और हिस्ट्री विषयों में ग्रेजुएशन के बाद वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय से मास कम्यूनिकेशन में मास्टर डिग्री। इसके बाद अखबारों में नौकरी का सिलसिला शुरू हुआ आज अखबार से। फिर दैनिक जागरण के बाइलिंगुअल अखबार आई नेक्स्ट में वाराणसी में डेस्क पर नौकरी। वहां से सेंट्रल डेस्क कानपुर का सफर और फिर पत्रिका अखबार के इवनिंगर न्यूज टुडे में सेंट्रल डेस्क हेड की जिम्मेदारी। बाद में पत्रिका अखबार के लिए खेल डेस्क पर भी काम करने का मौका मिला। पत्रिका ग्रुप में काम करते हुए 2014 फीफा वर्ल्ड कप की कवरेज के लिए अवॉर्ड भी मिला।
यूपी में वापसी हुई फिर से दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में और जिम्मेदारी मिली गोरखपुर में डेस्क हेड की। आई नेक्स्ट की दूसरी पारी में दो बार गोरखपुर एडिशन के संपादकीय प्रभारी की भी भूमिका निभाई। वहीं, कुछ अरसे तक इलाहाबाद में डेस्क हेड की जिम्मेदारी भी संभाली। दैनिक जागरण आई नेक्स्ट में काम करने के दौरान, डिजिटल फॉर्मेट के लिए वीडियो स्टोरीज करते रहे। इसमें कुंभ 2019 के लिए वीडियो स्टोरीज भी शामिल हैं। बाद में यहां पर पॉडकास्ट के दो शो किए। जिनमें से एक आईपीएल रिकॉर्ड बुक और दूसरा शहर का किस्सा रहा।
जून 2021 से लाइव हिन्दुस्तान में होम टीम का हिस्सा। इस दौरान तमाम चुनाव, राष्ट्रीय-अंतर्राष्ट्रीय घटनाक्रमों की खबरें की। साथ ही क्रिकेट टीम के साथ सहभागिता निभाते हुए आईपीएल और टी-20 विश्वकप, चैंपियंस ट्रॉफी के दौरान कवरेज में सक्रिय भूमिका निभाई। कुंभ 2025 के दौरान लाइव हिन्दुस्तान के लिए वीडियो स्टोरीज कीं।
अगर रुचि की बात करें तो फिल्में देखना, किताबें पढ़ना, कुछ नई स्किल्स सीखते रहना प्रमुख हैं। मिररलेस कैमरे के साथ वीडियो शूट करना और प्रीमियर प्रो पर एडिटिंग में दक्षता। प्रिय विषयों में सिनेमा और खेल दिल के बेहद करीब हैं।
आरएसएस विज्ञापन र॓टहमार॓ साथ कामकरेंहमारे बारे मेंसंपर्क करेंगोपनीयतासाइट जानकारी
Advertise with usAbout usCareers Privacy Contact usSitemapCode Of Ethics
Partner sites: Hindustan TimesMintHT TechShineHT TeluguHT BanglaHT TamilHT MarathiHT Auto HealthshotsHT SmartcastFAB Play