पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर (मुगलसराय) में शुक्रवार को राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम के तहत 100 दिवसीय टीबी मुक्त भारत अभियान-2 के अंतर्गत हैंड हेल्ड एक्स-रे मशीन का शुभारंभ किया गया। यह मशीन आयुष्मान आरोग्य शिविरों में उपयोग की जाएगी।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुगलसराय विधायक रमेश जायसवाल ने हरी झंडी दिखाकर किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं मशीन से अपना एक्स-रे कराकर लोगों को जागरूक किया और कहा कि यह मशीन पूरी तरह सुरक्षित है तथा किसी प्रकार का रेडिएशन खतरा नहीं है।
कार्यक्रम की 4 तस्वीरें…
‘टीबी को जड़ से खत्म करने’ का लक्ष्य
विधायक ने कहा कि सरकार का लक्ष्य गांव-गांव तक पहुंचकर टीबी मरीजों की पहचान करना और उन्हें समय पर उपचार से जोड़ना है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में चल रहे स्वास्थ्य अभियानों की सराहना की।
टीबी मुक्त बनाने की दिशा में अभियान तेज
उन्होंने बताया कि यह विशेष अभियान जून तक चलेगा, जिसका उद्देश्य चंदौली जनपद को टीबी मुक्त बनाना है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से अपील की कि टीबी के लक्षण दिखने पर तुरंत जांच कराएं और निःशुल्क उपचार का लाभ लें। कार्यक्रम में कई स्वास्थ्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.