बरेली के आंवला में क्रीड़ा भारती, ब्रज प्रांत, बरेली द्वारा रविवार को एक विशाल साइकिल जनजागरूकता रैली का आयोजन किया गया। यह रैली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आह्वान पर ‘स्वस्थ भारत, स्वच्छ भारत एवं पर्यावरण संरक्षण’ के उद्देश्य से आयोजित की गई थी।
रैली का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना, पेट्रोल-डीजल की बचत के लिए प्रेरित करना और पर्यावरण प्रदूषण को कम करने के लिए साइकिल के अधिक उपयोग का संदेश देना था। यह रैली नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरी, जहाँ प्रतिभागियों ने स्वच्छ पर्यावरण और स्वस्थ समाज के निर्माण का संदेश दिया।
इस अवसर पर नगर के गणमान्य नागरिकों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों और विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रमुख उपस्थित लोगों में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त पूर्व प्रधानाध्यापक जयगोविंद सिंह, प्रह्लाद कुमार अग्रवाल, बॉबी अग्रवाल (सभासद), विपिन कुमार, सत्यवीर सिंह, सुधांशु गुप्ता, डॉ. सुरेश कुमार, लाला राम, खमानी, सतीश कुमार, अरविंद शर्मा, दिनेश माहेश्वरी, आयुष अग्रवाल, विनोद ठाकुर, अवधेश गुप्ता, ऋषभ शर्मा, नगर प्रचार प्रमुख विक्की और क्रीड़ा भारती के जिला मंत्री योगेश माहेश्वरी शामिल थे।
रैली में नगर के विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। सभी प्रतिभागियों ने नागरिकों से अपील की कि वे छोटी दूरी के लिए साइकिल का उपयोग करें, जिससे ईंधन की बचत हो, प्रदूषण कम हो और लोगों का स्वास्थ्य बेहतर बने। कार्यक्रम का समापन शीतलपेय और जलपान के साथ आभार व्यक्त करते हुए किया गया।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.