भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर एक्शन, 82 करोड़ की जमीन पर प्रशासन का शिकंजा – AajTak

Feedback
भोपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 82 करोड़ रुपये मूल्य की जमीन पर विकसित की जा रही 6 अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चला दिया. कार्रवाई हुजूर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कोलूखेड़ी और जमोनिया छीर में की गई. इस दौरान अवैध कॉलोनियों के गेट, बाउंड्री वॉल और अन्य निर्माण ध्वस्त किए गए. कार्रवाई के दौरान भारी पुलिस बल भी तैनात रहा.
पूरी कार्रवाई एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में की गई. जैसे ही प्रशासन की टीम जेसीबी और पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची, अवैध कॉलोनी विकसित करने वाले बिल्डरों में हड़कंप मच गया. कई लोग इधर-उधर भागते नजर आए, जबकि प्रशासन ने बिना किसी बाधा के कार्रवाई जारी रखी.
यह भी पढ़ें: 90 डिग्री ब्रिज के बाद भोपाल का नया कारनामा! फुटपाथ तो बना दिया, लेकिन पहुंचने का रास्ता नहीं छोड़ा
प्रशासन के मुताबिक, बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनियों की प्लॉटिंग और विकास किया जा रहा था. इसी के चलते इन कॉलोनियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई. अधिकारियों का कहना है कि अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
कोलूखेड़ी और जमोनिया छीर की कॉलोनियां कार्रवाई के दायरे में
प्रशासन की कार्रवाई में ग्राम कोलूखेड़ी स्थित रिद्धि सिद्धि कॉलोनी, सपना कॉलोनी और हरदौल कोलिस्टा इकोसिटी कॉलोनी को शामिल किया गया. वहीं ग्राम जमोनिया छीर स्थित श्रद्धा कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया. इन सभी कॉलोनियों को बिना स्वीकृति विकसित किए जाने का आरोप है.
कार्रवाई के दौरान जेसीबी मशीनों ने कॉलोनियों के मुख्य गेट, बाउंड्री वॉल और अन्य अवैध निर्माणों को ध्वस्त कर दिया. अधिकारियों ने बताया कि इन कॉलोनियों में नियमों का उल्लंघन कर प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसके खिलाफ यह कार्रवाई की गई.
प्रशासन के अनुसार, कार्रवाई के दायरे में कुल 6.8792 हेक्टेयर यानी करीब 17 एकड़ भूमि आई. इस जमीन का अनुमानित बाजार मूल्य लगभग 82 करोड़ रुपये बताया गया है.
किन-किन कॉलोनियों पर हुई कार्रवाई
प्रशासन ने जिन कॉलोनियों पर कार्रवाई की, उनमें रिद्धि सिद्धि कॉलोनी 0.6000 हेक्टेयर, सपना कॉलोनी 1.1189 हेक्टेयर, हरदौल कोलिस्टा इकोसिटी 1.846 हेक्टेयर और श्रद्धा कॉलोनी 3.3143 हेक्टेयर क्षेत्र में फैली हुई है. इसके अलावा दो अन्य अवैध कॉलोनियों में भी जेसीबी का पंजा चला.
एसडीएम विनोद सोनकिया ने कहा कि अवैध कॉलोनियों और बिना अनुमति विकसित की जा रही प्लॉटिंग के खिलाफ प्रशासन का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. उन्होंने साफ कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वालों पर इसी तरह सख्त कार्रवाई की जाएगी.
प्रशासन ने लोगों से भी अपील की है कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने से पहले उसकी वैधानिक अनुमति और दस्तावेजों की जांच जरूर करें. अधिकारियों का कहना है कि अवैध कॉलोनियों के खिलाफ भविष्य में भी लगातार बुलडोजर कार्रवाई जारी रहेगी.
Copyright © 2026 Living Media India Limited. For reprint rights: Syndications Today
होम
वीडियो
लाइव टीवी
न्यूज़ रील
मेन्यू
मेन्यू

source.freeslots dinogame telegram营销

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Toofani-News