अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर भूटान की राजधानी थिम्फू में आयोजित भारत-भूटान शांति सम्मेलन में राजस्थान के सवाई माधोपुर जिले के बौली निवासी रामावतार मीना को ‘भारत-भूटान शांति रत्न अवार्ड’ से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान अंतर्राष्ट्रीय समरसता मंच द्वारा आयोजित समारोह में प्रदान किया गया। मंच के संरक्षक और भूटान सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री लोकनाथ शर्मा के सानिध्य में यह अवार्ड दिया गया। समारोह के मुख्य अतिथि भूटान के संसद सदस्य दासो ऋषिराज थे, और इस दौरान भूटान के तीन अन्य सांसद सदस्य भी मंच पर मौजूद रहे।
रामावतार मीना अरुणोदय जनकल्याण सेवा संस्थान के अध्यक्ष हैं। उन्हें ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’, ‘ग्लोबल विलेज’ और ‘सत्यम् शिवम् सुन्दरम्’ की अवधारणाओं को वैश्विक स्तर पर बढ़ावा देने और भारत-भूटान मैत्री संधि 1949 को मजबूत करने में उनके योगदान के लिए यह अवार्ड प्रदान किया गया।
समारोह की अध्यक्षता प्रसिद्ध विधिवेता डॉ. एच. सी. गणेशिया ने की। मंच के संयोजक एडवोकेट डॉ. कुलदीप प्रसाद शर्मा ने बताया कि सम्मेलन में आमंत्रित प्रतिभागियों ने भारत की शक्ति, प्रतिष्ठा और पंचशील सिद्धांतों पर अपने विचार व्यक्त किए।
इस अवार्ड के मिलने पर रामावतार मीना के गृह जिले सवाई माधोपुर में खुशी का माहौल है। उनके मित्रों, परिजनों और विभिन्न सामाजिक संस्थाओं ने उन्हें बधाई दी है। मंच के सांस्कृतिक सचिव विवेक स्वामी ने बताया कि मीना के सम्मान में थिम्फू में एक विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था।
Copyright © 2024-25 DB Corp ltd., All Rights Reserved
This website follows the DNPA Code of Ethics.