UP Latest Breaking News Today LIVE Updates: समाजवादी पार्टी (सपा) के सांसद जिया-उर-रहमान बर्क को कथित रूप से नगर पालिका से नक्शा मंजूर कराये बगैर एक घर का निर्माण कराने के मामले में सबूत पेश करने के लिए गुरुवार को 23 जनवरी तक का समय दिया गया। इस मामले में सांसद को नोटिस जारी करने वाली उप जिलाधिकारी (एसडीएम) वंदना मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि 16 जनवरी तक की मोहलत दी गयी थी, हालांकि, सांसद के वकील ने बृहस्पतिवार को एक आवेदन प्रस्तुत किया जिसमें कानूनी प्रतिनिधित्व में बदलाव के बारे में उप जिलाधिकारी न्यायालय को सूचित किया गया और सबूत पेश करने के लिए और समय मांगा गया।
विश्व के सबसे बड़े धार्मिक समागम में श्रद्धालुओं का आना और गंगा और त्रिवेणी में डुबकी लगाना जारी है। मेला प्रशासन के मुताबिक 11 जनवरी से 16 जनवरी तक इन छह दिनों में सात करोड़ लोगों ने गंगा और संगम में आस्था की डुबकी लगाई है। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई है। बयान के मुताबिक गुरुवार को ही 30 लाख से ज्यादा लोगों ने महाकुंभ में गंगा में स्नान किया। राज्य सरकार को महाकुंभ में 45 करोड़ लोगों से ज्यादा लोगों के आने का अनुमान है। प्रयागराज में कड़ाके की ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं और स्नान करने वालों के उत्साह में कोई कमी नहीं दिख रही है।